Tamilnadu Election 2026: इन महिलाओं को मिलेगा राशन के साथ फ्रिज, हर परिवार को देंगे 10 हजार रुपये, AIADMK के मेनिफेस्टो में बंपर ऐलान
Tamilnadu Election 2026: तमिलनाडु चुनाव से पहले AIADMK ने 297 वादों वाला घोषणा पत्र जारी किया है। इसमें महिलाओं को मुफ्त फ्रिज, हर परिवार को 10 हजार रुपये देने जैसे कई बड़े वादे शामिल हैं।
- भारत
- 3 min read

Tamilnadu Election 2026 AIADMK Manifesto: तमिलनाडु विधानसभा चुनाव से पहले AIADMK ने अपना घोषणा पत्र जारी कर दिया है। मेनिफेस्टो में पार्टी ने आम जनता, खासकर महिलाओं और मध्यम वर्ग को ध्यान में रखते हुए बड़ा वादे किए हैं। AIADMK के महासचिव एडप्पडी पलानीस्वामी ने घोषणा पत्र जारी करते हुए बताया कि इसमें कुल 297 वादे शामिल हैं, जो समाज के हर वर्ग से सुझाव लेकर तैयार किया गया है।
इन महिलाओं को मुफ्त में मिलेगा रेफ्रिजरेटर
एडप्पडी पलानीस्वामी ने कहा है कि घोषणा पत्र में महंगाई और बेरोजगारी जैसे मुद्दों को ध्यान में रखते हुए राहत देने पर जोर दिया गया है। मेनिफेस्टो में सबसे अहम है कि चावल राशन कार्ड रखने वाली परिवार की महिला मुखिया को मुफ्त रेफ्रिजरेटर देने की बात पार्टी ने कही है।
इसके अलावा महिलाओं को हर महीने 2 हजार रुपये की सहायता देने का भी वादा किया गया है। साथ ही कामकाजी महिलाओं को ‘अम्मा स्कीम’ के तहत सब्सिडी पर दोपहिया वाहन देने की योजना भी शामिल है।
हर साल मिलेगा 3 फ्री गैस सिलेंडर
पार्टी ने राशन कार्ड धारकों को राहत देने के लिए चावल के साथ हर महीने 1 किलो दाल और एक लीटर कुकिंग ऑयल मुफ्त देने का ऐलान किया है। साथ ही घोषणापत्र में कहा गया है कि हर राशन कार्ड धारक को साल में तीन मुफ्त कुकिंग गैस सिलेंडर दिए जाएंगे। इसके अलावा पार्टी ने महिलाओं के अलावा पुरुषों के लिए भी मुफ्त बस यात्रा योजना का विस्तार करने का वादा किया है।
Advertisement
मेनिफेस्टो में बुजुर्गों की पेंशन बढ़ाकर 2000 रुपये करने और बेघर लोगों के लिए मुफ्त पक्के घर बनाने का वादा किया गया है। यह कदम सीधे गरीब और जरूरतमंद वर्ग को ध्यान में रखकर उठाया गया है।
युवाओं और रोजगार पर भी दिया गया ध्यान
घोषणा पत्र में युवाओं के लिए भी कई योजनाएं शामिल हैं। इसके मुताबिक, नए कारोबार शुरू करने के लिए युवाओं को 25 लाख रुपये तक का लोन दी जाएगी। वहीं, बेरोजगार ग्रेजुएट्स को हर महीने 2000 रुपये भत्ता देने का वादा किया गया है। साथ ही रोजगार में तमिलों को प्राथमिकता देने के लिए कानून लाने की बात भी कही गई है।
Advertisement
इसके अलावा AIADMK ने कई अन्य बड़ी घोषणाएं भी की हैं, जिसमें ग्रामीण रोजगार योजना को 150 दिन तक बढ़ाने और शराब की दुकानों को धीरे-धीरे बंद करने का वादा शामिल है। साथ ही लंबे समय से काम कर रही नर्सों को स्थायी करने की भी घोषणा की गई है।
डीएमके सरकार पर लगाए गंभीर आरोप
घोषणा पत्र जारी करते हुए AIADMK प्रमुख पलानीस्वामी ने सत्तारूढ़ डीएमके सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि स्टालिन सरकार के कार्यकाल में 'कमीशन और कलेक्शन' की संस्कृति बढ़ी है और भ्रष्टाचार व्यवस्था का हिस्सा बन गया है।
(Note: यह एक ब्रेकिंग स्टोरी है। अधिक जानकारी के साथ अपडेट हो रही है)