'विपक्षी गठबंधन तेजी से बिखर रहा है', धर्मेंद्र प्रधान का Indi Alliance पर प्रहार
Dharmendra Pradhan: केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने रविवार को दावा किया कि अपने घटक दलों के विरोधाभासों से भरा विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ तेजी से बिखर रहा है।
- भारत
- 2 min read
Dharmendra Pradhan: केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने रविवार को दावा किया कि अपने घटक दलों के विरोधाभासों से भरा विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ तेजी से बिखर रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि विपक्षी गठबंधन के पास कोई साझा एजेंडा नहीं है।
प्रधान ने यहां संवाददाताओं से बातचीत में एक सवाल पर कहा, ‘‘इंडिया गठबंधन अपने घटक दलों के विरोधाभासों से ग्रस्त है और तेजी से बिखर रहा है। ‘इंडिया’ के घटक दल देश के विभिन्न क्षेत्रों में हार का सामना कर रहे हैं, क्योंकि उनके पास कोई साझा एजेंडा नहीं है। प्रतिक्रियावादी गठबंधन लगभग समाप्त हो चुका है।’’
प्रधान ने कहा कि दिल्ली विधानसभा चुनाव में ‘इंडिया’ के एक सहयोगी दल (आप) को 10 साल तक सत्ता में रहने के बाद हार का सामना करना पड़ा है, जबकि दूसरे सहयोगी दल (कांग्रेस) का, राष्ट्रीय राजधानी में लंबे समय तक सत्ता में रहने के बाद भी खाता नहीं खुला।
उन्होंने कहा कि दिल्ली विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की विकास नीति पर मुहर है। उन्होंने कहा, ‘‘यह राष्ट्रीय राजधानी को एक खूबसूरत शहर बनाने के लिए भाजपा के पक्ष में दिल्ली के निवासियों का फैसला है।’’
Advertisement
दिल्ली में 26 साल से अधिक समय बाद भाजपा सत्ता में लौटी है। चुनाव में भाजपा ने 70 में से 48 सीटें जीती हैं जबकि आप को 22 सीटों पर जीत मिली। कांग्रेस को एक भी सीट नहीं मिली।
यह भी पढ़ें: दिल्ली में बढ़ी सियासी गर्मी, जेपी नड्डा से मुलाकात करेंगे प्रवेश वर्मा; सीएम पद की करेंगे दावेदारी?