Madrasa News: उत्तराखंड में 136 अवैध मदरसे सील, कहां से मिल रही थी फंडिंग? होगी पूरी जांच, एक्शन मोड में धामी सरकार
Uttarakhand Madrasa News: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अवैध मदरसों पर सख्त कार्रवाई कर रहे हैं, उनकी सरकार फंडिंग की गहन जांच करने जा रही है।
- भारत
- 3 min read

Uttarakhand Madrasa News: उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अवैध मदरसों पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं, उनकी सरकार अवैध फंडिंग की भी गहन जांच करने जा रही है। जिसकी रिपोर्ट अधिकारी सीधे मुख्यमंत्री को सौंपेंगे। क्योंकि बीते एक महीने से उत्तराखंड में अवैध मदरसों के खिलाफ व्यापक स्तर पर कार्रवाई की जा रही है।
बता दें पूरे उत्तराखंड में 136 से ज्यादा मदरसों को कागजात पूरे न होने पर सील किया जा चुका है, साथ ही देहरादून में लगातार अवैध मदरसों पर कार्रवाई हो रही है। दून के DM सविन बंसल ने बताया कि मानक पूरे नहीं होने पर यह कार्रवाई की जा रही है। जिसमें मदरसे का रजिस्ट्रेशन, शिक्षा की गुणवत्ता और वहां पढ़ने वाले बच्चों की सुरक्षा सहित बाकी मानकों पर खरा न उतरने वाले मदरसे को सील किया जा रहा है, यह भी देखा जा रहा है कि मदरसे बोर्ड से पंजीकृत है भी या नहीं ।
प्रदेश में 500 से ज्यादा अवैध मदरसे- सूत्र
पूरे उत्तराखंड में 500 से ज्यादा अवैध मदरसे संचालित हो रहे हैं। ऐसे में बड़ा सवाल यह है कि इन मदरसों को संचालित करने और कर्मियों के वेतन के लिए पैसा कहां से आ रहा है? क्या इसके पीछे धर्म की आड़ में कोई सुनियोजित साजिश तो नहीं? जांच के बाद यह साफ हो सकेगा कि देवभूमि में संचालित हो रहे इन मदरसों को कहीं दूसरे देशों से फंडिंग तो नहीं हो रही।
जिला स्तर की कमेटी करेगी जांच
राज्य में करीब 450 पंजीकृत मदरसे हैं, जो शासन को अपने दस्तावेज, बैंक खाते और आय-व्यय का पूरा ब्यौरा देते हैं। लेकिन दूसरी ओर 500 से ज्यादा मदरसे बिना किसी मान्यता के संचालित हो रहे हैं। इन मदरसों में पढ़ने वाले बच्चों का सत्यापन और आर्थिक स्रोतों की जांच के लिए शासन ने जिला प्रशासन को सख्त निर्देश जारी किए हैं। यह भी सुनिश्चित किया जाएगा कि इन अवैध मदरसों को किस स्रोत से धन मिल रहा है और उसका उपयोग किस उद्देश्य के लिए किया जा रहा है।
Advertisement
सीमा से सटे क्षेत्रों में खुल रहे ज्यादा अवैध मदरसे
पिछले कुछ समय में यूपी से सटे कस्बों जैसे जसपुर, बाजपुर, किच्छा, काशीपुर, रुद्रपुर, गदरपुर, पछवादून और हरिद्वार में बिना पंजीकरण के कई मदरसे खुलने की सूचना मिली है। इन क्षेत्रों में अवैध रूप से मदरसों की बढ़ती संख्या सुरक्षा के लिहाज से गंभीर चिंता का विषय है। सरकार इन मदरसों के स्रोतों और उद्देश्यों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई कर रही है।
अब तक कितने अवैध मदरसे हुए सील :
| जिला | अवैध मदरसों की संख्या |
| ऊधम सिंह नगर | 64 |
| देहरादून | 44 |
| हरिद्वार | 26 |
| पौड़ी गढ़वाल | 02 |
अवैध रूप से बड़े पैमाने पर मदरसों का संचालन- CM धामी
वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस मामले में कहा है कि प्रदेश में अवैध मदरसों, मजार और अतिक्रमण के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। अवैध रूप से बड़े पैमाने पर मदरसों का संचालन गंभीर विषय है। जिसकी जांच के लिए अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए हैं।