अपडेटेड 5 September 2025 at 23:33 IST
पहाड़ी राज्यों से लेकर मैदानी इलाकों तक तबाही... कहां कितना नुकसान? स्थिति का जायजा लेंगे PM मोदी, बाढ़ प्रभावित राज्यों का करेंगे दौरा
PM Modi: पंजाब सरकार की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश के सभी 23 जिले बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। इस भारी बारिश और बाढ़ की वजह से अब तक 1400 गांव प्रभावित हुए है। पंजाब सरकार की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, गुरु दासपुर में सबसे अधिक 324 गांव बाढ़ और भारी बारिश से प्रभावित हुए हैं।
- भारत
- 3 min read

PM Modi: देश के कई राज्य इस समय तेज बारिश और बाढ़ से प्रभावित हैं। पहाड़ी राज्यों से लेकर मैदानी इलाकों तक तबाही का मंजर दिखा है। इनमें पंजाब, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, हरियाणा, यूपी आदि राज्यों और जगहों के नाम शामिल हैं, जो प्रभावित हैं। इनमें तेज बारिश और बाढ़ से सबसे अधिक प्रभावित राज्य पंजाब है। पंजाब के सभी 23 जिले बाढ़ और बारिश से प्रभावित हैं। बीते दिनों पंजाब सरकार के द्वारा आई एक रिपोर्ट के मुताबिक, पंजाब में बाढ़ और बारिश से अब तक 30 लोगों की मौत हो चुकी है और लाखों लोगों को बचाया गया है।
इस बीच एक खास और बड़ी खबर सामने आई है। न्यूज एजेंसी एएनआई ने भारत सरकार के सूत्रों के हवाले से बताया है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हाल ही में बाढ़ प्रभावित राज्यों का दौरा करेंगे और स्थिति की समीक्षा करेंगे।
पंजाब में बाढ़ से अब तक 1400 गांव प्रभावित
पंजाब सरकार की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, प्रदेश के सभी 23 जिले बाढ़ से प्रभावित हुए हैं। इस भारी बारिश और बाढ़ की वजह से अब तक 1400 गांव प्रभावित हुए है। पंजाब सरकार की ओर से जारी आंकड़ों के अनुसार, गुरु दासपुर में सबसे अधिक 324 गांव बाढ़ और भारी बारिश से प्रभावित हुए हैं। सरकार के द्वारा जारी बाढ़ रिपोर्ट एक अगस्त से लेकर दो अगस्त शाम तक की है।
वहीं, इस प्राकृतिक आपदा से पंजाब के कुल तीन लाख 54 हजार 626 लोग प्रभावित हुए हैं। अब तक 19500 से अधिक लोगों को बचाकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया जा चुका है। भारी बारिश और बाढ़ से अब तक 30 लोगों की जान गई है। पठानकोट में सबसे अधिक 6 लोगों की मौत हुई है।
न्यूज एजेंसी एएनआई के अनुसार, पंजाब के फिरोजपुर में भारत-पाकिस्तान सीमा पर कई किलोमीटर लंबी बाड़ डूब गई, क्योंकि पाकिस्तान से आने वाला बाढ़ का पानी अंतर्राष्ट्रीय सीमा पार कर गया और भारतीय सीमा में तटबंध को नुकसान पहुंचा।
Advertisement
पहाड़ों में बादल फटने और मैदानी इलाकों में बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है - राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु
वहीं, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने देश में मानसून के दौरान प्राकृतिक आपदाओं पर दुख जताया है। President of India के आधिकारिक एक्स हैंडल के अनुसार, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने कहा है, "इस साल मानसून के दौरान जब भी मुझे प्राकृतिक आपदाओं के बारे में पता चला, मुझे गहरा दुःख हुआ। पहाड़ों में बादल फटने और मैदानी इलाकों में बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है, जिससे उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, असम और देश के कई अन्य हिस्सों में मौत और तबाही मची है।"
उन्होंने आगे कहा है, "राष्ट्र आपदाओं से प्रभावित लोगों के दुःख में शामिल है और इस संकट की घड़ी में उनके साथ है। मैं बचाव और राहत कार्यों में शामिल लोगों के जज्बे की सराहना करती हूं। हम सब मिलकर इस चुनौती का सामना करेंगे।"
Advertisement
Published By : Amit Dubey
पब्लिश्ड 5 September 2025 at 23:25 IST