अपडेटेड 17 September 2025 at 16:26 IST
Akhilesh yadav: गोरखपुर कांड में पशु तस्कर रहीम के एनकाउंटर पर भड़के अखिलेश, कहा- इसकी जरूरत क्या थी, कल रात को ही मैसेज...
समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने कहा कि एनकाउंटर करने की जरूरत क्या थी। इतने बड़े पैमाने पर तस्करी चल रही है तो आखिर पुलिस क्या कर रही थी।
- भारत
- 3 min read

Akhilesh Yadav:यूपी के गोरखपुर के पिपराइच में नीट परीक्षा की तैयारी कर रहे छात्र की गौतस्करों ने बेरहमी से गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने इसी हत्याकांड के एक आरोपी का हाफ एनकाउंटर किया है। इसे लेकर समाजवादी पार्टी ने योगी सरकार को आड़ हाथों लिया।
समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने सवाल खड़ा करते हुए कहा कि एनकाउंटर करने की जरूरत क्या थी। इतने बड़े पैमाने पर तस्करी चल रही है तो आखिर पुलिस क्या कर रही थी।
एनकाउंटर पर भड़के अखिलेश यादव
सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा, 'कल रात को ही मैसेज आने लगा कि कोई अधिकारी गोरखपुर गया है। मैंने सुबह जानकारी ली जो पता चला कि एनकाउंटर नहीं हुआ। अभी हमारी प्रेस कॉन्फ्रेंस चल रही है तो एनकाउंटर हो गया। एनकाउंटर करने की आपको जरूरत क्या थी? आपकी पुलिस क्या कर रही थी? वो भी मुख्यमंत्री के अपने गृह जनपद में पुलिस क्या कर रही थी? इतने बड़े पैमाने पर तस्करी चल रही हो तो पुलिस कर क्या रही थी?'
'एनकाउंटर से कानून व्यवस्था बेहतर नहीं होगी'
उन्होंने आगे कहा, 'मुख्यमंत्री योगी हफ्ते या महीने में खुद कितनी बार जाते हैं। ये एनकाउंटर दिखावे के लिए किया गया है। एनकाउंटर से कानून व्यवस्था बेहतर नहीं होगी। अच्छे अधिकारियों को मौका देने से कानून व्यवस्था बेहतर होगी।'
Advertisement
क्या है पूरा मामला?
गोरखपुर के पिपराइच इलाके के जंगलधूसड़ गांव में 15 सितंबर 2025 की आधी रात को जब लोग गहरी नींद में थे, तभी कुछ गौ तस्कर गांव और घरों में घुसे और खूंटे से बंधे मवेशियों को चुपचाप ले जाने लगे। आहट होने पर नीट परीक्षा की तैयारी कर रहे 19 साल के लड़के की नींद खुली और वो पशु तस्करों के पीछे भागा। लेकिन तस्कर उसे भी अपने साथ अगवा कर ले गए और डीसीएम गाड़ी में डालकर मौके से फरार हो गए। इसके करीब 4 घंटे बाद गांव से लगभग 4 किमी की दूरी पर खून से लथपथ लाश मिली।
जानकारी के मुताबिक, तस्करों ने लड़के को डीसीएम गाड़ी में बांधकर पहले उसे घुमाया और फिर मुंह में गोली मारकर हत्या कर दी।
Advertisement
मामले में अब तक कितनी गिरफ्तारी?
अब पुलिस ने आरोपियों में से एक रहीम का एनकाउंटर किया जिसे जख्मी हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जबकि अजब हुसैन नाम के दूसरे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। इस पूरे कांड में अबतक 4 लोगों को गिरफ्तार किए जाने की खबर है।
SSP राज करण नैय्यर ने बताया, 'प्रकाश में आए अभियुक्तों में से अजब हुसैन को ग्रामीणों द्वारा पकड़ा गया था। इसके अतिरिक्त एक अभियुक्त रहीम जिसकी पुलिस को तलाश थी उसकी एक ज्वाइंट ऑपरेशन में गिरफ्तारी हुई है। जिसमें उसके द्वारा पुलिस टीम पर फायरिंग की गई थी और जवाबी आत्मरक्षा पुलिस फायरिंग में उसको गोली लगी है। जिसके बाद पुलिस द्वारा उसको गिरफ्तार किया गया है। 2 अन्य अभियुक्त छोटू और राजू को हिरासत में लेकर पूछताछ और अग्रीम विधिक कार्रवाई की जा रही है।'
Published By : Priyanka Yadav
पब्लिश्ड 17 September 2025 at 16:26 IST