PM मोदी की अपील के बाद बड़ा फैसला, ईंधन बचत के लिए नितिन गडकरी ने अपने काफिले को छोड़ा; बस में बैठकर किया परियोजनाओं का निरीक्षण- Video
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने पुणे में बस से सफर कर सड़क कार्यों का निरीक्षण किया। पीएम मोदी की ईंधन बचत अपील के बाद देशभर से ऐसी तस्वीरें सामने आ रही है, जहां बड़े मंत्रियों और नेताओं को ईंधन बचाते देखा जा रहा है। पढ़ें पूरी खबर।
- भारत
- 2 min read
Nitin Gadkari Bus Inspection: केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने पुणे में सड़क निर्माण कार्यों का निरीक्षण बस से करते हुए ईंधन बचत का अनोखा संदेश दिया है। यह कदम प्रधानमंत्री मोदी की हालिया अपील के बाद आया है, जिसमें उन्होंने देशवासियों से ईंधन की बचत के लिए पब्लिक ट्रांसपोर्ट का इस्तेमाल करने की अपील की थी।
मिडिल ईस्ट संकट के चलते अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ईंधन की कीमतें बढ़ने की आशंका के बीच पीएम मोदी ने हाल ही में लोगों से निजी वाहनों के कम इस्तेमाल और सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देने की बात कही थी। गडकरी का यह दौरा उसी अपील पर अमल का उदाहरण माना जा रहा है।
बस से किया निरीक्षण?
पुणे से फलटण के बीच बन रहे पालकी मार्ग परियोजना के निरीक्षण के दौरान गडकरी ने पारंपरिक वाहन काफिले की जगह बस को चुना। बस में बैठकर उन्होंने सीट बेल्ट लगाई और अधिकारियों के साथ निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता की समीक्षा की। वायरल वीडियो में गडकरी बस में फाइल चेक करते और अधिकारियों से चर्चा करते नजर आ रहे हैं।
पीएम मोदी की ईंधन बचत अपील पर अमल
नितिन गडकरी ने सड़क परियोजना की समयबद्ध पूर्ति और उच्च गुणवत्ता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों को तेज गति से पूरा किया जाए, लेकिन ईंधन की बचत भी जरूरी है। प्रधानमंत्री मोदी ने हाल के संबोधन में कहा था कि मिडिल ईस्ट की स्थिति को देखते हुए देश को ईंधन बचत पर ध्यान देना चाहिए। उन्होंने सुझाव दिया कि जहां तक संभव हो, लोग बस, मेट्रो या अन्य सार्वजनिक साधनों का इस्तेमाल करें। गडकरी का बस यात्रा वाला यह कदम उसी दिशा में एक सकारात्मक कदम है। यह दौरा न केवल परियोजना की निगरानी के लिए था बल्कि सादगी और ईंधन संरक्षण का भी संदेश देता है।