अब क्लास शुरू होने से पहले 'वंदे मातरम' गाना अनिवार्य, बंगाल के सभी स्कूलों में होगा लागू; CM सुवेंदु अधिकारी का बड़ा ऐलान
बंगाल में मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी की सरकार ने राज्य के सभी स्कूलों में सुबह की प्रार्थना के दौरान 'वंदे मातरम' गाना अनिवार्य कर दिया है। शिक्षा विभाग ने नोटिस जारी किया है। पढ़ें पूरी खबर।
- भारत
- 2 min read

Vande Mataram Mandatory in West Bengal Schools: मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी की पश्चिम बंगाल सरकार ने राज्य के सभी स्कूलों में सुबह की प्रार्थना सभा के दौरान वंदे मातरम गाने को अनिवार्य कर दिया है। स्कूल शिक्षा विभाग ने एक नोटिस जारी कर सभी स्कूलों को निर्देश दिया है कि क्लास शुरू होने से पहले स्टूडेंट्स को 'वंदे मातरम' गाना होगा, ये आदेश अभी से लागू कर दिया गया है।
तत्काल प्रभाव से लागू होगा निर्देश
शिक्षा विभाग ने जो नोटिस जारी किया है, उसके मुताबिक, छात्रों का 'वंदे मातरम' गाना सुनिश्चित किया जाना चाहिए। इस आदेश को राज्य भर के सभी स्कूलों में तत्काल प्रभाव से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं।
स्कूल प्रबंधनों के सामने असमंजस की स्थिति
इस नए आदेश ने स्कूल प्रमुखों और प्रबंधनों के बीच असमंजस की स्थिति पैदा कर दी है। इसके पीछे मुख्य कारण पिछली सरकार का वह आदेश है, जिसमें राज्य गीत 'बांग्लार माटी, बांग्लार जोल' को सुबह की सभा में गाना अनिवार्य किया गया था।
क्लास शुरू होने में देरी, और भी कई चिंता
स्कूल प्रमुखों ने व्यावहारिक दिक्कतों को लेकर कुछ चिंताएं भी जताई हैं। कई प्रिंसिपलों का मानना है कि बच्चों के लिए सुबह की सभा में राष्ट्रगान, राज्य गीत और अब 'वंदे मातरम' यानी कुल तीन गीत गाना आसान नहीं होगा।
Advertisement
स्कूल प्रमुखों के मुताबिक, राष्ट्रगान (National Anthem) को हटाया नहीं जा सकता क्योंकि वह अनिवार्य है। वहीं, अगर 'वंदे मातरम' के साथ राज्य गीत को भी जारी रखा जाता है, तो पूरी प्रक्रिया में बहुत ज्यादा समय लगेगा, जिससे क्लास शुरू होने में देरी हो सकती है।
फिलहाल नए नोटिस में पुराने राज्य गीत के भविष्य को लेकर कोई स्पष्ट जिक्र नहीं किया गया है, जिससे स्कूल प्रशासन इस बात को लेकर स्पष्टता का इंतजार कर रहे हैं कि प्रार्थना सभा का अंतिम स्वरूप क्या होगा।