'BJP और अकाली दल स्वाभाविक गठबंधन सहयोगी, जबकि इंडी...', दिलीप घोष का तीखा प्रहार
दिलीप घोष ने कहा कि अकाली दल और भाजपा स्वाभाविक गठबंधन सहयोगी हैं। अकाली दल आज नहीं, बल्कि 40 साल से हमारे साथ हैं। परिस्थिति के कारण कभी अलग होते हैं लेकिन विचारधारा से लेकर बाकी चीजों में बहुत समानता है।
- भारत
- 3 min read

Dilip Ghosh: पश्चिम बंगाल के मंत्री दिलीप घोष ने भाजपा और शिरोमणि अकाली दल के गठबंधन को 'स्वाभाविक सहयोगी' बताया। इस दौरान उन्होंने आगामी यूपी विधानसभा चुनाव के लिए बने सपा-कांग्रेस के संभावित गठबंधन पर भी जमकर निशाना साधा।
दिलीप घोष ने कहा कि बीजेपी और अकाली दल के बीच कई सालों से संबंध रहे हैं और उनकी साझेदारी वैचारिक समानता और आपसी समझ पर आधारित थी। वहीं, इंडिया गठबंधन पूरी तरह से अस्वाभाविक है।
INDIA गठबंधन पूरी तरह से अस्वाभाविक- घोष
घोष कहते हैं, 'अकाली दल और भाजपा स्वाभाविक गठबंधन सहयोगी हैं और आज नहीं ये 40 साल से हमारे साथ हैं। परिस्थिति के कारण कभी अलग होते हैं लेकिन विचारधारा से लेकर बाकी चीजों में बहुत समानता है। लेकिन INDIA गठबंधन पूरी तरह से अस्वाभाविक है वे बस एक साथ बैठकर दो दिन चाय पी लिए और कह दिए कि गठबंधन हो गया। देश में कहीं भी इंडी गठबंधन का कोई अस्तित्व नहीं है दिल्ली में सिर्फ चाय पार्टी से ज्यादा कुछ नहीं है।'
BJP-अकाली दल का गठबंधन कायम रहना चाहिए- घोष
उन्होंने कहा, 'जिस तरह शिवसेना हमारी (BJP) सहयोगी है, उसी तरह अकाली दल भी हमारा सहयोगी है, और इनके साथ कई अन्य दल भी हमारे साथ जुड़े हैं इसलिए देश और पंजाब के हित में, अकाली दल और भाजपा के बीच का यह गठबंधन कायम रहना चाहिए और आगे बढ़ना चाहिए।'
Advertisement
सपा-कांग्रेस में सीट बंटवारे को लेकर क्या बोले?
सपा और कांग्रेस में सीट बंटवारे पर तकरार को लेकर दिलीप घोष ने कहा, 'कांग्रेस का भविष्य ही क्या है? कोई दल क्यों कांग्रेस के साथ जाएगा? मजबूरी है, इसलिए अखिलेश यादव ने उन्हें 26 सीटें देने की बात की है। मुझे लगता है कांग्रेस को उसी में संतोष करना चाहिए। अगर कांग्रेस इसके लिए भी मना कर देगी, तो वह कहीं की नहीं रहेगी।'
अखिलेश का कांग्रेस को 26 सीटों का ऑफर
उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर इंडी (INDI) गठबंधन के प्रमुख सहयोगियों सपा और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे पर बातचीत जारी है। सूत्रों के मुताबिक, कांग्रेस की 131 सीटों की मांग के एक दिन बाद सपा ने उसे महज 26 सीटें देने का प्रस्ताव रखा है।