अमेरिकी डिपोर्टेशन फ्लाइट्स की अमृतसर में लैंडिंग पर छिड़ा संग्राम, CM भगवंत मान भड़के- जानबूझकर पंजाब को बदनाम करने...
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अमृतसर हवाई अड्डे पर अवैध भारतीय प्रवासियों को लेकर एक और विमान के आने की संभावना पर शुक्रवार को सवाल उठाया।
- भारत
- 2 min read
अमेरिका से भेजे गए निर्वासितों का पहला जत्था कुछ दिनों पहले ही भारत पहुंचा। इस बीच पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने अमृतसर हवाई अड्डे पर अवैध भारतीय प्रवासियों को लेकर एक और विमान के आने की संभावना पर शुक्रवार को सवाल उठाया। इसके साथ ही सीएम मान ने केंद्र सरकार पर पंजाब को बदनाम करने का आरोप लगाया।
आधिकारिक सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि अमेरिका से 119 अवैध भारतीय प्रवासियों को लेकर एक विमान 15 फरवरी को रात करीब 10 बजे अमृतसर हवाई अड्डे पर पहुंच सकता है। उन्होंने ये भी बताया कि 119 अवैध भारतीय प्रवासियों में से 67 पंजाब, 33 हरियाणा, आठ गुजरात, तीन उत्तर प्रदेश, दो-दो गोवा, महाराष्ट्र और राजस्थान तथा एक-एक हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर से हैं।
पंजाब को बदनाम करने का मौका नहीं छोड़ती केंद्र: सीएम मान
अमृतसर में मीडिया को संबोधित करते हुए मान ने आरोप लगाया, "भाजपा नीत केंद्र सरकार हमेशा पंजाब के साथ भेदभाव करती है। वह पंजाब को बदनाम करने का कोई मौका नहीं छोड़ती।"
विमान उतारने के लिए अमृतसर क्यों चुना :CM मान
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने आगे कहा, "(कथित तौर पर अवैध रूप से अमेरिका में प्रवास करने वाले भारतीय नागरिकों) को लेकर एक दूसरा विमान कल अमृतसर में उतरेगा। विदेश मंत्रालय को बताना चाहिए कि विमान उतारने के लिए अमृतसर को किस मानदंड के आधार पर चुना गया। आप पंजाब को बदनाम करने के लिए अमृतसर का चयन करते हैं तो, जिस समय पीएम मोदी और (अमेरिकी राष्ट्रपति) ट्रंप मिल रहे थे, वे (अमेरिकी अधिकारी) हमारे लोगों पर बेड़ियां डाल रहे होंगे। क्या ट्रंप ने यही तोहफा दिया है?"
Advertisement
104 अप्रवासियों का जत्था आया था भारत
बता दें, सीएम मान ने इससे पहले कहा था कि अवैध भारतीय अप्रवासियों को लेकर अमेरिका से आए पहले विमान में हरियाणा और गुजरात से 33-33 लोग और पंजाब से 30 लोग थे। कुछ दिन पहले एक अमेरिकी सैन्य विमान 104 अवैध भारतीय प्रवासियों को लेकर अमृतसर हवाई अड्डे पर पहुंचा था, जिनमें से 33-33 हरियाणा और गुजरात से तथा 30 पंजाब से थे।
इसे भी पढ़ें: Mahakumbh: प्रयागराज महाकुंभ ने तोड़े सभी रिकॉर्ड, 12 दिन पहले ही 50 करोड़ का आंकड़ा पार; कब-कब कितने लोगों ने लगाई डुबकी?