सोनिया गांधी के राष्ट्रपति को 'बेचारी महिला' कहने पर देश में सियासी तूफान, अब बेटी प्रियंका की आई सफाई
राष्ट्रपति पर सोनिया गांधी की टिप्पणी को लेकर उठे विवाद पर प्रियंका गांधी ने सफाई दी है। उन्होंने सिर्फ इतना कहा कि राष्ट्रपति लंबे भाषण के बाद थक गई होंगी।
- भारत
- 3 min read

Priyanka Vadra News : राष्ट्रपति पर सोनिया गांधी की टिप्पणी को लेकर उठे विवाद पर प्रियंका गांधी ने सफाई दी है। उन्होंने कहा कि मेरी मां 78 साल की हैं, उन्होंने सिर्फ इतना कहा कि राष्ट्रपति लंबे भाषण के बाद थक गई होंगी। उन्होंने राष्ट्रपति का पूरा सम्मान किया है। प्रियंका गांधी ने मीडिया पर बयान को तोड़-मरोड़कर पेश करने का आरोप लगाया और कहा कि BJP को पहले देश के साथ जो कुछ किया उसके लिए माफी मांगनी चाहिए।
‘पुअर लेडी’ वाले बयान (Sonia Gandhi President Murmu controversy) पर बीजेपी ने इस टिप्पणी को राष्ट्रपति का अपमान बताया है और कांग्रेस से माफी की मांग की है। बीजेपी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि कांग्रेस को आदिवासी महिला राष्ट्रपति के प्रति ऐसी टिप्पणी के लिए तुरंत माफी मांगनी चाहिए। संसद के बजट सत्र के पहले दिन राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने जो अभिभाषण दिया उस पर सोनिया गांधी ने राष्ट्रपति के संबोधन पर टिप्पणी करते हुए उन्हें 'पुअर लेडी' यानी 'बेचारी महिला' कहकर तंज कसा। सोनिया गांधी की इस टिप्पणी को लेकर राजनीतिक गलियारों में तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कई नेताओं ने इसे राष्ट्रपति पद की गरिमा के खिलाफ बताया है तो कुछ ने कांग्रेस पार्टी की मानसिकता पर सवाल उठाए हैं।
नड्डा ने माफी मांगने को कहा
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा- ‘बीजेपी का हर एक कार्यकर्ता माननीय राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू जी के लिए श्रीमती सोनिया गांधी द्वारा इस्तेमाल किए गए शब्द 'बेचारी' की कड़ी निंदा करता है। ऐसे शब्दों का जानबूझकर इस्तेमाल कांग्रेस पार्टी की अभिजात्य मानसिकता, गरीब विरोधी और आदिवासी विरोधी सोच को दर्शाता है। मैं मांग करता हूं कि कांग्रेस पार्टी माननीय राष्ट्रपति और देश के आदिवासी समुदायों से बिना शर्त माफी मांगे।’
राहुल गांधी पर भी बोला हमला
वहीं, केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा है कि सोनिया गांधी ने राष्ट्रपति का अपमान किया है। शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि राहुल गांधी ने भी राष्ट्रपति का अपमान किया है। उन्होंने कहा कि ये लोग अहंकारी हैं। हम इनके बयान की निंदा करते हैं। धर्मेंद्र प्रधान ने सोनिया गांधी और राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए कहा कि ये सामंतवादी लोग हैं। इनसे और क्या ही अपेक्षा करें। ये लोग देश को जागीर समझते हैं। ओडिशा की पुरी लोकसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के सांसद और पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने सोनिया गांधी से माफी मांगने की मांग करते हुए राहुल गांधी पर भी हमला बोला।