बिहार में नया खेल! नीतीश कुमार की NDA में वापसी के बीच 13 कांग्रेस MLAs के फोन बंद, टूट के आसार
बिहार कांग्रेस के 13 विधायकों का फोन नहीं लग रहा है। सभी विधायकों के फोन नॉट रिचेबल आ रहे हैं। हालांकि पार्टी नेता अजित शर्मा ने इन खबरों का खंडन किया है।
- भारत
- 2 min read

Bihar News: बिहार के राजनीतिक परिदृश्य में नए-नए दृश्य देखने को मिल रहे हैं। पहले से ही मुख्यमंत्री नीतीश कुमार (CM Nitish Kumar) के बीजेपी नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) में वापसी तय मानी जा रही है। अभी कांग्रेस पार्टी (Congress) के अंदर भी टूट की चर्चाएं होने लगी हैं। बताया जा रहा है कि बिहार में कांग्रेस पार्टी (Bihar Congress) के 13 विधायकों के फोन बंद आ रहे हैं।
खबर है कि कांग्रेस के 13 विधायकों का फोन नहीं लग रहा है। सभी विधायकों के फोन नॉट रिचेबल आ रहे हैं। इससे अटकलें लगने लगी हैं कि ये कांग्रेस विधायक पाला बदलकर बीजेपी या नीतीश कुमार के साथ जा सकते हैं।
सभी विधायक एकजुट: अजित शर्मा
हालांकि कांग्रेस पार्टी के अन्य नेता दावा कर रहे हैं कि सभी विधायक एकजुट हैं। रिपब्लिक भारत से बातचीत करते हुए कांग्रेस विधायक अजित शर्मा ने कहा कि सभी 19 विधायक एकजुट हैं। एक भी विधायक का नाम बता दें जो टूट रहे हैं, 13 तो बहुत बड़ी बात है।
Advertisement
किसी भी विधायक का फोन बंद नहीं: अजित शर्मा
कांग्रेस विधायक अजित शर्मा ने कहा कि मैंने टीवी पर देखा कि फोन बंद है, लेकिन किसी भी विधायक का फोन बंद नहीं है। 5-6 विधायक पूर्णियां के रास्ते में हैं। हम लोग राहुल गांधी के कार्यक्रम के लिए पूर्णियां जा रहे हैं।
अजित शर्मा ने राजद की तरफ से सरकार बनाने का दावा पेश करने की चर्चाओं पर भी जवाब दिया। उन्होंने कहा कि ये तो विधायक तय करेंगे, बिहार के हित में क्या होगा। उनके साथ जो संख्या है वो ज्यादा है। ये तो जेडीयू के विधायकों को सोचना है कि उनके साथ जाएंगे कि हमारी विचारधारा के साथ महागठबंधन में रहेंगे।
Advertisement
बिहार का नंबर गेम!
बिहार में कांग्रेस के कुल 19 विधायक हैं और पार्टी इस समय महागठबंधन का हिस्सा है। महागठबंधन में जदयू के अलावा राजद, कांग्रेस और लेफ्ट पार्टी शामिल हैं। इनका संख्याबल जोड़ लिया जाए तो आंकड़ा 159 पहुंचता है।
हालांकि अभी जदयू के वापस एनडीए में जाने की चर्चाएं हैं। ऐसे में महागठबंधन के पास विधायकों की संख्या 114 बचेगी। अगर राजद की तरफ से सरकार बनाने का दावा पेश किया जाता है, तो उसे 8 और विधायक बहुमत साबित करने के लिए चाहिए होंगे।
यह भी पढ़ें: नीतीश थामेंगे BJP का हाथ तो क्या करेंगे लालू के लाल?