राष्ट्रपति मुर्मू और PM मोदी छतरपुर स्थित बागेश्वर धाम का करेंगे अलग-अलग दौरा
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू क्रमशः 23 और 26 फरवरी को मध्य प्रदेश के छतरपुर में बागेश्वर धाम का दौरा कर सकते हैं।
- भारत
- 2 min read

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू क्रमशः 23 और 26 फरवरी को मध्य प्रदेश के छतरपुर में बागेश्वर धाम का दौरा कर सकते हैं। जिले के एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। छतरपुर के जिलाधिकारी पार्थ जायसवाल ने संवाददाताओं से कहा कि प्रशासन गणमान्य व्यक्तियों के निर्धारित दौरे के मद्देनजर व्यवस्था कर रहा है।
उन्होंने कहा…
उन्होंने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति मुर्मू क्रमशः 23 और 26 फरवरी को बागेश्वर धाम का दौरा करने वाले हैं। उनके दौरे के मद्देनजर सुरक्षा कड़ी की जा रही है और वहां 1,500 से 2,000 जवान तैनात किए जाएंगे।’’ उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में शामिल होने वाले श्रद्धालुओं के लिए पानी और शौचालय जैसी अन्य व्यवस्थाएं की जाएंगी। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम स्थल को 30 से 35 सेक्टरों में विभाजित किया गया है और 25 से 30 बड़ी टीवी स्क्रीन लगाई जाएंगी ताकि लोग कार्यक्रम देख सकें।
उन्होंने कहा कि सुरक्षा व्यवस्था के तहत 100 से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाए जा रहे हैं। जायसवाल ने बताया कि कार्यक्रम स्थल पर एक अस्थायी अस्पताल भी बनाया जा रहा है और जाम से बचने के लिए उचित यातायात योजना बनाई जा रही है। जायसवाल ने बताया कि कार्यक्रम स्थल पर 50,000 से 80,000 लोगों के ठहरने की व्यवस्था की जा रही है। उन्होंने बताया कि पांच हेलीपैड बनाए गए हैं। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने सोमवार शाम को बागेश्वर धाम का दौरा किया और गणमान्य व्यक्तियों के आगमन के मद्देनजर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
बागेश्वर धाम के प्रमुख धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने सोमवार को बताया कि प्रधानमंत्री मोदी 23 फरवरी को मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद कैंसर अस्पताल की आधारशिला रखेंगे। उन्होंने बताया कि 26 फरवरी को सामूहिक विवाह का आयोजन किया जाएगा, जिसमें 251 निर्धन लड़कियां विवाह सूत्र में बंधेंगी। इस कार्यक्रम में राष्ट्रपति मुर्मू भी शामिल होंगी।
Advertisement
Advertisement
(Note: इस भाषा कॉपी में हेडलाइन के अलावा कोई बदलाव नहीं किया गया है)