यूक्रेन-पश्चिम एशिया में हम संघर्ष की शीघ्र समाप्ति चाहते हैं और आतंक को जड़ से खत्म करना भारत-बेल्जियम की साझी प्रतिबद्धता है- PM मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि चाहे यूक्रेन हो या पश्चिम एशिया, हम संघर्ष को जल्द खत्म करने और शांति स्थापित करने की सभी कोशिशों का समर्थन करते हैं। साथ ही, आतंकवाद को हर रूप में खत्म करना हमारी साझा प्रतिबद्धता है।
- भारत
- 4 min read

PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को बेल्जियम के पीएम बार्ट डी वेवर से नई दिल्ली में मुलाकात की। इस दौरान दोनों नेताओं की मौजूदगी में भारत और बेल्जियम के बीच MoU का आदान-प्रदान हुआ। इसके बाद पीएम मोदी ने बताया कि हम जोरावर टैंक जैसे आधुनिक रक्षा उपकरणों पर मिलकर काम कर रहे हैं। हम आंध्र प्रदेश के काकीनाडा में दुनिया के सबसे बड़े ग्रीन अमोनिया प्रोजेक्ट्स में से एक को भी विकसित कर रहे हैं।
पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री बार्ट डी वेवर की पहली भारत यात्रा पर उनका हार्दिक स्वागत करते हुए मुझे बहुत खुशी हो रही है। यह उनकी पहली भारत यात्रा जरूर है, लेकिन भारत से उनका परिचय पुराना है। वे लंबे समय तक एन्टवर्प के मेयर रहे हैं और उन्होंने एन्टवर्प के बड़े भारतीय समुदाय और भारत-बेल्जियम हीरे का व्यापार को हमेशा समर्थन दिया है। भारत और बेल्जियम के संबंधों की जड़ें इतिहास में गहरी है। पहले विश्व युद्ध में बेल्जियम में हजारों भारतीय सैनिकों का साहस और बलिदान हमारी साझा स्मृति का अहम हिस्सा है। आज लोकतांत्रिक मूल्य, बाज़ार अर्थव्यवस्था और लोगों के बीच आपसी गहरे संबंध हमें स्वाभाविक साझेदार बनाते हैं।
आधुनिक रक्षा उपकरणों पर मिलकर काम कर- PM मोदी
उन्होंने आगे कहा कि मुझे दस साल पहले बेल्जियम जाने का मौका मिला था और मुझे यह देखकर खुशी हो रही है कि पिछले दशक में हमारी साझेदारी ने कितनी शानदार तरक्की की है। आज, हमारे सहयोग का दायरा पारंपरिक क्षेत्रों से आगे बढ़कर रक्षा और स्वच्छ ऊर्जा जैसे रणनीतिक क्षेत्रों तक फैल गया है। हम जोरावर टैंक जैसे आधुनिक रक्षा उपकरणों पर मिलकर काम कर रहे हैं। हम आंध्र प्रदेश के काकीनाडा में दुनिया के सबसे बड़े ग्रीन अमोनिया प्रोजेक्ट्स में से एक को भी विकसित कर रहे हैं।
हमने भारत-यूरोपीय यूनियन फ्री ट्रेड एग्रीमेंट किया- PM मोदी
पीएम मोदी ने बताया कि इस साल की शुरुआत में हमने ऐतिहासिक भारत-यूरोपीय यूनियन फ्री ट्रेड एग्रीमेंट किया। विश्व की दो सबसे बड़ी लोकतांत्रिक शक्तियों के बीच यह अभूतपूर्व सहयोग वैश्विक स्थिरता, विकास और साझा समृद्धि को नई मजबूती देगा। भारत की निरंतर आर्थिक प्रगति और इस एग्रीमेंट ने हमारे आर्थिक संबंधों के लिए नई संभावनाओं के द्वार खोले हैं। आज हमने इन संभावनाओं को ठोस परिणामों में बदलने के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं।
Advertisement
दोनों नेताओं के बीच किन मुद्दों पर हुई चर्चा?
उन्होंने कहा कि आज हमने अपने स्टार्टअप्स के बीच आपसी संबंध मजबूत करने और समुद्री क्षेत्र में क्षमता निर्माण को बढ़ावा देने पर सहमति जताई है। हम यूनिवर्सिटी और रिसर्च के क्षेत्रों में भी सहयोग को और मजबूत करेंगे और टैलेंट की आवाजाही को आसान बनाने के लिए जल्द ही 'माइग्रेशन एंड मोबिलिटी पार्टनरशिप एग्रीमेंट' पर हस्ताक्षर करेंगे। आज हमने क्षेत्रीय और वैश्विक घटनाक्रमों पर भी विस्तार से चर्चा की। भारत और बेल्जियम, दोनों ही कानून के शासन, बातचीत और कूटनीति में विश्वास रखते हैं।
'आतंकवाद को खत्म करना हमारी साझा प्रतिबद्धता'
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि चाहे यूक्रेन हो या पश्चिम एशिया, हम संघर्ष को जल्द खत्म करने और शांति स्थापित करने की सभी कोशिशों का समर्थन करते हैं। साथ ही, आतंकवाद को हर रूप में खत्म करना हमारी साझा प्रतिबद्धता है। पिछले महीने बेल्जियम और नीदरलैंड ने मिलकर हॉकी वर्ल्ड कप की मेजबानी की। मैं इस वर्ल्ड कप के शानदार आयोजन के लिए आपको दिल से बधाई देता हूं। मैं हमारे खिलाड़ियों की कड़ी मेहनत और उनके प्रदर्शन की भी तारीफ करता हूं। भारत और बेल्जियम लंबे समय से हीरों के ज़रिए जुड़े रहे हैं। आज, हम इस ऐतिहासिक रिश्ते को एक व्यापक साझेदारी में बदल रहे हैं। मुझे पूरा भरोसा है कि आज हमारी बातचीत हमारे द्विपक्षीय संबंधों में एक नए अध्याय की शुरुआत करेगी।