अपडेटेड 22 July 2025 at 13:29 IST
बिहार का बेटा बनेगा उपराष्ट्रपति या देश को मिलेगी पहली महिला Vice President? जगदीप धनखड़ के बाद इन नामों की हो रही चर्चा
जगदीप धनखड़ के इस्तीफा देने के बाद अब उपराष्ट्रपति का चुनाव होगा। संविधान के अनुसार, पद खाली होने के 60 दिनों में उपराष्ट्रपति का चुनाव होना चाहिए। ऐसे में 19 सितंबर, 2025 तक यह प्रक्रिया पूरी हो जाएगी।
- भारत
- 3 min read

Jagdeep Dhankhar Vice President Resigns : देश के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ का इस्तीफा राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने मंजूर कर लिया है। उन्होंने महज 12 दिन पहले JNU में एक कार्यक्रम के दौरान अपना रिटायरमेंट प्लान बताते हुए कहा था कि "मैं सही समय पर, अगस्त 2027 में, ईश्वरीय कृपा से, सेवानिवृत्त हो जाऊंगा।" सोमवार को उन्होंने स्वास्थ्य संबंधी चिंताओं का हवाला देते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया। पीएम मोदी ने पोस्ट कर उनके उत्तम स्वास्थ्य की कामना की है।
जगदीप धनखड़ के बाद अब अगले उपराष्ट्रपति के नाम पर कवायद तेज हो गई है। अगले उपराष्ट्रपति के लिए कई संभावित नामों पर चर्चा चल रही है, लेकिन अभी तक कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। इस रेस में राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश नारायण सिंह का नाम सबसे आगे माना जा रहा है। फिलहाल राज्यसभा में कामकाज की जिम्मेदारी उन्होंने ही संभाली हुई है। सदन के संचालन और सदन की बैठकों-मीटिंग के संचालन की जिम्मेदारी अब उपसभापति की है। मंगलवार को धनखड़ राज्यसभा की कार्यवाही की अध्यक्षता करने नहीं आए।
बिहार का बेटा बनेगा उपराष्ट्रपति?
धनखड़ के इस्तीफे के बाद सबसे बड़ा सवाल है कि अगला उपराष्ट्रपति कौन होगा? बिहार में बहुत जल्द विधानसभा चुनाव होने हैं, कयास लगाए जा रहे हैं कि कोई बिहार से ही अगला उपराष्ट्रपति बन सकता है। इसमें हरिवंश नारायण सिंह और नीतीश कुमार दोनों के नाम की चर्चा है। बिहार के छपरा जिले में जन्में हरिवंश नारायण सिंह को लंबा संसदीय अनुभव है। पीएम नरेंद्र मोदी के साथ भी उनके मधुर संबंध बताए जाते हैं।
एक अटकल यह भी चल रही है कि बिहार चुनाव से पहले धनखड़, नीतीश कुमार के लिए अगला उपराष्ट्रपति बनने का रास्ता बना रहे हैं। इस बार BJP बिहार में अधिक सीटें जीतने की उम्मीद में है, इसलिए नीतीश को उपराष्ट्रपति बनाना उन्हें खुश रखने की एक रणनीति हो सकती है। मंगलवार को BJP विधायक हरिभूषण ठाकुर ने अफवाहों को और हवा दे दी। ठाकुर ने पत्रकारों से बात करते हुए का कि
Advertisement
"अगर नीतीश कुमार को उपराष्ट्रपति बनाया जाता है, तो यह बिहार के लिए बहुत अच्छा होगा।"
देश को मिलेगी पहली महिला उपराष्ट्रपति?
चर्चा ये भी है कि BJP एक महिला उम्मीदवार को इस पद के लिए चुन सकती है। नीतीश कुमार के बाद वसुंधरा राजे का नाम भी चर्चा में हैं। ग्वालियर राजघराने से ताल्लुक रखने वाली और राजस्थान की पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे अगर उपराष्ट्रपति बनती हैं, तो वो देश की पहली महिला उपराष्ट्रपति होंगी। धनखड़ भी राजस्थान से ही थे, ऐसे में वसुंधरा राजे को उपराष्ट्रपति बनाकर उनके अनुभव और बीजेपी के भीतर मजबूत स्थिति को देखते हुए उन्हें एक संभावित उम्मीदवार माना जा रहा है।
हालांकि, ये महज अटकलें हैं और इनका कोई आधिकारिक आधार नहीं है। अंतिम निर्णय बीजेपी के नेतृत्व और गठबंधन की रणनीति पर निर्भर करेगा।
Advertisement
Published By : Sagar Singh
पब्लिश्ड 22 July 2025 at 13:29 IST