अपडेटेड 22 March 2026 at 23:51 IST
West Bengal Assembly Election 2026: बंगाल में ओवैसी बढ़ाएंगे ममता बनर्जी की मुश्किलें, हुमायूं कबीर के साथ गठबंधन में ठोकेंगे ताल
West Bengal Assembly Election 2026: बंगाल चुनाव 2026 के लिए AIMIM और हुमायूं कबीर की JUP के बीच गठबंधन तय हो गया है। ओवैसी ने ममता सरकार पर मुस्लिम अधिकारों के हनन का आरोप लगाया है।
- भारत
- 3 min read

West Bengal Assembly Election 2026: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 की बिसात बिछ चुकी है। राज्य की सत्ताधारी पार्टी तृणमूल कांग्रेस (TMC) के लिए इस बार राह आसान नहीं होने वाली, क्योंकि असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी AIMIM ने एक बड़ा दांव खेला है। हैदराबाद में ईद के मौके पर आयोजित एक कार्यक्रम में ओवैसी ने आधिकारिक घोषणा की कि उनकी पार्टी बंगाल चुनाव हुमायूं कबीर के नेतृत्व वाली 'जनता उन्नयन पार्टी' (JUP) के साथ मिलकर लड़ेगी।
ममता बनर्जी पर जमकर बरसे ओवैसी
ममता सरकार पर सीधा प्रहार करते हुए ओवैसी ने कहा कि बंगाल में 30 प्रतिशत मुस्लिम आबादी होने के बावजूद उनके साथ नाइंसाफी की लंबी लिस्ट है। ओवैसी ने आरोप लगाया कि ममता सरकार के दौरान करीब 5 लाख पिछड़ा वर्ग प्रमाण पत्र रद्द किए गए, जिनमें बड़ी संख्या में मुसलमान शामिल हैं। उन्होंने कहा कि तथाकथित धर्मनिरपेक्ष दल अल्पसंख्यकों से वोट तो लेते हैं, लेकिन जब 'हिस्सेदारी' की बात आती है, तो उन्हें तकलीफ होती है।
ममता के मुस्लिम वोट बैंक में लगेगी सेंध
बता दें, हुमायूं कबीर कभी ममता बनर्जी के करीबी और TMC के कद्दावर नेता थे, लेकिन पार्टी विरोधी गतिविधियों के कारण उन्हें निष्कासित कर दिया गया था। अब वह अपनी नई पार्टी 'जनता उन्नयन पार्टी' के जरिए ममता के मुस्लिम वोट बैंक में सेंध लगाने के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
कबीर की पार्टी ने अब तक 182 उम्मीदवारों का ऐलान कर दिया है। इसमें कबीर खुद बेलडांगा और रेजीनगर दो सीटों से चुनाव लड़ रहे हैं। वहीं, ममता बनर्जी के खिलाफ भबानीपुर सीट से पूनम बेगम को मैदान में उतारा है। अब देखना दिलचस्प होगा कि ओवैसी की पार्टी AIMIM कितने सीटों पर और किस क्षेत्र से ताल ठोकती है।
Advertisement
25 मार्च को जारी होगा गठबंधन का घोषणापत्र
गौरतलब है बंगाल की राजनीति में मुस्लिम वोट बैंक हमेशा से TMC का मजबूत किला रहा है। ओवैसी और कबीर का यह साथ न केवल अल्पसंख्यक मतों का विभाजन कर सकता है, बल्कि मुर्शिदाबाद और मालदा जैसे जिलों में चुनावी नतीजों को पूरी तरह बदल सकता है। बताया जा रहा है, 25 मार्च को कोलकाता में होने वाली संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस गठबंधन की आगे की रणनीति और साझा घोषणापत्र पर मुहर लगेगी।
इससे पहले राज्य में मतदानों की तारीखों का ऐलान कर दिया है। इसमें पहले चरण की वोटिंग 23 अप्रैल को तो वहीं, दूसरे चरण का मतदान 29 अप्रैल को होगा। जबकि नतीजे 4 मई 2026 को जारी किए जाएंगे।
Advertisement
Published By : Ankur Shrivastava
पब्लिश्ड 22 March 2026 at 23:51 IST