अपडेटेड 31 January 2025 at 16:43 IST

सोनिया गांधी के 'बेचारी महिला' वाले बयान पर राष्ट्रपति भवन की प्रतिक्रिया, कहा- शीर्ष पद की गरिमा को ठेस पहुंची

राष्ट्रपति के अभिभाषण पर सोनिया और राहुल गांधी के बयान ने विवाद खड़ा दिया कर दिया है। कांग्रेस नेताओं की टिप्पणियों पर राष्ट्रपति भवन ने बयान जारी किया है।

Follow : Google News Icon  
Rashtrapati Bhavan statement on Sonia gandhi Poor Lady statement
सोनिया गांधी के बयान पर राष्ट्रपति भवन की प्रतिक्रिया | Image: ANI

Sonia Gandhi Remark On President: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने शुक्रवार को संसद के दोनों सदनों को संबोधित किया, जिसके साथ ही बजट सत्र की शुरुआत हो गई है। राष्ट्रपति ने अपने अभिभाषण में सरकार की उपलब्धियों का उल्लेख किया और कहा कि ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ और वक्फ (संशोधन) विधेयक जैसे कानूनों पर तेज गति से कदम आगे बढ़ाया है। उन्होंने संयुक्त बैठक को संबोधित करते हुए यह भी कहा कि सरकार महिलाओं के साथ युवाओं पर विशेष ध्यान केंद्रित कर रही है।

राष्ट्रपति के अभिभाषण पर सोनिया गांधी समेत कांग्रेस पार्टी के कुछ नेताओं के बयान ने विवाद खड़ा दिया कर दिया है। कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण के बाद शुक्रवार को कहा कि वह अपने संबोधन के आखिर तक थक गई थीं और बहुत मुश्किल से बोल पा रही थीं। उन्होंने कहा -

‘‘अंत तक राष्ट्रपति बहुत थक गई थीं...वह मुश्किल से बोल पा रही थीं, बेचारी।’’

राष्ट्रपति भवन की आई प्रतिक्रिया 

राहुल गांधी ने भी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अभिभाषण पर अमर्यादित टिप्पणी की है। कांग्रेस सांसद ने राष्ट्रपति के अभिभाषण को “बोरिंग” बताया है। कांग्रेस पार्टी के नेताओं की टिप्पणियों पर अब राष्ट्रपति भवन ने बयान जारी किया है। राष्ट्रपति भवन ने कहा- “राष्ट्रपति के अभिभाषण पर कांग्रेस पार्टी के कुछ नेताओं की टिप्पणियों से पद की गरिमा को ठेस पहुंची है।”

राष्ट्रपति कार्यालय ने अपने बयान कहा- ‘‘राष्ट्रपति भवन यह स्पष्ट करना चाहता है कि यह धारणा पूरी तरह गलत है। राष्ट्रपति किसी भी समय थकी नहीं थीं। वास्तव में, उनका मानना ​​है कि हाशिए पर पड़े समुदायों, महिलाओं और किसानों के लिए बोलना, जैसा कि वह अपने संबोधन के दौरान कर रही थीं, कभी भी थकाऊ नहीं हो सकता है।’’

Advertisement

'हो सकता है हिंदी मुहावरे नहीं आते'

राष्ट्रपति भवन ने कांग्रेस नेताओं की टिप्पणियों को अस्वीकार्य बताते हुए कहा कि ऐसा हो सकता है कि ये नेता ‘‘हिंदी जैसी भारतीय भाषाओं के मुहावरे और विमर्श’’ से वाकिफ नहीं हों, इसलिए इस तरह की गलत धारणा बना ली। राष्ट्रपति कार्यालय ने एक बयान में कहा, ‘‘किसी भी मामले में, ऐसी टिप्पणियां गलत, दुर्भाग्यपूर्ण और पूरी तरह से टालने योग्य हैं।’’

सोनिया गांधी ने क्या कहा था?

दरअसल, शुक्रवार को राष्ट्रपति द्वारा संसद की संयुक्त बैठक में अपना अभिभाषण खत्म करने के तुरंत बाद, कांग्रेस नेता सोनिया गांधी, राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाद्रा को अभिभाषण पर चर्चा करते देखा गया। एक वीडियो में सोनिया गांधी को कथित तौर पर यह कहते हुए सुना गया, ‘‘राष्ट्रपति, अंत तक बहुत थक गई थीं...बेचारी, वह मुश्किल से बोल पा रही थीं।’’

Advertisement

कांग्रेस नेतृत्व अहंकारी- BJP

वहीं, BJP नेताओं ने भी कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा है। BJP नेता सोनिया गांधी और राहुल गांधी से राष्ट्रपति का अपमान करने और बयान के लिए माफी मांगने की मांग कर रहे हैं। केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने सोनिया गांधी के बयान पर हमला बोलते हुए इसे दुखद बताया। उन्होंने कहा- “एक राजनीतिक दल के नेता राष्ट्रपति के बारे में ऐसी बातें कैसे कह सकते हैं। वह पहली आदिवासी राष्ट्रपति हैं। उनके बेटे राहुल गांधी ने कहा कि भाषण उबाऊ था। ये किस तरह के शब्द हैं। मुझे लगता है कि कांग्रेस पार्टी का वर्तमान नेतृत्व अहंकारी है।”

ये भी पढ़ें: 'कांग्रेस पार्टी का नेतृत्व अहंकारी है', सोनिया गांधी के बयान पर बिफरे BJP नेता, बोले- राष्ट्रपति न तो थकी हैं, न झुकी हैं

Published By : Sagar Singh

पब्लिश्ड 31 January 2025 at 16:07 IST