इन्हें पहचानते हैं आप? पुलिस ने जारी किए 5 दहशतगर्दों के स्केच, घाटी में आतंकियों के खिलाफ एक्शन तेज
Jammu Kashmir: आतंकियों ने 28 अप्रैल को उधमपुर के बसंतगढ़ इलाके में वीडीजी एसपीओ की हत्या कर दी थीं।
- भारत
- 2 min read

Jammu Kashmir News: जम्मू-कश्मीर में आतंकियों की तलाश के लिए सुरक्षाबलों का सर्च ऑपरेशन जारी है। पुलिस ने पांच पाकिस्तानी आतंकवादियों की तलाश के लिए उनके स्केच जारी कर दिए हैं। आतंकी उधमपुर के ऊपरी इलाकों में सक्रिय बताए जा रहे हैं। 28 अप्रैल को उधमपुर के बसंतगढ़ इलाके में वीडीजी एसपीओ की हत्या कर दी थी, जिनमें यह आतंकी शामिल थे।
पुलिस द्वारा जारी स्केच में पांचों दहशतगर्दों के चेहरे, नाम और उनसे जुड़ी दूसरी जानकारियां शामिल हैं। पुलिस ने लोगों से इनकी पहचान कर जानकारी देने को कहा है। पुलिस ने इन्हें पकड़वाने और मार गिराने में मदद करने वाले को पांच से दस लाख रुपए का इनाम देने का भी ऐलान किया।
कठुआ से मददगार गिरफ्तार
इस बीच कठुआ से आतंकियों की सहायता करने वाले एक मददगार को भी पुलिस ने दबोचा है। वह कठुआ के लोहई का रहने वाला है।
एसएसपी ने क्या बताया?
उधमपुर के एसएसपी जोगिंदर सिंह ने कहा, "अब तक हमने कई लोगों को पूछताछ के लिए बुलाया है और कुछ आम जनता ने हमें बहुत सारी जानकारी दी है। हमारी कुछ सहयोगी एजेंसी काम कर रही है। इन सभी को मिलाकर इनपुट और उनका विश्लेषण करते हुए हमने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।" इसके अलावा हमने पहचान के लिए आतंकियों के स्केच बनाने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा कि इस मामले में हमारी जांच अभी जारी है।
Advertisement
बता दें कि उधमपुर के बसंतगढ़ में ग्राम रक्षा गार्ड और आतंकियों के बीच हुई मुठभेड़ के 14 दिन हो गए है। सुरक्षाबल आतंकियों की तलाश में जुटे हैं। पुलिस एक-एक इलाके से लेकर जंगल तक का चप्पा-चप्पा खंगाल रही है।
28 अप्रैल को हुई थी मुठभेड़
जानकारी दे दें कि जम्मू-कश्मीर के उधमपुर जिले के दूरदराज गांव में रविवार (28 अप्रैल) की सुबह गोलीबारी हुई थी। इलाके में छिपे आतंकियों के खिलाफ सेना ने सर्च ऑपरेशन चलाया। इस दौरान गश्त कर रहे पुलिस और वीडीजी टीम की आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई। एनकाउंटर में वीडीजी कर्मी, मोहम्मद शरीफ शहीद हो गए थे।