VD Satheesan Oath: वीडी सतीशन आज बनेंगे केरल के मुख्यमंत्री, UDF सरकार में 20 नए मंत्री भी लेंगे पद और गोपनीयता की शपथ; जानें पूरी डिटेल
केरल के नए मुख्यमंत्री वीडी सतीशन आज पद की शपथ लेने जा रहे हैं। 20 मंत्रियों के साथ वो केरल में यूडीएफ (United Democratic Front) की सरकार बनाएंगे। इस दौरान राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे समेत कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहेंगे।
- भारत
- 3 min read

VD Satheesan Oath: केरल के लिए आज एक बड़ा दिन है, क्योंकि यहां की राजनीति में बड़ा बदलाव होने जा रहा है। वीडी सतीशन केरल के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर सतीशन और बाकी 20 मंत्रियों को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाएंगे। इस दौरान राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे समेत कांग्रेस के वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहेंगे।
शपथ ग्रहण समारोह तिरुवनंतपुरम (Thiruvananthapuram) के सेंट्रल स्टेडियम में सुबह 10 बजे शुरू होगा। यूडीएफ (United Democratic Front) की बहुत बड़ी जीत के बाद ये समारोह काफी महत्वपूर्ण है। वीडी सतीशन ने अपने एक्स अकाउंट पर पोस्ट कर इसकी शपथ ग्रहण समारोह की जानकारी देते हुए बताया कि समारोह 10 बजे से शुरू होगा। बतादें कांग्रेस हाई कमान ने उन्हें विधायक दल का नेता चुना था। यूडीएफ ने 2026 के विधानसभा चुनाव में भारी जीत हासिल की और 10 साल बाद सत्ता में वापसी की है।
‘मैं केरल के 13वें मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लूंगा’- सतीशन
वीडी सतीशन ने पोस्ट में लिखा कि, 'मैं केरल के 13वें मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लूंगा। मेरे साथ 20 मंत्री भी पद संभालेंगे। शपथ ग्रहण समारोह कल सुबह 10 बजे सेंट्रल स्टेडियम, तिरुवनंतपुरम में होगा। मैं आप सभी को इस ऐतिहासिक मौके का हिस्सा बनने के लिए दिल से बुलाता हूं।'
कैबिनेट में युवाओं और नए चेहरों को मिलेगी जगह
सतीशन कैबिनेट में 14 नए चेहरों को भी शामिल किया जाएगा। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रमेश चेन्निथला (जो मुख्यमंत्री पद के दावेदार थे) भी इस कैबिनेट का हिस्सा होंगे। नए मंत्रियों की सूची में पी.सी. विष्णुनाथ, रोजी एम. जॉन, बिंदु कृष्णा, टी. सिद्दीकी, के.ए. थुलसी और ओ.जे. जनीश जैसे कांग्रेस के प्रमुख नाम शामिल हैं। थिरुवनंतूर राधाकृष्णन को विधानसभा अध्यक्ष और शनीमोल उस्मान को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।
Advertisement
कांग्रेस के प्रमुख सहयोगी दल इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML) को कैबिनेट में 5 मंत्री पद दिए गए हैं। इनमें पी.के. कुन्हालीकुट्टी, के.एम. शाजी, वी. अब्दुल गफूर, एन. शमसुद्दीन और पी.के. बशीर के नाम शामिल हैं। इसके अलावा, केरल कांग्रेस से मॉन्स जोसेफ, रिवोल्यूशनरी सोशलिस्ट पार्टी से शिबू बेबी जॉन, केरल कांग्रेस (जैकब) से अनूप जैकब और कम्युनिस्ट मार्क्सवादी पार्टी से सी.पी. जॉन को भी मंत्रिमंडल में स्थान मिला है।
मुख्यमंत्री की 'सादगी' की मिसाल
पदभार ग्रहण करने से पहले ही वी.डी. सतीशन ने राज्य में मितव्ययिता (Austerity measures) के उपायों की घोषणा कर दी है। उन्होंने आदेश दिया है कि उनके साथ सुरक्षा वाहनों का काफिला या एम्बुलेंस नहीं चलेगी। इतना ही नहीं, उन्होंने स्पष्ट कर दिया है कि उन्हें अपने लिए किसी नई सरकारी गाड़ी की आवश्यकता नहीं है। उनके इस कदम की राजनीतिक हलकों में काफी सराहना हो रही है।
Advertisement
यह समारोह केरल की जनता के लिए नई उम्मीद लेकर आया है। नई सरकार शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और विकास पर फोकस करने की बात कर रही है। पूरा मंत्रिमंडल जब एक साथ शपथ लेगा, तो ये केरल की राजनीति में एक नया अध्याय साबित होगा।