फिर साथ आए चाचा-भतीजा, पुणे नगर निगम चुनाव के लिए NCP का संयुक्त घोषणापत्र जारी, साथ बैठे दिखे अजित पवार और सुप्रिया सुले
Ajit Pawar- Sharad Pawar Party: महाराष्ट्र में ठाकरे ब्रदर्स के बाद अब चाचा-भतीजे अजित पवार और शरद पवार साथ आ गए हैं। दोनों पार्टियां मिलकर पुणे नगर निगम लड़ेंगी। इसके लिए संयुक्त घोषणापत्र भी जारी कर दिया गया है।
- भारत
- 2 min read

Maharashtra news: 29 नगर निकायों के चुनाव के बीच महाराष्ट्र की राजनीतिक दिलचस्प मोड़ ले रही है। BMC चुनाव को लेकर 20 साल बाद ठाकरे ब्रदर्स एक साथ आए हैं। इस बीच अब चाचा-भतीजे का भी मिलन हो गया है। अजित पवार और शरद पवार की पार्टी ने पुणे नगर निगम चुनाव एक साथ चुनाव लड़ने के फैसला लिया है। इसके लिए शनिवार, 10 जनवरी को एक संयुक्त घोषणा पत्र भी जारी किया गया। इस दौरान अजित पवार और सुप्रिया सुले साथ में मंच साझा करते नजर आए।
एनसीपी और एनसीपी (शरद पवार) पुणे और पिंपरी चिंचवाड़ में निकाय चुनाव एक साथ लड़ रही है। आज अजित पवार ने अपने संयुक्त घोषणापत्र जारी किया और प्रेस को संबोधित किया।
घोषणापत्र में किए ये बड़े वादे
पुणे नगर निगम चुनावों के लिए NCP (SP) और NCP के संयुक्त घोषणापत्र में शहर में 33 गायब रोड लिंक को ठीक करने, भीड़ कम करने, मुख्य सड़कों को चौड़ा करने और कुल मिलाकर ट्रैफिक फ्लो को बेहतर बनाने का वादा किया गया है। इसके साथ ही पार्टियों ने अपने संयुक्त घोषणापत्र में बसों और मेट्रो में मुफ्त यात्रा का प्रस्ताव दिया है। गठबंधन ने दो किलोमीटर के दायरे में अस्पताल बनाने का वादा किया है, जिससे बुनियादी मेडिकल केयर आसानी से मिल सके।
संयुक्त घोषणापत्र में यह भी वादा किया गया है कि जो हाउसिंग सोसायटी इको-फ्रेंडली तरीके अपनाएंगी, उन्हें 20 प्रतिशत प्रॉपर्टी टैक्स में छूट और 'ग्रीन सोसायटी' सर्टिफिकेशन से सम्मानित किया जाएगा।
Advertisement
15 जनवरी को चुनाव
महाराष्ट्र में 15 जनवरी को 29 नगर निगमों के लिए चुनाव होने हैं, जिनमें पुणे और पिंपरी-चिंचवाड़ भी शामिल हैं। 2023 में एनसीपी में विभाजन हुआ था। अजित पवार अपने चाचा शरद पवार से अलग हो गए थे और वो कई वरिष्ठ नेताओं के साथ एनडीए में शामिल हो गए थे। इसके बाद उन्होंने पार्टी का नाम और चुनाव चिन्ह हासिल कर लिया था और वो महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री बने।