'राहुल गांधी भारत में नेपाल, बांग्लादेश जैसे सत्ता...,' CM देवेंद्र फडणवीस का LoP पर तीखा प्रहार
Devendra Fadnavis: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि वे भारतीय संस्थाओं को बदलना चाहते हैं। वे एक बहुत ज़्यादा लेफ्ट-विंग सिस्टम लाना चाहते हैं, जैसा नेपाल और बांग्लादेश में हुआ था।
- भारत
- 3 min read

Devendra Fadnavis: महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने लोकसभा नेता प्रतिपक्ष (LoP) राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि गांधी के नेतृत्व में लोकतंत्र को निशाना बनाने, भारतीय संविधान को कमजोर करने और देश में एक 'सत्ता परिवर्तन' (Regime Change) की साजिश रचने की कोशिश की जा रही है, जिसका मकसद देश में अति-वामपंथी व्यवस्था स्थापित करना है।
सीएम फडणवीस ने राजनीतिक लड़ाई को सड़कों पर ले जाने संबंधी राहुल गांधी के बयान का कड़ा जवाब दिया। उन्होंने कहा कि जब तक डॉ. बी.आर. अंबेडकर द्वारा तैयार किया गया संविधान मौजूद है, तब तक यह लड़ाई संसद के भीतर ही लड़ी जाएगी।
लड़ाई संसद में ही लड़ी जाएगी, सड़कों पर नहीं
सीएम फडणवीस ने नेता प्रतिपक्ष पर हमला करते हुए कहा "हम राहुल गांधी और उनके साथियों के खिलाफ एकजुट हुए हैं, जो लोकतंत्र को निशाना बना रहे हैं और भारतीय संविधान को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं। राहुल गांधी, आपने कहा था कि अब यह लड़ाई संसद में नहीं, बल्कि सड़कों पर लड़ी जाएगी। लेकिन, जब तक बाबासाहेब अंबेडकर का संविधान कायम है, तब तक यह लड़ाई संसद में ही लड़ी जाएगी, सड़कों पर नहीं।"
आप 1,000 लोग लाएंगे, तो हम एक लाख लोग लाएंगे
सीएम फडणवीस ने आगे कहा कि "हम भी सड़कों पर उतरने के लिए तैयार हैं। अगर आप 100 लोग लाएंगे, तो हम 100 लोग लाएंगे। अगर आप 1,000 लोग लाएंगे, तो हम एक लाख लोग लाएंगे। अगर आप एक लाख लोग लाएंगे, तो हम एक करोड़ लोग लाएंगे। यह लड़ाई भाजपा के लिए नहीं है। यह लड़ाई देश के संविधान के लिए है।"
Advertisement
'राहुल गांधी भारत में नेपाल, बांग्लादेश जैसे सत्ता...
गांधी पर संवैधानिक संस्थाओं को खत्म करने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा "राहुल गांधी के नेतृत्व में, वे सत्ता परिवर्तन (रेजीम चेंज) की बात कर रहे हैं। यहाँ 'व्यवस्था' का मतलब भारतीय संविधान और उसके तहत स्थापित संस्थाओं से है। वे इन संस्थाओं को बदलना चाहते हैं।
वे एक चरम वामपंथी (एक्सट्रीम लेफ्ट-विंग) व्यवस्था लाना चाहते हैं, ठीक वैसी ही जैसी नेपाल और बांग्लादेश में देखने को मिली थी। राहुल गांधी के नेतृत्व में ऐसी वामपंथी व्यवस्था लाने की कोशिशें चल रही हैं। इसके पीछे मुख्य व्यक्ति राहुल गांधी ही हैं। राहुल गांधी, अगर आप संविधान को जलाने की कोशिश करेंगे, तो आपके अपने हाथ ही जल जाएंगे।"