Punjab Flood: PM मोदी के दौरे से पहले CM मान का बड़ा ऐलान, 20000 रु प्रति एकड़ और मृतकों के परिवारों को मिलेगा 4-4 लाख का मुआवजा
Punjab Flood: दिल्ली के पूर्व सीएम और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पंजाब पर कुदरत की बहुत बड़ी मार पड़ी है। ऐसे समय में पंजाबियों ने हौसले, हिम्मत, भाईचारे और निस्वार्थ सेवा की मिसाल दी है। आम आदमी पार्टी के सभी नेता और कार्यकर्ता भी लोगों के बीच कई दिनों से रात दिन सेवा कर रहे हैं।
- भारत
- 4 min read

Punjab Flood, CM Bhagwant Mann Cabinet meeting: पंजाब में बाढ़ ने कई सालों का अपना रिकॉर्ड तोड़ दिया है। प्रदेश के सभी 23 जिले बाढ़ और भारी बारिश से प्रभावित हैं। पंजाब सरकार के द्वारा बीते दिनों जारी एक और दो सितंबर की एक रिपोर्ट के अनुसार, पंजाब में भारी बारिश और बाढ़ से 30 लोगों की मरने की खबर है। वहीं, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 9 सितंबर को पंजाब में बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का दौरा करेंगे।
इस बीच पीएम के दौरे से पहले आज पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अस्पताल से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए कैबिनेट की बैठक की है। बता दें कि बीते दिनों तबीयत खराब होने के कारण सीएम मान को मोहाली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनकी स्थिति में धीरे-धीरे सुधार की खबर है। वहीं, कैबिनेट बैठक में प्रदेश में बाढ़ पीड़ितों के लिए सीएम मान ने कई बड़े ऐलान किए हैं। आइए इन फैसलों के बारे में जानते हैं…
20000 रु प्रति एकड़ और मृतकों के परिवारों को मिलेगा 4-4 लाख का मुआवजा
आज पंजाब की आम आदमी पार्टी की सरकार के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कैबिनेट की बैठक की। इस दौरान उन्होंने कई बड़े फैसले लिए हैं। सीएम मान ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर जानकारी शेयर करते हुए कहा, “बाढ़ के कारण बर्बाद हुई फसलों को लेकर एक अहम फैसला लिया गया है। पंजाब सरकार की ओर से किसानों को ₹20,000 प्रति एकड़ के हिसाब से मुआवजा दिया जाएगा। इसके अलावा, बाढ़ में जान गंवाने वालों के परिवारों को 4-4 लाख रुपये का मुआवजा दिया जाएगा।”
पंजाब कैबिनेट की बैठक में कई अहम फैसले
- बाढ़ के कारण किसानों के खेतों में जमा रेत बेचने का अधिकार देने के लिए 'जिसका खेत, उसकी रेत' योजना को मंजूरी।
- बाढ़ के कारण नष्ट हुई फसलों के लिए 20,000 रुपये प्रति एकड़ का दिया जाएगा मुआवजा।
- बाढ़ के दौरान जान गंवाने वालों के परिजनों को 4 लाख रुपये की आर्थिक सहायता।
- पंजाब पुलिस में 1600 नए एन.जी.ओ पदों के सृजन को मंजूरी।
पंजाब का खजाना बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए खोल दिया गया है। - अरविंद केजरीवाल
दिल्ली के पूर्व सीएम और आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि पंजाब पर कुदरत की बहुत बड़ी मार पड़ी है। ऐसे समय में पंजाबियों ने हौसले, हिम्मत, भाईचारे और निस्वार्थ सेवा की मिसाल दी है। आम आदमी पार्टी के सभी नेता और कार्यकर्ता भी लोगों के बीच कई दिनों से रात दिन सेवा कर रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा, "आज पंजाब के CM मान साहब ने लोगों को बाढ़ से राहत दिलाने के लिए कई बड़े ऐलान किए हैं। ये ऐलान ऐतिहासिक हैं। आज तक देश की किसी भी सरकार ने अपने लोगों के लिए इतने बड़े ऐलान नहीं किए। पंजाब का खजाना बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए खोल दिया गया है। मान साहब ने हर पक्ष और हर जरूरत का ख्याल रखा है। अस्पताल में बीमार हालत में भी वे पंजाबियों की तकलीफ को कैसे कम करें, यही सोच रहे थे।"