अपडेटेड 15 December 2024 at 18:31 IST

महिला योजना को लेकर तेजस्वी पर भड़के ललन सिंह, बोले- 'बाबू-माई से पूछिए 15 साल अपहरण का उद्योग...'

तेजस्वी यादव के महिला योजना वाले ऐलान पर भड़कते हुए केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने कहा कि बाबू-माई से पूछिए 15 साल अपहरण का उद्योग चल रहा था।

Follow : Google News Icon  
Tejashwi Yadav and lalan singh
तेजस्वी यादव के महिला योजना के ऐलान पर भड़के ललन सिंह। | Image: PTI

Bihar News: बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रीय जनता पार्टी के नेता तेजस्वी यादव ने विधान सभा चुनाव में जीत को लेकर बड़ा ऐलान किया। पूर्व डिप्टी सीएम ने कहा है कि अगर उनकी सरकार बनती है, तो बिहार में महिलाओं को 2500 रुपए प्रति माह दिए जाएंगे। तेजस्वी यादव के इस योजना को लेकर केंद्रीय मंत्री ललन सिंह उर्फ राजीव रंजन जमकर भड़के।

केंद्रीय मंत्री ललन सिंह ने तेजस्वी यादव के बिहार में सरकार बनने पर महिलाओं को हर महीने 2500 रुपये देने की घोषणा पर निशाना साधते हुए कहा, "तेजस्वी यादव पहले अपने बाबू-माई से पूछे कि 15 साल क्या किया? बिहार में आपके 15 साल में एक ही काम होता था, अपहरण का उद्योग चलता था। 2500 रुपये अपहरण की फिरौती से देंगे क्या? आपके माता-पिता के शासनकाल में बिहार का बजट 25 हजार करोड़ था। आज बिहार का बजट लगभग 3 लाख करोड़ पर पहुंच गया है। बिहार के लोगों को नीतीश कुमार पर भरोसा है। जनता सब समझती है, इनके माता-पिता ने पूरे बिहार को दिग्भ्रमित किया।"

कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा के बयान पर उन्होंने कहा, "प्रियंका गांधी को अब क्या दिखाई देगा, जब पूरी कांग्रेस पार्टी ने आजादी के बाद से आज तक संविधान की धज्जियां उड़ाई और प्रधानमंत्री ने कल उन्हें आईना दिखा दिया तो अब उन्हें अपना चेहरा नहीं दिख रहा है।"

तेजस्वी के महिला योजना वाले ऐलान पर NDA का हमला

वहीं तेजस्वी यादव के महिला योजना वाले ऐलान को लेकर NDA नेताओं का हमला सामने आया है। केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने RJD नेता माई बहन मान योजना की घोषणा पर कहा, "अब तक किसकी सरकार थी? 90 के दशक को याद कीजिए, इनके ही परिवार का सदस्य मुख्यमंत्री था। उस समय इन्हें न माई याद आई, न बहन। उस समय इन्हें सिर्फ अपना MY समीकरण याद आया, जिसमें ये लोग जाति-धर्म के नाम पर लोगों को बांटते थे। ये लोग आज जिस बहन की बात कर रहे हैं, उसी को गाली देते हैं। मेरे ही परिवार में मेरी ही मां-बहन को इनकी पार्टी के लोगों ने गाली दी... ये उन्हीं योजनाओं की नकल कर रहे हैं, जो हमारी NDA सरकारों ने अलग-अलग राज्यों में लागू की हैं। सत्ता से बाहर होते ही इनकी भाषा बदल जाती है। अब इन्हें विशेष राज्य का दर्जा याद आया। जब केंद्र में इनकी सरकार और इनके मंत्री थे, तब इन्हें ये क्यों याद नहीं आया?"

Advertisement

बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने RJD नेता की घोषणा पर कहा, "बिहार की जनता ने लालू प्रसाद जी के 15 साल देखे हैं। कैसे उन्होंने लोगों को लूटा, 950 करोड़ का चारा घोटाला किया। नौकरी के बदले गरीबों की जमीन लिखवाने का काम किया, बिहार की जनता यह जानती है। बिहार की जनता किसी भी हालत में लालू प्रसाद के परिवार को बिहार की सत्ता नहीं देगी।"

इसे भी पढ़ें: 'टांगों से चीरकर फेंक दिया था...', चश्मदीद ने बतायी रूह कंपा देने वाली 1978 में संभल दंगों की कहानी

Advertisement

Published By : Kanak Kumari Jha

पब्लिश्ड 15 December 2024 at 18:28 IST