'देश विरोधी ताकतें भारत को कभी नहीं तोड़ सकतीं...', लंदन में भारत विरोधी प्रदर्शन को लेकर किरेन रिजिजू कांग्रेस पर क्यों भड़के?
लंदन में हुए विरोध प्रदर्शन में पाकिस्तान और पीओके के झंडों के साथ भारतीय झंडे देखे जाने के बाद केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू ने कांग्रेस की जमकर आलोचना की है। एक्स पोस्ट में उन्होंने कहा "भारत विरोधी ताकतें कभी भी भारत को तोड़ नहीं सकतीं"।
- भारत
- 4 min read

केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने सोमवार, 19 अक्टूबर को लंदन में हुए विरोध प्रदर्शन को लेकर कांग्रेस की जमकर आलोचना की और आरोप लगाया कि पार्टी के झंडे पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर के झंडों के साथ प्रदर्शित किए गए थे। कांग्रेस पर तीखा प्रहार करते हुए उन्होंने आगे कहा कि "भारत विरोधी ताकतें कभी भी भारत को तोड़ नहीं सकतीं है।"
किरेन रिजिजू का एक्स पोस्ट उस समय आया है, जब देश में SIR और चुनाव आयोग के खिलाफ विरोध प्रदर्शन जारी है। वहीं, इससे एक दिन पहले रिजिजू ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर प्रहार करते हुए कहा था कि "बांग्लादेश में हुई हिंसक घटना और फ्रांस में जो दंगे, आगजनी और लूटपाट हुईं, ठीक वैसी ही साजिश भारत के लिए भी रची गई थी।"
भारत कभी नहीं झुकेगा और...-किरण रिजिजू
किरण रिजिजू ने विपक्षी पार्टियों पर निशाना साधते हुए एक्स पर लिखा "लंदन में कांग्रेस पार्टी के झंडे, पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर और पाकिस्तान के झंडे के साथ लहरा रहे हैं! इन लोगों को लगता है कि लंदन में भारत विरोधी गिरोहों की सभाएं देशभक्त भारतीयों को डरा देंगी। “भारत कभी नहीं झुकेगा, और भारत विरोधी ताकतें कभी भारत को तोड़ नहीं सकती।”
वहीं, एक अन्य पोस्ट में प्रशांत भूषण द्वारा दी गई विवादित टिप्पणी “सत्ता बदलने की लड़ाई” के बयान के पोस्ट करते हुए रिजिजू ने कहा "अब लड़ाई भारत-विरोधी ताकतों और उन देशभक्त भारतीयों के बीच है जो भारत की रक्षा करना चाहते हैं।"
Advertisement
ये टिप्पणियां शनिवार को लंदन के पार्लियामेंट स्क्वायर में आयोजित एक प्रदर्शन के बाद आईं, जहां प्रदर्शनकारी मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार और कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के समर्थन और विरोध में विभाजित थे।
भारत में बांग्लादेश-फ्रांस जैसी हिंसा...-रिजिजू
वहीं, एक दिन पहले यानी रविवार को किरेन रिजिजू ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर प्रहार करते हुए कहा था कि "बांग्लादेश में हुई हिंसक घटना और फ्रांस में जो दंगे, आगजनी और लूटपाट हुईं, ठीक वैसी ही साजिश भारत के लिए भी रची गई थी। भारत विरोधी गैंग और कुछ नेताओं ने मिलकर युवाओं को भड़काया और हमारी सड़कों पर हिंसा फैलाई। लेकिन जिन्होंने यह खतरनाक साजिश रची, वे भूल गए कि भारत न तो बांग्लादेश है और न ही फ्रांस।"
Advertisement
आगे उन्होंने कहा था " इस खतरनाक साजिश रचने वाले भूल गए कि भारत न तो बांग्लादेश हैं और न ही फ्रांस।" इस बीच मंत्री ने कहा कि भारत में सत्ता परिवर्तन केवल चुनावी प्रक्रिया के माध्यम से ही हो सकता है। उन्होंने कहा, भारत में सत्ता परिवर्तन बिल्कुल संभव है, लेकिन केवल चुनावों के माध्यम से, सोरोस के माध्यम से नहीं।"
चुनाव आयोग और SIR के खिलाफ प्रदर्शन
यह प्रदर्शन भारत भर में कांग्रेस के नेतृत्व वाले इंडिया ब्लॉक और मुख्य चुनाव आयोग (ईसीआई) द्वारा मतदाता सूची के विशेष गहन संशोधन (एसआईआर) के खिलाफ चलाए जा रहे विरोध प्रदर्शनों के बीच हुआ। विपक्षी दलों ने इस प्रक्रिया में अनियमितताओं का आरोप लगाया है और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की है।
इस मुद्दे के चलते विदेशों में भी प्रदर्शन हुए हैं। लंदन में रहने वाले भारतीय प्रवासी समुदाय के सदस्यों ने शुक्रवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के समर्थन में एक जवाबी विरोध प्रदर्शन किया, जिसमें उन्होंने कांग्रेस समर्थित नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) और अन्य समूहों द्वारा भारतीय उच्चायोग के बाहर किए जा रहे प्रदर्शनों का विरोध किया।