'हम निलंबन की मांग नहीं करेंगे, बस कुछ दिनों की बात है...', मूंछों पर ताव देने वाले मैनपुरी CO को लेकर बोले अखिलेश यादव, आखिर क्या है पूरा मामला?
'वीडियो बनाओ और अखिलेश यादव को भेज देना' मूंछों पर ताव देते हुए मैनपुरी के सीओ सिटी अशोक सिंह का यह कहना सपा प्रमुख को नागवार गुजरा है। उन्होंने अपने पोस्ट में कहा कि बदलाव दस्तक दे रहा बदलाव है। हम निलंबन की मांग नहीं करेंगे!
- भारत
- 4 min read
Akhilesh Yadav: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी के थाना एलाऊ क्षेत्र का एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है जिसमें एक ट्रक परिचालक की हत्या के पोस्टमार्टम हाउस पर जमकर बवाल हुआ। इस हंगामे के बीच सबसे ज्यादा चर्चा सीओ सिटी अशोक कुमार सिंह के उस बयान की हो रही है, जिसमें उन्होंने मूंछों को ताव देते हुए कहा कि वीडियो बनाकर अखिलेश यादव को भेज देना। अब उनका यह लहजा और बात समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव को नागवार गुजरी है। उन्होंने पलटवार करते हुए इशारों-इशारों में बड़ी बात कह दी है।
अखिलेश यादव ने कहा है कि जब सिर पर ‘सत्ता-सजातीय’ हाथ हो, तो मूंछों पर ताव आना लाजमी है। ऐसे में इंसाफ की उम्मीद ही बेकार है! लेकिन याद रहे, यह सब बस कुछ ही दिनों के लिए है, क्योंकि अब बदलाव का वक्त आ चुका है। इस दौरान उन्होंने स्पष्ट किया कि वह निलंबन की मांग नहीं करेंगे।
'हम निलंबन की मांग नहीं करेंगे, क्योंकि…'
सपा प्रमुख ने एक्स पर वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा, 'सिर पर ‘सत्ता-सजातीय’ हाथ है। इसीलिए इनकी मूंछों पर ताव है। ऐस लोगों से क्या होना इंसाफ है। पर अब ये कुछ दिनों की बात है, क्योंकि दस्तक दे रहा बदलाव है। हम निलंबन की मांग नहीं करेंगे!'
अखिलेश यादव ने इशारों-इशारों में दी चेतावनी
अखिलेश यादव न इसारों-इशारों में कह दिया है कि 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव का इंतजार करिये, क्योंकि कुछ ही दिन रहे गए हैं। उनके मुताबिक, राजनीतिक परिस्थितियां बदलने वाली हैं। ऐसे में सत्ता बदलने के साथ ही अधिकारियों के समीकरण भी बदलने की उम्मीद है। हम निलंबन की मांग नहीं करेंगे। यह तंज से कहीं अधिक स्पष्ट तौर पर चेतावनी लग रही है। उनका संकेत है कि वह केवल अशोक सिंह के निलंबन की मांग तक सीमित नहीं रहेंगे, बल्कि इस पर सीधे सत्ता परिवर्तन के बाद बात होगी!
Advertisement
क्या है पूरा मामला?
मैनपुरी के पोस्टमार्टम हाउस में एलाऊ थाना क्षेत्र में हुई हत्या के बाद परिजन न्याय की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। इसी तनावपूर्ण माहौल के बीच सीओ सिटी अशोक कुमार सिंह की कुछ लोगों से तीखी बहस हो गई।
इसी दौरान हंगामे में शामिल एक युवक सीओ की वीडियो बनाने और कहने लगा कि वह इस मामले की शिकायत 'अखिलेश भैया' (पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव) से करेगा। इस पर सीओ सिटी मूंछों पर ताव देते हुए नजर आए। उन्होंने वीडियो बना रहे युवक से कहा कि बनाओ वीडियो, खूब वायरल कर देना और अखिलेश यादव को भी भेज देना।
Advertisement
CO सिटी अशोक कुमार ने दी सफाई
हालांकि, अब सीओ सिटी अशोक कुमार सिंह ने इस पर सफाई दी है। उन्होंने कहा, '30 अगस्त 2026 को शाम 7 बजे थाना एलाऊ क्षेत्र में एक हेल्पर की गोली मारकर हत्या हुई थी और ड्राइवर घायल हो गया था। इस सूचना के आधार पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। वहां पर मौजूद सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उसी गांव का मोहित यादव, जो कि मुख्य आरोपी था उसे गिरफ्तार कर लिया गया था। पुलिस ने घायल ड्राइवर की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की। ड्राइवर ने ही आरोपी की पहचान की थी। इसके पश्चात उसी गांव के दो प्रधानों के बीच रंजिश चल रही है। मौजूदा प्रधान ने हंगाम करते हुए कहा कि उन्होंने देखा कि गोली कन्हैया यादव ने चलाई है।'
सीओ सिटी अशोक कुमार सिंह ने आगे कहा, 'कन्हैया कुमार को फर्जी आरोपों में फंसाने की कोशिश की गई। मौजूदा प्रधान ने घटनास्थल और थाने के पास जमकर हंगामा किया। दूसरे दिन पोस्टमार्टम हाउस पर भी हंगामा किया। लेकिन हमने सभी आरोपी को गिरफ्तार करके जेल भेजा है। जिस कन्हैया कुमार को फर्जी आरोपों में जेल भेजने का प्रयास किया जा रहा है, उसे हमने निष्फल कर दिया है।'
‘बेवजह राजनीतिक दबाव बनाया जा रहा’
उन्होंने कहा कि जो वीडियो वायरल हो रहा है, उसे अगर ध्यान से देखा जाए तो मौके पर क्या-क्या हुआ, इसकी पूरी सच्चाई सामने आ जाएगी। मुझे राजनीति के तहत एक खास जाति का पुलिस अधिकारी बताया गया। साथ ही राजनीतिक रूप से कहा गया कि यह वीडियो उन्हें भेज दो। तब मैंने यही जवाब दिया कि उन्हें भेजने के बजाय, वीडियो उनसे भी ऊपर भेजा जाए। इस मामले में मेरा रुख पूरी तरह निष्पक्ष है। पुलिस ने जो भी कार्रवाई की है, वह नियम के मुताबिक बिल्कुल सही है। पुलिस पर बेवजह राजनीतिक दबाव बनाया जा रहा है, जो सरासर गलत है।