अपडेटेड 6 April 2025 at 12:32 IST
भगवामय सड़कें, चारों ओर जय श्री राम के नारों की गूंज... रामनवमी पर पूरे बंगाल में निकल रही शोभायात्रा, हाई अलर्ट पर पुलिस
शोभा यात्राओं में रामभक्तों का जनसैलाब उमड़ पड़ा है। चारों ओर भक्त राम की धुन में झूमते नजर आ रहे हैं।
- भारत
- 5 min read

West Bengal News: भगवान राम के जन्मोत्सव रामनवमी की धूम पूरे देश में देखने को मिल रही है। देशभर में जगह-जगहों पर शोभायात्रा और जुलूस निकाले जा रहे हैं। पश्चिम बंगाल में भी चारों ओर 'जय श्री राम' के नारों की गूंज सुनाई दे रही है। बंगाल में रामनवमी पर BJP अलग-अलग इलाकों में शोभायात्रा निकाल रही हैं। पुलिस ने संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा के खास तैयारी भी की है। वहीं, CM ममता ने शांतिपूर्ण तरीके से रामनवमी का त्योहार मनाने की अपील की है।
इस बार भी रामनवमी से पहले शोभा यात्रा को लेकर पश्चिम बंगाल में सियासी घमासान मचा था। हावड़ा में तय रूट पर जुलूस निकालने की पुलिस से इजाजत न मिलने पर हिंदू संगठनों ने हाई कोर्ट का रूख किया था। इसके बाद कोलकाता हाई कोर्ट ने सशर्त रामनवमी जुलूस निकालने की इजाजत दे दी। इसको लेकर बंगाल का सियासी पारा चढ़ गया था। BJP ने इसको लेकर ममता सरकार को घेरा।
BJP का मेगा प्लान
पश्चिम बंगाल में धूमधाम से रामनवमी का त्योहार मनाया जा रहा है। BJP ने पहले ही रामनवमी पर शोभा यात्रा के लिए कई दिनों से तैयारी कर रखी थी। पार्टी का प्लान प्रदेशभर में 20 हजार से ज्यादा शोभा यात्रा और जुलूस निकालने का है, जिसमें एक करोड़ से ज्यादा लोगों के शामिल होने की संभावना जताई गई।
रामभक्तों का जोश हाई
रामनवमी के दिन सुबह से ही पश्चिम बंगाल में रैलियां, शोभा यात्रा निकलना शुरू हो गईं। इस दौरान लोगों में गजब का जोश देखने को मिल रहा है। इन शोभा यात्राओं में रामभक्तों का जनसैलाब उमड़ पड़ा है। चारों ओर भक्त राम की धुन में झूमते नजर आ रहे हैं।
Advertisement
BJP नेताओं ने ममता सरकार को घेरा
वहीं, इसको लेकर पश्चिम बंगाल में सियासत भी चरम पर हैं। BJP के कई नेता शोभा यात्राओं में शामिल होते हुए ममता सरकार पर निशाना साधते नजर आ रहे हैं। नंदीग्राम में नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने शोभा यात्रा में हिस्सा लिया। इस मौके पर उन्होंने कहा, "पूरे पश्चिम बंगाल में हिंदू इस बार बटने वाले नहीं हैं। भगवा लहर है।"
BJP नेत्री लॉकेट चटर्जी रामनवमी के अवसर पर बाइक रैली में शामिल होतीं नजर आईं। उन्होंने कहा, "लोग जुलूस में हिस्सा लेने के लिए सड़कों पर हैं क्योंकि हम रामनवमी मना रहे हैं। राम पूरे देश और पश्चिम बंगाल में हैं। हमें किसी की अनुमति की आवश्यकता नहीं है? केवल पश्चिम बंगाल ही एक ऐसी जगह है जहां हमें अपने धार्मिक त्योहार मनाने के लिए इजाजत की जरूरत होती है। पुलिस अनुमति नहीं देती है। हमें हमेशा अदालत से इजाजत मिलती है। पुलिस यहां कैडर के रूप में काम कर रही है, पुलिस के रूप में नहीं।"
Advertisement
इसके अलावा BJP नेता अर्जुन सिंह भी रामनवमी जुलूस में शामिल हुए। उन्होंने ममता सरकार को घेरा और कहा, "पिछले 10 दिनों से ममता बनर्जी सनातनियों का अपमान कर रही हैं और कह रही हैं कि दंगे होंगे। अगर वह CM हैं और प्रशासन संभालने की जिम्मेदारी है तो वह ऐसा कैसे कह सकती हैं? लेकिन आप सनातनियों को दंगाई कह रहे हैं, जबकि आपने शुक्रवार को मुसलमानों को विरोध करने दिया और वह पुलिस के सामने बैरिकेड तोड़ रहे थे और पुलिस ने कुछ नहीं किया। उन्हें शर्म आनी चाहिए और पद से इस्तीफा दे देना चाहिए।"
केंद्रीय मंत्री और पश्चिम बंगाल BJP अध्यक्ष सुकांत मजूमदार ने भी ममता सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, "श्रीराम सबके हैं। CPM, TMC को भी रामनवमी जुलूस में भाग लेना चाहिए, उन्हें कौन रोक रहा है? भगवान श्री राम का चुनाव से कोई संबंध नहीं है। श्री राम भारत के दिल और आत्मा में बसते हैं।" BJP नेता दिलीप घोष ने कहा, “उत्सव के शांतिपूर्ण आयोजन को सुनिश्चित करना पुलिस का कर्तव्य है। हिंदू समुदाय अपनी परंपराओं के अनुसार त्योहार मनाता है, इसमें कोई समस्या नहीं होनी चाहिए।”
इस दौरान बंगाल पुलिस ने सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए हैं। सड़कों पर बड़ी संख्या में पुलिस तैनात हैं। चप्पे-चप्पे पर ड्रोन से भी निगरानी की जा रही है। हर जगह पुलिस का पहरा है।
Published By : Ruchi Mehra
पब्लिश्ड 6 April 2025 at 12:32 IST