Amritsar Encounter: पंजाब पुलिस ने कर दिया एनकाउंटर, अमृतसर के ठाकुरद्वारा मंदिर में ग्रेनेड हमले का संदिग्ध ढेर
Amritsar: 14 मार्च की रात को अमृतसर के खंडवाला में ठाकुरद्वारा मंदिर में ग्रेनेड फेंके जाने के बाद फोरेंसिक टीम ने जांच की और मौके से सबूत जुटाए थे।
- भारत
- 2 min read

Punjab Encounter: पंजाब के अमृतसर में मंदिर पर ग्रेनेड हमले के संदिग्ध को एनकाउटंर में मार दिया गया है। पंजाब पुलिस ने सोमवार की सुबह आरोपी का एनकाउंटर किया। सोमवार को पुलिस अधिकारियों ने बताया कि एक अहम घटनाक्रम में अमृतसर के ठाकुरद्वारा मंदिर में ग्रेनेड हमले के आरोपी को मुठभेड़ में मार गिराया गया है। मृतक की पहचान अमृतसर के बाल गांव निवासी जगजीत सिंह के बेटे गुरसिदक के रूप में हुई है, जबकि दूसरा आरोपी विशाल फरार हो गया है।
जानकारी के मुताबिक, सोमवार की सुबह पंजाब पुलिस को अमृतसर में ग्रेनेड हमले के दो आरोपियों के जिले के राजासांसी इलाके में घूमने की जानकारी मिली। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम आरोपियों को पकड़ने गई। जब छेहरटा के एसएचओ ने बाइक सवार आरोपियों को रोकने की कोशिश की तो उन्होंने कथित रूप से पुलिस पर गोलियां चला दीं।
एनकाउंटर में एक पुलिसकर्मी घायल
मुठभेड़ के दौरान हेड कांस्टेबल गुरप्रीत सिंह घायल हो गए, जबकि एक अन्य गोली इंस्पेक्टर अमोलक सिंह की पगड़ी में लगी। जवाबी कार्रवाई में इंस्पेक्टर विनोद कुमार ने फायरिंग की और मुख्य आरोपी को घायल कर दिया। एनकाउंटर के समय घायल पुलिसकर्मियों और आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, जहां गुरसिदक ने दम तोड़ दिया।
14 मार्च की रात को हुआ अमृतसर के मंदिर पर हमला
14 मार्च की रात को अमृतसर के खंडवाला में ठाकुरद्वारा मंदिर में ग्रेनेड फेंके जाने के बाद फोरेंसिक टीम ने जांच की और मौके से सबूत जुटाए थे। चश्मदीदों के मुताबिक, दोनों लोगों को मंदिर की ओर एक संदिग्ध वस्तु फेंकते हुए देखा गया। किसी के घायल होने की सूचना नहीं है और पुलिसकर्मी घटनास्थल पर पहुंचे और घटना की जांच शुरू की। सीसीटीवी में बाइक सवार दो नकाबपोश लोगों को आधी रात के बाद मंदिर में एक वस्तु फेंकते हुए देखा गया, जिसके विस्फोटक होने का संदेह है। इस घटना को लेकर बीजेपी ने राज्य की आम आदमी पार्टी सरकार पर सवाल उठाए थे।