दिल्ली में सियासत तेज... यमुना के पानी में ज्यादा अमोनिया का दावा, AAP पर बरसे CM सैनी; दिल्ली जल बोर्ड ने दिया ये जवाब
आम आदमी पार्टी ने यमुना में अमोनिया बढ़ने का दावा करते हुए बीजेपी पर चौंकाने वाला आरोप लगाया। AAP के इस आरोप से अब 'आप' और BJP के बीच जुबानी जंग तेज हो चली है।
- भारत
- 5 min read

AAP vs BJP : दिल्ली विधानसभा चुनाव में यमुना की सफाई के मुद्दे पर सियासी सरगर्मी बढ़ गई है। अब आम आदमी पार्टी ने यमुना में अमोनिया बढ़ने का दावा करते हुए बीजेपी पर चौंकाने वाला आरोप लगाया है। AAP के इस आरोप से अब 'आप' और बीजेपी के बीच जुबानी जंग तेज हो चली है।
दरअसल, AAP संयोजक केजरीवाल ने आरोप लगाया कि भाजपा नदी में जहर मिलाकर लोगों को मारने की कोशिश कर रही है। वहीं सीएम आतिशी ने यमुना नदी में जानबूझकर औद्योगिक कचरा बहाने का आरोप लगाया। ऐसे में हरियाणा सीएम ने आम आदमी पार्टी के नेताओं पर पलटवार करते हुए कहा कि दूसरों पर आरोप लगाना और फिर भाग जाना उनकी पुरानी आदत है।
AAP के आरोपों पर सीएम सैनी का करारा जवाब
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा,
'मैंने उनसे (AAP सरकार) अपने मुख्य सचिव को भेजने को कहा है और यह भी कहा कि मैं अपने मुख्य सचिव से सोनीपत में पानी की गुणवत्ता की जांच करने को कहूंगा। जहां से यमुना दिल्ली में प्रवेश करती है। कोई भी वहां पानी की गुणवत्ता की जांच कर सकता है।'
सैनी ने आगे कहा, 'वह अमोनिया के बारे में बात कर रहे है लेकिन पानी की कोई कमी नहीं है। उनकी वितरण प्रणाली में एक समस्या है। उन्हें (केजरीवाल को) आरोप लगाने के बजाय काम करना चाहिए।'
Advertisement
AAP के आरोपों पर DJB का बयान
हालांकि दिल्ली जल बोर्ड के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने दिल्ली के मुख्य सचिव को पक्ष लिखकर सचिव को पत्र लिखकर आतिशी और केजरीवाल के बयानों को झूठा करार दिया और कहा कि इससे लोगों में डर पैदा हो सकता है। मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने कहा कि तथ्य यह है कि दिल्ली जल बोर्ड आने वाले पानी की गुणवत्ता की नियमित निगरानी करता है। इसके साथ ही विभिन्न मापदंडों के आधार पर आपूर्ति को विनियमित करता है। बोर्ड दिल्ली में पानी की आपूर्ति करता है।
पानी में अमोनिया की मौजूदगी 7.2 पीपीएम- सीएम आतिशी
वहीं सीएम आतिशी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी जनादेश अपने पक्ष में करने के लिए जानबूझकर कर दिल्ली की जलापूर्ति बाधित कर रही है। ऐसा इसलिए क्योंकि दिल्ली विधानसभा चुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक हार होने वाली है।
Advertisement
मुख्यमंत्री आतिशी ने कहा कि घबराई हुई बीजेपी पानी की आपूर्ति रोकने जैसे हथकंडे अपना रही है। हरियाणा जानबूझकर औद्योगिक कचरे को यमुना नदी में बहा रहा है ताकि दिल्ली के लोगों को नुकसान पहुंचाया जा सके और चुनाव परिणाम को गलत तरीके से प्रभावित किया जा सके। सीएम ने दावा किया कि यमुना में औद्योगिक कचरा बहाए जाने के कारण पानी में अमोनिया की मौजूदगी 7.2 पीपीएम तक बढ़ गई है।
EC ने हरियाणा से मांगी रिपोर्ट
