यमुना के घाट पर लगी आतिशी और केजरीवाल की कुर्सी, सामने नदी में नहा रहे BJP के नेता... माजरा क्या है?
सचदेवा ने आरोप लगाते हुए कहा कि 'अरविंद केजरीवाल ने यमुना को साफ करने का जो वादा किया था, वह अब तक पूरा नहीं हुआ है।
- भारत
- 3 min read

Delhi Pollution Politics: दिल्ली की राजनीति में यमुना प्रदूषण और छठ पूजा एक बार फिर से चर्चा का केंद्र बन गए हैं। ITO छठ घाट पर 24 अक्टूबर की सुबह बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने यमुना में डुबकी लगाकर विरोध प्रदर्शन किया। सचदेवा ने आरोप लगाते हुए कहा कि 'अरविंद केजरीवाल ने यमुना को साफ करने का जो वादा किया था, वह अब तक पूरा नहीं हुआ है।' इसके लिए उन्होंने अरविंद केजरीवाल और दिल्ली की मुख्यमंत्री आतिशी को घाट पर आने का निमंत्रण भी दिया।
वीरेंद्र सचदेवा ने कहा कि अरविंद केजरीवाल ने 2020 विधानसभा चुनाव के दौरान यमुना को साफ करने का वादा किया था और 2025 चुनाव से पहले यमुना में डुबकी लगाने की बात कही थी। लेकिन यह वादा अब तक अधूरा है। सचदेवा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट लिखते हुए चुनौती दी थी कि केजरीवाल यमुना में डुबकी लगाकर जनता को दिखाएं कि उन्होंने अपना वादा पूरा किया है।
यमुना सफाई के लिए मिले फंड का दुरुपयोग- BJP
सचदेवा ने आरोप लगाया कि यमुना सफाई के लिए मिले 8500 करोड़ रुपये के फंड का दुरुपयोग हुआ है। इस धन का सही इस्तेमाल न होने से यमुना की स्थिति जस की तस बनी हुई है। वीरेंद्र सचदेवा ने आगे कहा कि, 'अरविंद केजरीवाल अपनी नाकामी छिपाने के लिए पड़ोसी राज्यों पर दोष मढ़ रहे हैं, जबकि असल जिम्मेदारी उनकी है।'
यमुना में डुबकी लगाकर जताया विरोध
सचदेवा ने सुबह ITO स्थित छठ घाट पर यमुना में डुबकी लगाई और मां यमुना से क्षमा मांगी कि दिल्ली सरकार उनकी सफाई नहीं कर सकी। विरोध के दौरान उन्होंने वहां दो कुर्सियां लगवाई थीं, जिन पर केजरीवाल और आतिशी के नाम का पेपर चिपकाया हुआ था। उन्होंने आरोप लगाया कि केजरीवाल और आतिशी ने यमुना सफाई के वादे को लेकर जनता को धोखा दिया है।
Advertisement
केजरीवाल को राजशाही की आदत- सचदेवा
वीरेंद्र सचदेवा ने घाट पर रेड कारपेट बिछाने की वजह बताते हुए कहा कि केजरीवाल को राजशाही की आदत है और वह शाही अंदाज में जीते हैं। इसलिए उनके स्वागत के लिए रेड कारपेट बिछाया गया। उन्होंने कहा कि आतिशी ने खुद ही दो कुर्सियों की परंपरा शुरू की थी, इसलिए दोनों नेताओं के लिए कुर्सियां भी लगवाई गई थीं।
दिल्ली के प्रदूषण के लिए केजरीवाल जिम्मेदार- सचदेवा
वीरेंद्र सचदेवा ने दिल्ली के प्रदूषण और बाकी समस्याओं के लिए केजरीवाल को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा कि पिछले 10 सालों में दिल्ली की सड़कों और पर्यावरण की स्थिति बेहद खराब हो गई है। सचदेवा ने आगे कहा कि, 'अगर केजरीवाल ने सही काम किया होता, तो दिल्ली की हालत आज इतनी खराब नहीं होती। उन्होंने सिर्फ विज्ञापनों पर पैसा खर्च किया है और जनता को धोखा दिया है।'
Advertisement
दिल्ली में छठ पूजा के लिए यमुना में डुबकी लगाना एक बड़ा धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व रखता है, लेकिन यमुना के प्रदूषण को लेकर यह मुद्दा हर साल गरमा जाता है। इस बार भी सत्ता और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला जारी है।