'15 लोगों की मौत पर राजनीति न करें अखिलेश, अलीगंज की घटना आपके कुकृत्यों का नतीजा, ध्वस्तीकरण का आदेश...', सपा सुप्रीमो पर डिप्टी CM का पलटवार
लखनऊ अग्निकांड को लेकर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने अखिलेश यादव को राजनीति ना करने की सलाह दी है। उन्होंने इसे हादसे को अखिलेश सरकार के कुकृत्यों का नतीजा बताया और योगी सरकार की तुरंत कार्रवाई के बारे में भी जानकारी दी कि हादसे के बाद क्या कुछ एक्शन हुए? पढ़ें पूरी खबर
- भारत
- 3 min read

Lucknow Fire: उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने समाजवादी पार्टी के सुप्रीमो अखिलेश यादव को साफ कह दिया है कि वे लखनऊ के अलीगंज अग्निकांड में हुई 15 लोगों की मौत पर राजनीति न करें। उन्होंने कहा कि ये हादसा अखिलेश यादव की सरकार के गलत कामों का नतीजा है। ब्रजेश पाठक ने आरोप लगाया कि 15 लोगों की जान चली गई, लेकिन अखिलेश यादव एसी कमरे में बैठकर राजनीति कर रहे हैं।
ब्रजेश पाठक ने कहा कि प्लॉट आवंटन से लेकर बिल्डिंग का निर्माण और नक्शा पास कराने में अखिलेश यादव की मशीनरी पूरी तरह शामिल रही। बिल्डिंग सील होने के बावजूद अखिलेश सरकार ने ध्वस्तीकरण का आदेश रद्द कर दिया। आखिर किस दबाव में यह काम किया गया? उन्होंने इसे अखिलेश सरकार के भ्रष्टाचार का नमूना बताया।
अखिलेश सरकार में बनी खतरनाक इमारतें- डिप्टी सीएम
अखिलेश यादव की सरकार के समय भ्रष्टाचार के कारण पूरे प्रदेश में ऐसी खतरनाक इमारतें बन गईं, जो आज लोगों की जान ले रही हैं। प्लॉट 1980 में लॉटरी से आवंटित हुआ था, लेकिन असली खेल अखिलेश यादव के राज में हुआ। 20 अगस्त 2014 को अखिलेश सरकार ने 1992 वर्गफुट का आवासीय नक्शा पास कर दिया। 2016 में अवैध निर्माण का मुकदमा दर्ज हुआ। 10 मई 2016 को ध्वस्तीकरण का आदेश भी आ गया। लेकिन सिर्फ दो महीने बाद, 5 जुलाई 2016 को अखिलेश सरकार ने ध्वस्तीकरण का आदेश रद्द कर दिया। सैटेलाइट तस्वीरें भी सब कुछ बेनकाब करती हैं। दिसंबर 2015 में प्लॉट बिल्कुल खाली था। फरवरी 2016 में निर्माण शुरू हुआ और जून 2016 तक इमारत बनकर तैयार हो गई। नियम-कानून को ताक पर रखकर मनमाने ढंग से नक्शा पास कराया गया और निर्माण कराया गया। अखिलेश सरकार के वक्त किसी अधिकारी पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। कोई जवाबदेही भी तय नहीं की गई।
ब्रजेश पाठक ने बताया कि क्या-क्या एक्शन हुआ?
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सारे कार्यक्रम रद्द करके खुद तुरंत घटनास्थल पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और न्याय दिलाने का आश्वासन दिया। रात में ही कार्रवाई शुरू कर दी गई, 4 अधिकारियों को सस्पेंड कर दिया गया है। सीएम योगी हर पल घटना पर अपडेट ले रहे हैं। SIT जांच शुरू हो चुकी है। जो भी लोग इस घटना में जवाबदेह पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। सरकार ने कहा है कि जिन लोगों ने अपने परिवार के सदस्य खोए हैं, उनके दर्द को समझते हुए हर संभव मदद और न्याय सुनिश्चित किया जाएगा।
Advertisement
अखिलेश यादव ने क्या कहा?
लखनऊ आग की घटना पर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा कि 'कल जो घटना हुई है वो दुखद है। इतनी बड़ी संख्या में छात्रों की जान चली गई, सच्चाई ये है कि भ्रष्टाचार सभी मानकों के ऊपर है। भ्रष्टाचार से बनी सरकार ही भ्रष्टाचार कर रही है। उसी का परिणाम है कि जानें चली गई। लखनऊ में कोई पहली बार जान नहीं गई है। जहां गरीब रहते थे वहां आग लगाई गई कि आग लगाई गई? NOC देने वाले लोग भ्रष्टाचार करके NOC क्यों दे रहे हैं?'