सूत्रों के मुताबिक, आतिशी और पंजाब सीएम भगवंत मान द्वारा निर्वाचन आयोग से की गई शिकायत के बाद आयोग ने हरियाणा सरकार को मंगलवार दोपहर तक इस मामले में तथ्यात्मक रिपोर्ट पेश करने का निर्देश दिया है।
जहर मिला पानी भेज रही बीजेपी- केजरीवाल
वहीं 'आप' संयोजक अरविंद केजरीवाल ने कहा कि एक तिहाई दिल्ली इसके कारण पीने के पानी की कमी से जूझ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा से जुड़े लोग अराजकता फैलाने और 'आप' को दोषी ठहराने के लिए दिल्ली में जहर मिला हुआ पानी भेज रहे हैं। जैविक हथियारों का इस्तेमाल और नदियों में जहर मिलाने जैसी हरकतें युद्ध में शामिल देशों के मामले में सुनी गई हैं।
अरविंद केजरीवाल ने ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा,
'हरियाणा से भाजपा के लोग पानी में जहर मिलाकर दिल्ली भेज रहे हैं। अगर यह पानी दिल्ली वासियों ने पी लिया तो कई लोगों की जान चली जाएगी। क्या इस से घिनौना काम कोई हो सकता है? जो जहर पानी में मिलाकर भेजा जा रहा है, वह जल शोधन संयंत्र में भी साफ नहीं हो सकता। दिल्ली के लोगों की सुरक्षा के लिए कई इलाकों में पानी बंद करना पड़ रहा है।'
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा दिल्ली के लोगों की सामूहिक हत्या करना चाहती है लेकिन आम आदमी पार्टी ऐसा नहीं होने देगी। दिल्ली जल बोर्ड के सतर्क इंजीनियरों ने प्रदूषित पानी को राष्ट्रीय राजधानी में आने से रोक दिया। अगर वह पानी दिल्ली में आ जाता और पीने के पानी में मिल जाता तो बड़े पैमाने पर नरसंहार हो जाता।
मुकदमा दायर करेगी हरियाणा सरकार- सूत्र
भाजपा सूत्रों के अनुसार, हरियाणा सरकार आम आदमी पार्टी के नेता अरविंद केजरीवाल पर उनके इस आरोप के लिए मुकदमा दायर करेगी कि राज्य में सत्तारूढ़ भाजपा यमुना के पानी में जहर मिला रही है। आम आदमी पार्टी के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए बीजेपी के एक वरिष्ठ नेता ने कहा, 'हरियाणा सरकार निश्चित रूप से केजरीवाल को अदालत में ले जाएगी। हम मंगलवार को उनके और उनकी पार्टी के खिलाफ निर्वाचन आयोग का दरवाजा भी खटखटाएंगे।'
पूर्व CM ऐसे निराधार आरोप लगा रहे- प्रवेश वर्मा
वहीं नई दिल्ली विधानसभा क्षेत्र में केजरीवाल के खिलाफ लड़ रहे भाजपा प्रत्याशी प्रवेश वर्मा ने कहा कि क्योंकि आम आदमी पार्टी को चुनाव में हार की आशंका है, इसलिए पूर्व मुख्यमंत्री ऐसे निराधार आरोप लगा रहे हैं। प्रवेश वर्मा करते हैं, 'चुनाव में उनकी (केजरीवाल की) हार होने वाली है। उन्हें पता है कि सत्ता के बिना उनका गुजारा नहीं हो पाएगा, इसलिए वह इस तरह के बेबुनियाद आरोप लगा रहे हैं। भगवंत मान भी डरे हुए हैं, क्योंकि उन्हें पता है कि अगर दिल्ली में आप की सरकार नहीं बनी तो केजरीवाल पंजाब के अगले मुख्यमंत्री होंगे।'
आतिशी और मान ने लगाए ये आरोप
निर्वाचन आयोग को दी गई अपनी शिकायत में आतिशी और मान ने आरोप लगाया कि हरियाणा सरकार द्वारा दिल्ली की जल आपूर्ति को खतरे में डालने का जानबूझकर प्रयास किया जा रहा है जिससे राजधानी में स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव कराने पर गंभीर परिणाम पड़ सकते हैं।
बता दें कि दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए मतदान 5 फरवरी को होगा और मतगणना 8 फरवरी को होगी।