उन्नाव में हुए दर्दनाक सड़क हादसे पर PM मोदी ने जताया दुख, किया मुआवजे का ऐलान, अब तक 18 की मौत
उत्तर प्रदेश के उन्नाव में बुधवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे की घटना पर PM मोदी ने दुख जताया है और मुआवजे का ऐलान किया है।
- भारत
- 3 min read

उत्तर प्रदेश के उन्नाव में बुधवार को हुए दर्दनाक सड़क हादसे की घटना पर प्रधानमंत्री मोदी (PM Modi) ने दुख जताया है। साथ ही घटना पर मुआवजे का भी ऐलान किया है। भीषण सड़क हादसे में अब तक 18 लोगों की मौत हो चुकी है तो 19 लोग घायल हैं जिनमें यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
बुधवार की अहले सुबह आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे पर एक बस और टैंकर की टक्कर में 18 लोगों की मौत हो गई और 19 अन्य घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि बस बीच से फट गई। सूचना मिलते ही डीएम और एसपी मौके पर पहुंच गए। घायलों को अस्पताल भेजा जा रहा है। बस में करीब 57 यात्री सवार थे। घटना पर गहरा दुख जताते हुए पीएम मोदी ने मुआवजे का ऐलान किया है।
उन्नाव घटना पर पीएम मोदी ने जताया दुख
प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट के जरिए मुआवजे का ऐलान किया गया है। पोस्ट मे लिखा है, उत्तर प्रदेश के उन्नाव में हुई सड़क दुर्घटना अत्यंत पीड़ादायक है। इसमें जिन लोगों ने अपनों को खोया है, उनके प्रति मेरी संवेदनाएं। ईश्वर उन्हें इस कठिन समय में संबल प्रदान करे। इसके साथ ही मैं घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना करता हूं। राज्य सरकार की देखरेख में स्थानीय प्रशासन पीड़ितों की हरसंभव मदद में जुटा है।
मृतकों के लिए मुआवजे का ऐलान
पीएमओ ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष (पीएमएनआरएफ) से प्रत्येक मृतक के परिजनों को 2 लाख रुपये और घायल हुए प्रत्येक व्यक्ति को 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की। बता दें कि घटना सुबह करीब 05.15 बजे की बताई जा रही है। बिहार के मोतिहारी से आ रही एक निजी बस दूध के टैंकर से टकरा गई। हादसे में 18 लोगों की मौत हो गई है और 19 अन्य घायल हो गए हैं।
Advertisement
'नमस्ते बिहार' नामक बस दुर्घटना का शिकार
बांगरमऊ सीओ अरविंद चौरसिया ने कहा, यह दुर्भाग्यपूर्ण घटना है, बिहार के शिवहर जिले से 'नमस्ते बिहार' नामक बस चलती है, इसमें काफी यात्री सवार थे। इसकी दूध के कंटेनर से टक्कर हो गई जिसके कारण 18 लोगों की मृत्यु हो गई, 19 लोग घायल हैं। अन्य 22 सुरक्षित लोगों को उनके गंतव्य के लिए अन्य बस से रवाना किया जा रहा है। DM ने मामले पर संज्ञान लेते हुए RTO को निर्देश दिए हैं, मामले में FIR कराई जा रही है।