'राहुल-केजरीवाल समेत विपक्ष का 'लोकतंत्र की हत्या' वाला आरोप बेबुनियाद, ये देश में अराजकता का माहौल बना रहे हैं...', विरोध-प्रदर्शन पर बोली BJP
BJP नेता गौरव भाटिया ने इंडिया गठबंधन के विरोध प्रदर्शन पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए, विपक्षी दलों पर संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने का आरोप लगाया है।
- भारत
- 3 min read

मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ इंडिया गठबंधन का प्रदर्शन देशभर में जारी है। SIR में गड़बड़ी का आरोप और CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे के मांग को लेकर विपक्षी गठबंधन ने मोर्चा खोल दिया है। कांग्रेस सहित गठबंधन की कई पार्टियां अलग-अलग राज्यों में विरोध प्रदर्शन कर रही हैं। बुधवार को राजधानी दिल्ली में स्थिति बेहद तनावपूर्ण हो गई थी। पुलिस और कांग्रेस समेत विपक्षी सांसदों के बीच जबरदस्त झड़प हुई। पुलिस ने प्रियंका गांधी, राहुल गांधी समेत कई विपक्षी नेताओं को हिरासत में ले लिया था। अब इस प्रदर्शन और विपक्ष के आरोपों पर BJP ने तीखी प्रतिक्रिया दी है।
भाजपा नेता गौरव भाटिया ने गुरुवार को भाजपा मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर विपक्षी दलों पर संविधान और लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में देश में दो विचारधाराओं के बीच संघर्ष चल रहा है। एक तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं, जिन्होंने पिछले 25 वर्षों में मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में संवैधानिक मर्यादाओं और संविधान की मूल भावना के अनुरूप देश की सेवा की है। दूसरी तरफ विपक्ष अराजकता का माहौल पैदा कर रहा है।
लोकतंत्र की हत्या के आरोप निराधार-गौरव भाटिया
गौरव भाटिया ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का सार्वजनिक जीवन संविधान की मूल भावना को कायम रखने और संवैधानिक मर्यादाओं का पालन करने का उदाहरण है, जो सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। वहीं, विपक्ष पर बरसते हुए बीजेपी नेता ने कहा, राहुल गांधी, अरविंद केजरीवाल और अन्य विपक्षी नेताओं द्वारा लोकतंत्र की हत्या किए जाने संबंधी आरोपों को निराधार बताया।
विपक्ष खुद संविधान को कमजोर कर रहा है-गौरव भाटिया
बीजेपी नेता ने कि विपक्ष खुद संविधान को कमजोर कर रहा है और उसके आरोपों में कोई तथ्य या सबूत नहीं है। एक गैर-जिम्मेदार और अराजक विपक्ष द्वारा लगाए गए इन बेबुनियाद आरोपों में कोई दम नहीं है और इनमें सबूत का एक भी अंश मौजूद नहीं है। भाजपा नेता ने पंजाब के स्थानीय निकाय चुनावों का हवाला देते हुए कहा, सुप्रीम कोर्ट की तीन जजों की बेंच ने एक अहम फैसला सुनाते हुए पंजाब के 50 वार्डों में नगर निकाय चुनाव रद्द कर दिए हैं। आम आदमी पार्टी, जिसने 'स्वराज' के नारे के साथ राजनीति में कदम रखा था, आज 'गुंडा राज' वाली पार्टी बन गई है। ये विपक्ष हम पर वोट चोरी का आरोप लगाती है।