मिशन 2024: तेलंगाना में केंद्रीय मंत्री ने संभाला मोर्चा, 'गांव चलो अभियान' के जरिए देंगे ये संदेश
तेलंगाना के अमीरपेट में 'गांव चलो अभियान' कार्यक्रम पर केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी ने कहा- लोगों को केंद्र सरकार की योजनाओं से परिचित कराएंगे।
- भारत
- 3 min read

Telangana News: बीजेपी ने पार्टी कार्यकर्ताओं को एक गांव चलो कार्यक्रम दिया हुआ है। इसमें गांव गांव जाकर पार्टी कार्यकर्ताओं को केंद्र सरकार की योजनाओं के बारे में आम जनता को बताना है और उन्हें जागरूक करना है कि सरकार आम जनता के लिए किन किन योजनाओं पर काम कर रही है जिससे लोगों को फायदा हो रहा है। इसी कड़ी में केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी भी आज एक गांव में हैं।
तेलंगाना के अमीरपेट में 'गांव चलो अभियान' कार्यक्रम पर केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी ने कहा, "बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा ने पार्टी कार्यकर्ताओं को एक 'गांव चलो' कार्यक्रम दिया है और इसके तहत पार्टी कार्यकर्ताओं से लेकर केंद्रीय मंत्रिमंडल के सदस्य तक सभी एक गांव का दौरा करेंगे।
रंगारेड्डी के अमीरपेट गांव में रहेंगे किशन रेड्डी
केंद्रीय संस्कृति और पर्यटन मंत्री जी किशन रेड्डी ने कहा कि वह 24 घंटे रंगारेड्डी के अमीरपेट गांव में रहेंगे और लोगों को केंद्र सरकार की योजनाओं से परिचित कराएंगे। मंत्री जी किशन रेड्डी ने हाल ही में सालार जंग संग्रहालय में देश के पहले पुरालेख संग्रहालय की नींव रखी है। उन्होंने इतिहासकारों, अधिकारियों और तेलंगाना के लोगों की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को खास धन्यवाद देते हुए कहा- शिलालेख हमें हमारे इतिहास, अस्तित्व और हमारी प्राचीन परंपराओं के बारे में बताते हैं और यह अवसर भावी पीढ़ी के लिए हमारी ऐतिहासिक विरासत को संरक्षित करने का ऐतिहासिक अवसर है।
इतिहास, हमारी संस्कृति और परंपराओं को बताते हैं- किशन रेड्डी
किशन रेड्डी ने आगे कहा कि शिलालेख हमारे इतिहास, हमारी पहचान, संस्कृति और परंपराओं को बताते हैं। उन्हें सुरक्षित और संरक्षित करने की आवश्यकता है। आक्रमणकारी मुगलों और अन्य लोगों ने विरासत के प्रतीकों को नष्ट करते हुए तबाही मचा दी। जो कुछ बचा है उसे सुरक्षित और संरक्षित करने की तत्काल आवश्यकता है।
Advertisement
सभी बूथों पर चलेगा बीजेपी का गांव चलो अभियान
बता दें गांव चलो अभियान के दौरान सात लाख गांव और नगरों के सभी बूथों पर एक कार्यकर्ता को 24 घंटे का समय क्षेत्र की जनता के साथ बिताना पड़ेगा। बीजेपी की ओर से गांव चलो अभियान चलाया जा रहा है। इसमें प्रवासी कार्यकर्ता ग्रामीणों को सरकार के 10 सालों में गरीब कल्याण महिला सशक्तीकरण आदि योजनाओं के बारे में अवगत कराएंगे।