नंदीग्राम में पैर फ्रैक्चर पर बोला गया था झूठ? CM सुवेंदु अधिकारी का ममता बनर्जी पर बड़ा आरोप, कहा- अस्पताल रिकॉर्ड में...
सीएम सुवेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी पर बड़ा आरोप लगाया है। उनका कहना है कि मार्च 2021 में बांगुर इंस्टीट्यूट ऑफ न्यूरोसाइंसेस ने एक रिपोर्ट जारी की थी जिसमें कहा गया था कि 'हड्डी खिसकने का कोई सबूत नहीं मिला' है। CID इस मामले की जांच कर रही है।
- भारत
- 3 min read

CM Suvendu Adhikari: पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने 2021 में नंदीग्राम चुनाव प्रचार के दौरान ममता बनर्जी के पैर में लगी चोट को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी ने नंदीग्राम में अपने पैर में फ्रैक्चर होने को लेकर झूठ बोला था। इसके साथ ही सुवेंदु अधिकारी ने ऐलान किया है कि इस पूरे मामले की जांच कराई जाएगी।
सुवेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी का इलाज करने वाले अस्पताल की ओर से जारी की गई उनकी मेडिकल रिपोर्ट पेश करते हुए कहा कि इसमें फ्रैक्चर या किसी भी डिसलोकेशन का कोई सबूत नहीं है।
अस्पताल रिकॉर्ड में डिसलोकेशन का सबूत नहीं- CM
सीएम सुवेंदु ने अस्पताल की मेडिकल रिपोर्ट दिखाते हुए कहा, 'मार्च 2021 में बांगुर इंस्टीट्यूट ऑफ न्यूरोसाइंसेस ने एक रिपोर्ट जारी की थी जिसमें कहा गया था कि 'हड्डी खिसकने (dislocation) का कोई सबूत नहीं मिला'। CID इस मामले की जांच कर रही है। 9 अक्टूबर के बाद कार्रवाई होगी।'
जनता को गुमराह किया गया- सीएम सुवेंदु
उन्होंने तीखा प्रहार करते हुए कहा कि उस वक्त झूठा प्रचार किया गया था। नंदीग्राम की जनता का अपमान किया गया था। मीडिया ट्रायल किया गया था। पूरे बंगाल के लोगों को गुमराह करने के काम किया था। इसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
Advertisement
ममता बनर्जी पर बरसी बंगाल बीजेपी
बंगाल बीजेपी ने ममता बनर्जी पर निशाना साधते हुए एक्स पर लिखा, 'क्या आपको याद है जब ममता बनर्जी व्हीलचेयर पर बैठकर पूरे पश्चिम बंगाल में घूमी थीं और नंदीग्राम के बेगुनाह लोगों पर अपना पैर तोड़ने का आरोप लगाया था? बांगुर इंस्टीट्यूट ऑफ न्यूरोसाइंस की मेडिकल रिपोर्ट आखिरकार आ गई है, जिसमें कोई फ्रैक्चर या कोई डिसलोकेशन नहीं है।'
'विक्टिम कार्ड' खेलने का लगाया आरोप
बीजेपी ने कहा, 'यह सब 'विक्टिम कार्ड' खेलने और एक पूरे समुदाय को बदनाम करने के लिए बोला गया एक सोची-समझी साजिश वाला झूठ था। उन्होंने सिर्फ अपनी राजनीतिक साख बचाने के लिए नंदीग्राम की धरती का अपमान किया! ममता बनर्जी ने पूरे देश से झूठ बोला, सहानुभूति बटोरने का खेल खेला और नंदीग्राम को बदनाम किया। पश्चिम बंगाल के लोग इस शर्मनाक हरकत के लिए माफी की मांग करते हैं!'
Advertisement
क्या है पूरा मामला?
पश्चिम बंगाल की नंदीग्राम और रेजीनगर विधानसभा सीटों पर 6 अक्टूबर को उपचुनाव के लिए मतदान होना है, जबकि वोटों की गिनती 9 अक्टूबर को की जाएगी। इससे ठीक पहले पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी पर बड़ा आरोप लगाया है। गौरतलब है कि 2021 के विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान ममता बनर्जी ने पैर में चोट लगने का हवाला देते हुए व्हीलचेयर पर बैठकर चुनाव प्रचार किया था।