पंजाब: शिवसेना नेता की गोली मारकर हत्या, गोली लगने से नाबालिग घायल

पंजाब के मोगा में बृहस्पतिवार देर रात शिवसेना के एक नेता की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जबकि हमले में एक नाबालिग भी घायल हो गया।

  • Facebook Share Icon
  • Twitter Share Icon
  • WhatsApp Share Icon
 
Follow : Google News Icon
Gun
पंजाब: शिवसेना नेता की गोली मारकर हत्या | Image: Shutterstock

पंजाब के मोगा में बृहस्पतिवार देर रात शिवसेना के एक नेता की गोली मारकर हत्या कर दी गई, जबकि हमले में एक नाबालिग भी घायल हो गया। पुलिस ने यह जानकारी दी।

पुलिस के एक अधिकारी ने कहा, ‘‘मंगत राय उर्फ ​​मंगा (मृतक) एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना की मोगा इकाई के जिलाध्यक्ष थे।’’

मंगा (52) बृहस्पतिवार रात को किराने का सामान खरीदने के लिए घर से निकले थे, तभी तीन अज्ञात लोगों ने हमला कर दिया। पुलिस ने बताया कि हमलावरों द्वारा चलाई गई गोली मंगा की जगह 12 वर्षीय एक लड़के को जा लगी। पुलिस ने बताया कि मंगा तुरंत ही दोपहिया वाहन पर सवार होकर वहां से भाग गये, लेकिन हमलावरों ने उनका पीछा किया।

पुलिस ने बताया कि पीछा करते समय हमलावरों ने मंगा पर दोबारा गोली चलाई और इस बार गोली मंगा को जा लगी, जिसके बाद हमलावर मौके से भाग गए।

Advertisement

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि मंगा को पुलिस अस्पताल ले गई, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उन्होंने बताया कि घायल किशोर को पहले मोगा के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया और बाद में दूसरे अस्पताल में रेफर कर दिया।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि उनकी पत्नी की शिकायत के आधार पर छह आरोपियों और कुछ अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और जांच जारी है। पुलिस ने बताया कि यह घटना रंजिश का नतीजा हो सकती है, मृतक के परिवार ने कहा कि उनकी किसी से दुश्मनी नहीं थी।

Advertisement

कुछ संगठनों और मृतक के परिवार के सदस्यों ने आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर यहां प्रताप चौक पर विरोध प्रदर्शन किया। पंजाब में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब होने का आरोप लगाते हुए लोगों ने आम आदमी पार्टी (आप) सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इससे पहले, मंगा की बेटी ने ‘पीटीआई वीडियो’ को बताया कि उनके पिता बृहस्पतिवार रात करीब आठ बजे दूध लेने के लिए घर से निकले थे।

उन्होंने कहा, ‘‘रात 11 बजे किसी ने हमें बताया कि मेरे पिता की गोली मारकर हत्या कर दी गई है। हम न्याय चाहते हैं और इसके लिए हमें जो भी करना पड़े करेंगे।’’

एक अन्य घटना में, मोटरसाइकिल सवार तीन लोग बृहस्पतिवार रात लगभग नौ बजे बगियाना बस्ती में एक सैलून में बाल कटवाने के लिए घुसे और मालिक देवेंद्र कुमार पर दो गोलियां चला दीं।

पुलिस ने बताया कि एक गोली कुमार के पैर में जा लगी और उसे इलाज के लिए मोगा के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां से बाद में उसे दूसरे अस्पताल में रेफर कर दिया। पुलिस ने बताया कि घटना की जांच जारी है। पुलिस उपाधीक्षक (सिटी) रविंदर सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार रात दो जगहों पर गोलीबारी हुई।

उन्होंने ‘पीटीआई-वीडियो’ से कहा, ‘‘बगियाना बस्ती में एक सैलून मालिक घायल हो गया। दूसरी घटना में स्टेडियम रोड पर मंगत राय उर्फ मंगा की गोली मारकर हत्या कर दी गई और बदमाशों की गोलीबारी में एक नाबालिग घायल हो गया। मंगा के शव को सरकारी अस्पताल के शवगृह में रखा गया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।’’

इसे भी पढ़ेंChandra Grahan 2025: होली पर चंद्र ग्रहण का साया! जानिए समय

Published By:
 Deepak Gupta
पब्लिश्ड