अपडेटेड 11 August 2025 at 14:29 IST

Breaking: दिल्ली पुलिस की हिरासत में राहुल गांधी समेत कई विपक्षी नेता, INDI ब्लॉक के प्रोटेस्ट मार्च में बवाल

राजधानी दिल्ली में SIR के विरोध में INDI ब्लॉक के प्रोटेस्ट मार्च के दौरान भारी बवाल देखने को मिल रहा है। पुलिस ने राहुल गांधी, प्रियंका, संजय राउत और सागरिका घोष सहित INDI ब्लॉक के सांसदों को हिरासत में लिया है।

Follow : Google News Icon  
Rahul Gandhi in the custody of Delhi Police
दिल्ली पुलिस की हिरासत में राहुल गांधी | Image: ANI

बिहार में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) और 2024 के लोकसभा चुनावों के दौरान "मतदाता धोखाधड़ी" के आरोपों के विरोध में INDI ब्लॉक के नेता संसद से चुनाव आयोग कार्यालय तक मार्च कर रहे हैं।  नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी की अगुवाई में इंडिया ब्लॉक के सांसदों ने मार्च निकाला। दिल्ली पुलिस ने इन्हें रास्ते में रोकने की कोशिश की।


पुलिस ने राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, संजय राउत और सागरिका घोष सहित INDI ब्लॉक के सांसदों को हिरासत में लिया, जो SIR के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे और संसद से भारत के चुनाव आयोग तक मार्च निकाल रहे थे।

पुलिस हिरासत में लिए जाने पर भड़की प्रियंका गांधी

दिल्ली पुलिस द्वारा हिरासत में लिए जाने पर कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाद्रा ने कहा, "डरे हुए हैं, सरकार कायर है।" वहीं , कांग्रेस सांसद रेणुका चौधरी ने विपक्ष द्वारा चुनाव आयोग तक मार्च निकालने पर कहा, "हम केवल यह सवाल पूछ रहे हैं कि इतने कम समय में इतने सारे लोगों के नाम मतदाता सूची में कैसे जुड़ गए हैं। ये लोग इसका जवाब नहीं देते हैं... हमारे वोटों की चोरी हो रही है..."

यह संविधान को बचाने की लड़ाई है-राहुल

चुनाव आयोग पर सवाल उठाते हुए कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा, "वो बात नहीं कर सकते हैं, हकीकत यह है। सच्चाई देश के सामने है और यह लड़ाई राजनीतिक नहीं है, यह संविधान को बचाने की लड़ाई है, यह एक व्यक्ति, एक वोट की लड़ाई है। हमें एक साफ-सुथरी मतदाता सूची चाहिए।"

Advertisement

 सरकार को क्या डर है, हमें नहीं पता- खरगे

विपक्षी सांसदों को हिरासत में लिए जाने पर राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा, "अगर कोई सरकार चुनाव आयोग कार्यालय तक पहुंचने नहीं देती तो उस सरकार को क्या डर है, यह हमें नहीं पता...यह शांतिपूर्ण प्रदर्शन है..."। वहीं,  कांग्रेस सांसद के.सी. वेणुगोपाल ने कहा, "पुलिस और सरकार हमें 30 सेकंड भी मार्च नहीं करने दे रही है। वे हमें यहीं रोकना चाहते हैं। देश में यह कैसा लोकतंत्र है? सांसदों को चुनाव आयोग जाने की आज़ादी नहीं है। अब वे कह रहे हैं कि सिर्फ 30 लोग ही आ सकते हैं…"

दिल्ली DCP ने बताया सांसदों को क्यों हिरासत में लिया?

वहीं, राहुल, प्रियंका गांधी समेत कई विपक्षी सांसदों को हिरासत में लिए जाने पर नई दिल्ली DCP देवेश कुमार महला ने कहा, “चुनाव आयोग की ओर से लगभग 30 सांसदों की अनुमति थी लेकिन उनकी (विपक्षी नेताओं) तादाद काफी ज्यादा थी इसलिए उन्हें हिरासत में लिया गया है”।

Advertisement

बता दें कि बिहार में मतदाता सूची में कथित गड़बड़ियों और चुनावों में 'धांधली' के विरोध में लोकसभा और राज्यसभा के करीब 300 विपक्षी सांसद राहुल गांधी के नेतृत्व में संसद भवन से चुनाव आयोग के कार्यालय तक पैदल मार्च के लिए निकले थे। मगर दिल्ली पुलिस ने उन्हें बीच में ही रोक लिया। प्रोटेस्ट के दौरान राजधानी की सड़कों पर जमकर बवाल देखने को मिल रहा है। 

यह भी पढ़ें: मोदी और ट्रंप कभी एक-दूसरे को अच्छे दोस्त कहते थे, फिर कैसे लगा टैरिफ?

Published By : Rupam Kumari

पब्लिश्ड 11 August 2025 at 12:48 IST