दुबई में भारत-पाकिस्तान मैच से पहले क्यों भड़के कांग्रेस नेता राशिद अल्वी? बोले- क्या ये सही हो रहा है

कांग्रेस नेता राशिद अल्वी इस बात का विरोध कर रहे हैं कि पाकिस्तान आतंकवाद फैला रहा है और सरकार उसके साथ मैच करा रही है।

Follow : Google News Icon  
Congress Leader Rashid Alvi
कांग्रेस नेता राशिद अल्वी | Image: ANI

IND vs PAK: आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी के लिए भारत और पाकिस्तान के बीच महा-मुकाबला होने जा रहा है। हालांकि भारत-पाकिस्तान के बीच होने वाले क्रिकेट मैच से पहले कांग्रेस नेता राशिद अल्वी भड़के हुए हैं। उन्होंने पाकिस्तान के साथ क्रिकेट खेलने को लेकर निंदा की है और जानना चाहा कि सरकार ने 'हमारे दुश्मन' के साथ मैच खेलने की अनुमति क्यों दी।

कांग्रेस नेता राशिद अल्वी इस बात का विरोध कर रहे हैं कि पाकिस्तान आतंकवाद फैला रहा है और सरकार उसके साथ मैच करा रही है। राशिद अल्वी कहते हैं- 'भारत सरकार ने मैच की अनुमति क्यों दी? आप आतंकवाद फैलाने वालों के साथ खेल रहे हैं,क्या यह सही है?' अल्वी ने सरकार की नीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि एक तरफ सरकार ने आतंकवाद के मुद्दे पर पाकिस्तान से बात करने से इनकार कर दिया है और दूसरी तरफ वे दोनों देशों के बीच क्रिकेट मैच आयोजित करने की अनुमति देते हैं।

अगर पाकिस्तान दुश्मन तो साथ खेलने का क्या मतलब- अल्वी

राशिद अल्वी ने एएनआई से बात करते हुए कहा, 'हर बीजेपी नेता पाकिस्तान के खिलाफ बहुत सारे बयान देता है। वो कहते हैं कि अगर कांग्रेस जीतती है, तो वहां (पाकिस्तान) जश्न मनाया जाएगा। अब भारतीय टीम पाकिस्तान की टीम के साथ क्रिकेट खेल रही है, ये किस तरह की नीति है? अगर पाकिस्तान हमारा दुश्मन है तो उसके साथ खेलने का क्या मतलब है।' अल्वी ने कहा, 'भारत सरकार ने बार-बार कहा है कि जब तक आतंकवाद खत्म नहीं हो जाता, हम बातचीत नहीं करेंगे। क्या ये खत्म हो गया है? क्या कश्मीर में हमारे सैनिक नहीं मारे जा रहे हैं? उस शहीद सैनिक की मां और बहनें क्या सोचेंगी?'

भारत-पाकिस्तान मैच पर राशिद अल्वी ने कहा- 'मैं इसकी निंदा करता हूं और सरकार की ये नीति समझ से परे है।' इसके अलावा कांग्रेस नेता ने कहा कि सरकार क्रिकेट मैच की अनुमति देकर आतंकवाद से लड़ते हुए अपनी जान गंवाने वाले सैनिकों के परिवारों का अपमान कर रही है। अल्वी ने कहा, 'सवाल यह है कि हमारी सरकार ने इस मैच की अनुमति क्यों दी है। आप उन लोगों के साथ खेल रहे हैं जो आतंकवाद फैलाते हैं। क्या हमारे शहीद सैनिक के परिवार के सदस्य इसे बर्दाश्त करेंगे? वे उनका अपमान कर रहे हैं।'

Advertisement

आज दुबई में होगा भारत-पाकिस्तान मुकाबला

भारत आज दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में चल रही आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी में पाकिस्तान को चुनौती देने के लिए तैयार है। इस मुकाबले में पाकिस्तान के सामने 'करो या मरो' वाली स्थिति है, क्योंकि वो आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी का पहला मुकाबला हार चुका है। भारत इस मैच को जीतता है तो सेमीफाइनल में पहुंचने की राह आसानी हो जाएगी। इस खेल को भारत के लिए 2017 चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल में हार का बदला लेने के अवसर के रूप में भी देखा जा रहा है, जब विराट कोहली की टीम आईसीसी ट्रॉफी जीतने से वंचित रह गई थी।

यह भी पढे़ं: भारत-पाक मैच में पाकिस्तानी खिलाड़ी का बड़बोलापन पड़ सकता है भारी!

Advertisement
Published By :
Dalchand Kumar
पब्लिश्ड