'पाकिस्तान भरोसे के काबिल नहीं, वो तोड़ेगा कायदे-कानून... सीजफायर तोड़ने पर भड़कीं शोभा करंदलाजे, बोलीं- पाक आतंकियों को पालता है
शोभा करंदलाजे ने कहा कि पड़ोसी मुल्क पाकिस्तान ने बार-बार साबित किया है कि वो कभी भी संघर्ष विराम का उल्लंघन कर सकता है।
- भारत
- 3 min read

Shobha Karandlaje on Pakistan Violates Ceasefire: भारत और पाकिस्तान में जारी तनाव के बीच बीते दिन सीजफायर के लिए समझौता हुआ, लेकिन पाकिस्तान ने महज तीन घंटों में ही इसका उल्लंघन कर दिया। पाकिस्तान की इस कायराना हरकत से पूरे देश में गुस्सा है। अब पड़ोसी मुल्क की इस नापाक करतूत पर केंद्रीय मंत्री शोभा करंदलाजे भड़क उठी हैं। उन्होंने कहा है कि पाकिस्तान ने बार-बार साबित किया है कि वो कभी भी संघर्ष विराम का उल्लंघन कर सकता है।
केंद्रीय राज्य मंत्री शोभा करंदलाजे ने पाकिस्तान को अविश्वसनीय देश बताते हुए कहा कि वह आतंकवादियों को पालता है। उसने आजतक आतंकवादियों को एक्सपोर्ट करने के अलावा कोई और काम नहीं किया। पूरी दुनिया उसके खिलाफ हो चुकी है।
आतंकवाद के खिलाफ लड़ रहा भारत- शोभा
शोभा करंदलाजे ने मीडिया से कहा, 'भारत आतंकवाद के खिलाफ लड़ रहा है। पाकिस्तान ने पहलगाम में आतंकवादियों को भेजा। निर्दोष लोगों को उनका धर्म पूछकर मार दिया गया। भारत सरकार और हमारे जवानों ने जवाबी कार्रवाई की है। हम देश के साथ, सरकार के साथ, सशस्त्र बलों के साथ हैं। आप आगे बढ़ें हम आपके पीछे हैं। हम इधर आपके परिवार का ख्याल रखेंगे और आप देश का ख्याल रखिए।'
पाकिस्तान भरोसेमंद देश नहीं- शोभा करंदलाजे
उन्होंने आगे सीजफायर के उल्लंघन पर कहा, 'पाकिस्तान एक विश्वसनीय देश नहीं है। उसने बार-बार साबित किया है कि वो कभी भी उसका(संघर्ष विराम का) उल्लंघन कर सकता है। पाकिस्तान कुछ भी कर सकता है। दुनिया को आतंकवादी बेचने वाले देश का नाम पाकिस्तान है। इस समय पाकिस्तान से सभी नाराज हैं। 78 सालों में पाकिस्तान ने सिर्फ आतंकवादियों को एक्सपोर्ट किया है। उनसे आजतक टेक्नोलॉजी एक्सपोर्ट नहीं हुई। पाक सिर्फ आतंकियों को एक्सपोर्ट करने का काम कर रहा है। इसलिए पूरा दुनिया इसके खिलाफ है।'
Advertisement
PAK ने 3 घंटे में ही तोड़ा सीजफायर
भारत और पाकिस्तान के बीच शनिवार (10 मई) शाम 5 बजे सीजफायर के लिए समझौता हुआ। संघर्ष विराम की घोषणा के कुछ ही घंटों बाद पाकिस्तानी सेना ने जम्मू-कश्मीर, पंजाब और राजस्थान के शहरों को निशाना बनाते हुए 100 से ज्यादा पाकिस्तानी ड्रोनों को उड़ाया। ये पिछले तीन दिनों में अब तक का सबसे बड़ा ड्रोन हमला था। ड्रोन हमले के अलावा जम्मू-कश्मीर और पंजाब के जिलों में कई विस्फोटों की आवाजें भी सुनी गईं। नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर भी भारी गोलाबारी और गोलीबारी की खबरें आईं। हालांकि भारतीय सशस्त्र बलों ने ड्रोन हमले का मुंहतोड़ जवाब दिया और सभी एयर डिफेंस सिस्टम सक्रिय कर दिए गए।
यह भी पढ़ें: 'कुत्ते की दुम...', सीजफायर का उल्लंघन करने पर वीरेंद्र सहवाग का खौला खून, पाकिस्तान को जमकर लगाई लताड़