अपडेटेड 27 April 2025 at 11:32 IST
PM मोदी की मन की बात में छलका दर्द, बोले- पहलगाम आतंकी हमले ने हर भारतीय के दिल को गहरी पीड़ा दी
प्रधानमंत्री मोदी ने मन की बात में कहा कि 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले ने हर भारतीय के दिल को गहरी पीड़ा दी है। कश्मीर में अमन-चैन लौट रहा था, तब ये हमला हुआ।
- भारत
- 3 min read

PM Modi Mann Ki Baat Pahalgam Attack: देश के दिल को झकझोर देने वाले पहलगाम आतंकी हमले के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज 'मन की बात' के 121वें एपिसोड में देशवासियों से सीधे दिल की बात कही। प्रधानमंत्री ने कहा कि 22 अप्रैल को हुए आतंकी हमले ने हर भारतीय के दिल को गहरी पीड़ा दी है। उन्होंने आतंकियों की कायरता को उजागर करते हुए कहा कि जब कश्मीर में अमन-चैन लौट रहा था, लोकतंत्र मजबूत हो रहा था, तब देश के दुश्मनों ने एक कुत्सित साजिश रची। मोदी ने 140 करोड़ भारतीयों की एकजुटता को आतंकवाद के खिलाफ सबसे बड़ी ताकत बताते हुए कहा कि आज पूरा देश एक स्वर में आतंक के खिलाफ संकल्पबद्ध है और यही हमारी निर्णायक विजय का आधार बनेगा।
पीएम मोदी ने मन की बात में कहा - पूरा विश्व, आतंकवाद के खिलाफ हमारी लड़ाई में, 140 करोड़ भारतीयों के साथ खड़ा है। मैं पीड़ित परिवारों को फिर भरोसा देता हूं कि उन्हें न्याय मिलेगा, न्याय मिलकर रहेगा। इस हमले के दोषियों और साजिश रचने वालों को कठोरतम् जवाब दिया जाएगा।
मन की बात में क्या बोले PM मोदी ?
पीएम मोदी ने अपने मन की बात में कहा- आज भारत एक Global Space Power बन चुका है। हमने एक साथ 104 सेटेलाइट का लॉन्च करके रिकॉर्ड बनाया है। हम चंद्रमा के दक्षिण ध्रुव पर पहुंचने वाले पहले देश बने हैं। भारत ने मार्स ऑर्बिटर मिशन लॉन्च (Mars Orbiter Mission Launch) किया है और हम आदित्य L1 Mission के जरिए सूरज के काफी करीब तक पहुंचे हैं।
दो दिन पहले हमने देश के महान वैज्ञानिक डॉ के. कस्तूरीरंगन जी को खो दिया है। विज्ञान, शिक्षा और भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम को नई ऊंचाई देने में उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। उनके नेतृत्व में ISRO को एक नई पहचान मिली। देश की निःस्वार्थ सेवा और राष्ट्र निर्माण में उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा।
Advertisement
पहलगाम में हुआ ये हमला, आतंक के सरपरस्तों की हताशा को दिखाता है। उनकी कायरता को दिखाता है। ऐसे समय में जब कश्मीर में शांति लौट रही थी। स्कूल-कॉलेजों में एक vibrancy थी। निर्माण कार्यों में अभूतपूर्व गति आई थी। लोकतंत्र मजबूत हो रहा था, पर्यटकों की संख्या में रिकॉर्ड बढ़ोतरी हो रही थी, लोगों की कमाई बढ़ रही थी, युवाओं के लिए नए अवसर तैयार हो रहे थे। देश के दुश्मनों को, जम्मू-कश्मीर के दुश्मनों को ये रास नहीं आया।
आतंकी और आतंक के आका चाहते हैं, कश्मीर फिर से तबाह हो जाए और इसलिए इतनी बड़ी साजिश को अंजाम दिया। आतंकवाद के खिलाफ इस युद्ध में देश की एकता, 140 करोड़ भारतीयों की एकजुटता, हमारी सबसे बड़ी ताकत है। यही एकता, आतंकवाद के खिलाफ हमारी निर्णायक लड़ाई का आधार है।
हमें देश के सामने आई इस चुनौती का सामना करने के लिए अपने संकल्पों को मजबूत करना है। हमें एक राष्ट्र के रूप में दृढ़ इच्छाशक्ति का प्रदर्शन करना है। आज दुनिया देख रही है, इस आतंकी हमले के बाद पूरा देश एक स्वर में बोल रहा है।
Advertisement
भारत के लोगों में जो आक्रोश है, वो आक्रोश पूरी दुनिया में है। इस आतंकी हमले के बाद लगातार दुनिया भर से संवेदनाएं आ रही हैं। मुझे भी Global leaders ने phone किए हैं, पत्र लिखे हैं, संदेश भेजे हैं। इस जघन्य तरीके से किए गए आतंकी हमले की सब ने कठोर निंदा की है। उन्होंने मृतकों के परिवारजनों के प्रति संवेदनाएं प्रकट की हैं।
Published By : Nidhi Mudgill
पब्लिश्ड 27 April 2025 at 11:04 IST