अपडेटेड 10 August 2025 at 14:51 IST

'पूरी दुनिया ने नए भारत के इस स्वरूप के दर्शन किए', बेंगलुरु में ऑपरेशन सिंदूर का जिक्र कर PM मोदी ने पाकिस्तान पर साधा निशाना

PM Modi Bengaluru Visit: पीएम मोदी ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर की इस सफलता के पीछे बहुत बड़ी वजह हमारी टेक्नोलॉजी और डिफेंस में मेक इन इंडिया की ताकत है। इसमें बेंगलुरु और कर्नाटक के युवाओं का भी बहुत बड़ा योगदान है।

Follow : Google News Icon  
PM Modi in Bengaluru
PM Modi in Bengaluru | Image: X

PM Modi in Bengaluru: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज (10 अगस्त) को बेंगलुरु के दौरे पर हैं। यहां से उन्होंने देश पर कई सौगातों की बौछार की। पीएम मोदी ने अपने बेंगलुरु दौरे के दौरान 3 नई वंदे भारत ट्रेन देश को सौंपी। वहीं, नम्मा मेट्रो की येलो लाइन का उद्घाटन करने के साथ इसमें सफर करने नजर आए।

बेंगलुरु से PM मोदी का संबोधन

यहां एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा, "बेंगलुरु को हम एक ऐसे शहर के रूप में उभरता देख रहे हैं जो न्यू इंडिया के राइज का सिंबल बन चुका है। एक ऐसा शहर... जिसकी आत्मा में तत्व ज्ञान है और जिसके एक्शन में टेक ज्ञान है। एक ऐसा शहर... जिसने ग्लोबल आईटी  मैप पर भारत का परचम लहराया है।"

उन्होंने इस दौरान बेंगलुरु को दी जाने वाली सौगातों का भी जिक्र किया। पीएम मोदी ने कहा कि बीते समय में बेंगलुरु के लिए भारत सरकार की ओर हजारों करोड़ रुपए की योजनाएं शुरू की गई हैं। आज इस अभियान को नई गति मिल रही है। आज बेंगलुरु मेट्रो येलो लाइन का शुभारंभ हुआ है। मेट्रो फेज-3 आधारशिला भी रखी गई है। साथ ही देश के अलग अलग हिस्सों के लिए तीन नई वंदे भारत ट्रेनों को हरी झंडी भी दिखाई गई है।

ऑपरेशन सिंदूर पर क्या बोले PM मोदी?

बेंगलुरु में पीएम मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि आज मैं ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली बार बेंगलुरु आया हूं। ऑपरेशन सिंदूर में भारतीय सेनाओं की सफलता... सीमापार कई किलोमीटर भीतर आतंकवादी ठिकानों को नेस्तनाबूद करने की ताकत और आतंकवादियों के बचाव में उतरे पाकिस्तान को कुछ ही घंटों में घुटनों पर लाने की हमारी क्षमता... पूरी दुनिया ने नए भारत के इस स्वरूप के दर्शन किए हैं।"

Advertisement

उन्होंने यह भी कहा कि ऑपरेशन सिंदूर की इस सफलता के पीछे बहुत बड़ी वजह हमारी टेक्नोलॉजी और डिफेंस में मेक इन इंडिया की ताकत है। इसमें बेंगलुरु और कर्नाटक के युवाओं का भी बहुत बड़ा योगदान है। मैं इसके लिए भी आप सभी का अभिनंदन करता हूं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि आज भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती प्रमुख अर्थव्यवस्था है। पिछले 11 वर्षों में, हमारी अर्थव्यवस्था दसवें स्थान से ऊपर उठकर शीर्ष पांच में पहुंच गई है। अब हम शीर्ष तीन अर्थव्यवस्थाओं में से एक बनने की ओर तेजी से बढ़ रहे हैं। हमने यह गति कैसे हासिल की? यह हमें रिफॉर्म, परफॉर्म और ट्रांसफॉर्म की भावना से मिली है। हमने यह गति नेक इरादों और ईमानदार प्रयासों से हासिल की है।

Advertisement

PM मोदी ने मेट्रो में किया सफर

इससे पहले पीएम मोदी ने जिन तीन वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया, उसमें बेंगलुरु से बेलगावी, अमृतसर से श्री माता वैष्णो देवी कटरा और नागपुर (अजनी) से पुणे तक की वंदे भारत एक्प्रेस ट्रेनें शामिल हैं। इसके अलावा उन्होंने नम्मा मेट्रो की येलो लाइन का भी उद्घाटन किया।

इसके साथ ही पीएम मोदी ने मेट्रो में सफर भी किया। इस दौरान उनके साथ कर्नाटक के मुख्यमंत्री सीएम सिद्धारमैया, डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार और केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर भी नजर आए। इस दौरान उन्होंने बच्चों से बातचीत भी की।

19 किलोमीटर से ज्यादा कवर करने वाली नम्मा मेट्रो की मेट्रो लाइन पर 7,160 करोड़ का खर्च आया है। इसमें कुल 16 स्टेशन हैं। नई लाइन के खुलने से बेंगलुरु में मेट्रो का नेटवर्क बढ़कर 96 किलोमीटर से ज्यादा हो गया है।

यह भी पढ़ें: 'डिप्टी CM के पास दो EPIC नंबर...', तेजस्वी ने विजय सिन्हा पर लगाया गंभीर आरोप, तो BJP का आया करारा पलटवार, कहा-वो ‘जंगल राज का युवराज’

Published By : Ruchi Mehra

पब्लिश्ड 10 August 2025 at 14:51 IST