पंजाब में AAP को बड़ा झटका, CM भगवंत मान के भाई ज्ञान सिंह BJP में शामिल; चुनाव से पहले हो गया बड़ा 'खेला'
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान के भाई ज्ञान सिंह ने बीजेपी जॉइन कर ली है। पंजाब बीजेपी अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने उन्हें पार्टी में शामिल करवाया। इस मौके पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी भी मौजूद रहे। यह घटना 2027 के पंजाब विधानसभा चुनाव से पहले सियासी हलकों में चर्चा का विषय बन गई है।
- भारत
- 2 min read

5 राज्यों में विधानसभा चुनाव के बाद अब भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने अपना मिशन पंजाब शुरू कर दिया है। पंजाब की राजनीति में एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान के भाई ज्ञान सिंह ने भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया है।
ज्ञान सिंह का BJP में शामिल होना, AAP और भगवंत मान के लिए 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले बड़ा झटका माना जा रहा है। पंजाब बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने ज्ञान सिंह को पार्टी में शामिल करवाया। इस मौके पर हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी भी मौजूद रहे, जिन्होंने नए सदस्य का स्वागत किया। ज्ञान सिंह सीएम भगवंत सिंह मान के चचेरे भाई हैं।
यह घटना पंजाब में आगामी राजनीतिक गतिविधियों के बीच महत्वपूर्ण मानी जा रही है। भगवंत मान के परिवार से जुड़े एक सदस्य के बीजेपी में शामिल होने से सियासी हलकों में चर्चा तेज हो गई है। सुनील जाखड़ ने इस मौके पर कहा कि बीजेपी पंजाब में अपनी जड़ें मजबूत कर रही है और ऐसे नए साथी पार्टी को और मजबूती प्रदान करेंगे।
2027 में हैं विधानसभा चुनाव
भगवंत मान आम आदमी पार्टी के प्रमुख चेहरे हैं और वर्तमान में पंजाब की सत्ता संभाल रहे हैं। उनके भाई के बीजेपी में जाने से विपक्षी दलों के बीच नई बहस छिड़ने की संभावना है। यह कदम 2027 के पंजाब विधानसभा चुनावों से पहले बीजेपी की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। बीजेपी नेतृत्व का कहना है कि पंजाब की जनता विकास और अच्छे शासन की तलाश में है और पार्टी उसी दिशा में काम कर रही है। ज्ञान सिंह के साथ इस मौके पर बलजिंदर सिंह वड़िंग भी BJP में शामिल हो गए। इसके अलावा AAP नेता मनजिंदर सिंह ने भी BJP में अपना भरोसा जताया है।