प्रमोद सावंत ने गोवा के मुख्यमंत्री के रूप में लगातार छह साल पूरे कर इतिहास रचा

प्रमोद सावंत ने गोवा के मुख्यमंत्री के रूप में लगातार छह साल पूरा कर इतिहास रच दिया है। सावंत ने बुधवार को अपने कार्यकाल के लगातार छह साल पूरे कर लिये।

  • Facebook Share Icon
  • Twitter Share Icon
  • WhatsApp Share Icon
 
Follow : Google News Icon
Goa CM Pramod Sawant
गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत | Image: Facebook

Goa CM Pramod Sawant: भारतीय जनता पार्टी के नेता प्रमोद सावंत ने गोवा के मुख्यमंत्री के रूप में लगातार छह साल पूरा कर इतिहास रच दिया है। सावंत ने बुधवार को अपने कार्यकाल के लगातार छह साल पूरे कर लिये। वह राज्य में छह साल की निर्बाध अवधि तक मुख्यमंत्री पद पर बने रहने वाले एकमात्र व्यक्ति बन गए हैं। सावंत ने अपने पूर्ववर्ती मनोहर पर्रिकर और पूर्व मुख्यमंत्री दिगंबर कामत का रिकार्ड तोड़ दिया है।

उत्तरी गोवा के संखालिम विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले 51 वर्षीय सावंत वर्तमान में राज्य के मुख्यमंत्री के रूप में अपना दूसरा कार्यकाल पूरा कर रहे हैं। मनोहर पर्रिकर के निधन के बाद सावंत ने पहली बार 19 मार्च, 2019 को मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। छह साल पहले 19 मार्च को ही पर्रिकर के अंतिम संस्कार के बाद सावंत ने तड़के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। उस समय 45 वर्ष के सावंत गोवा विधानसभा के अध्यक्ष के रूप में कार्यरत थे।

सावंत के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कुल 40 में से 20 सीट जीतकर राज्य विधानसभा चुनाव जीता था और उन्होंने 28 मार्च 2022 को दूसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। हालांकि, सावंत ने लगातार छह वर्षों तक शीर्ष पद पर बने रहने की उपलब्धि हासिल की है, वह पर्रिकर ही थे जिन्होंने लगभग नौ वर्षों तक राज्य की कमान संभाली थी (आठ वर्ष और 349 दिन)। पर्रिकर ने वर्ष 2000, 2012 और 2017 में तीन बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी।

सावंत ने अब तक पांच बार राज्य का बजट पेश किया है और 24 मार्च से शुरू होने वाले आगामी विधानसभा सत्र के दौरान 26 मार्च को छठा बजट पेश करने की तैयारी है। वर्ष 1987 में गोवा के राज्य बनने के बाद, तत्कालीन कांग्रेस नेता दिगंबर कामत 2007 से 2012 तक पांच साल का कार्यकाल पूरा करने वाले एकमात्र मुख्यमंत्री थे।

Advertisement

यह भी पढे़ं: राज्यसभा में जब डिमांड लेकर आए धनखड़, जानिए गडकरी ने क्या जवाब दिया?

Published By:
 Dalchand Kumar
पब्लिश्ड