अयोध्या-जनकपुरी के बीच दौड़ी 'सरयू-कमला एक्सप्रेस', मोदी और नेपाल PM बालेन शाह ने दिखाई हरी झंडी, कितने स्टेशनों पर रुकेगी; कब से कर सकेंगे यात्रा?
प्रभु श्रीराम की नगरी अयोध्या और माता सीता की जन्मस्थली जनकपुर धाम के बीच पहली ट्रेन शुरू हो गई है। भारत और नेपाल के धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक रिश्तों को नई मजबूती देने वाली सरयू-कमला एक्सप्रेस का उद्घाटन 23 नवंबर को हुआ।
- भारत
- 4 min read

प्रभु श्रीराम की नगरी अयोध्या और माता सीता की जन्मस्थली जनकपुर धाम के बीच पहली ट्रेन शुरू हो गई है। भारत और नेपाल के धार्मिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक रिश्तों को नई मजबूती देने वाली सरयू-कमला एक्सप्रेस का उद्घाटन 23 नवंबर को हुआ। प्रधानमंत्री मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन शाह ने हरी झंडी दिखाकर सरयू कमला एक्सप्रेस को रवाना किया। इस ट्रेन का नियमित संचालन 28 नवंबर से होगा। अयोध्या कैंट से जनकपुर धाम के बीच की दूरी करीब 604 किलोमीटर है। यह ट्रेन उत्तर प्रदेश और बिहार के 10 स्टेशनों से होकर गुजरेगी।
इसमें अयोध्या धाम, मनकापुर, बस्ती, गोरखपुर, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, शीशो (दरभंगा), मधुबनी और जयनगर शामिल है। इस ट्रेन का भारत में आखिरी स्टेशन जयनगर होगा। जयनगर क्रॉस करने के बाद यह ट्रेन नेपाल के जनकपुर धाम में रुकेगी। आपको बता दें कि वाल्मीकि रामायण के मुताबिक, राजा दशरथ राम बारात लेकर जब मिथिला में जनकपुर पहुंचे थे, तब उन्हें 4 दिन लगे थे। अब यही सफर करीब 19 घंटे में पूरा होगा। तो आईए विस्तार से बताते हैं इस ट्रेन के किराये से लेकर रूट और टाइमिंग की पूरी डिटेल।
सरयू-कमला एक्सप्रेस की टाइमिंग
निर्धारित समय सारिणी के अनुसार, यह ट्रेन सोमवार को शाम 5 बजकर 50 मिनट पर अयोध्या कैंट से जनकपुर के लिए रवाना होगी। जनकपुर से यह ट्रेन शनिवार को दोपहर 1 बजकर 10 मिनट पर अयोध्या के लिए प्रस्थान करेगी।
Advertisement
- गाड़ी संख्या 15596 अयोध्या कैंट से प्रत्येक सोमवार शाम 5:50 बजे रवाना होगी।
- अयोध्या धाम, मनकापुर, बस्ती, गोरखपुर, नरकटियागंज, रक्सौल, सीतामढ़ी, शीशो, मधुबनी और जयनगर होते हुए मंगलवार दोपहर 12:40 बजे नेपाली समय के अनुसार
जनकपुर धाम पहुंचेगी। - रास्ते में गोरखपुर में रात 10:13 बजे, नरकटियागंज में मंगलवार रात 1:50 बजे, सीतामढ़ी में सुबह 4:42 बजे और जयनगर में सुबह 8:30 बजे आगमन होगा।
- वापसी में गाड़ी संख्या 15595 प्रत्येक शनिवार दोपहर 1:10 बजे नेपाली समय के अनुसार जनकपुर धाम से रवाना होगी।
- जयनगर, मधुबनी, शीशो, सीतामढ़ी, रक्सौल, नरकटियागंज, गोरखपुर, बस्ती, मनकापुर और अयोध्या धाम होते हुए रविवार सुबह 8:10 बजे अयोध्या कैंट पहुंचेगी।
- इस दौरान गोरखपुर में रविवार सुबह 3:55 बजे ट्रेन का आगमन निर्धारित है।
कौन- कौन से डॉक्यूमेंट साथ रखने होंगे
इस ट्रेन से सफर करने वाले लोगों को वीजा की जरूरत नहीं होगी। सिर्फ वैलिड वोटर आईडी कार्ड या पासपोर्ट से काम चल जाएगा। इन दोनों में से कोई एक डॉक्यूमेंट साथ रखना जरूरी होगा। सीमा पार करते समय जयनगर में यात्रियों के पहचान पत्र और जरूरी दस्तावेजों की जांच होगी। सभी यात्रियों के मूल पहचान पत्र साथ रखना बेहतर होगा। भारतीय नागरिकों को नेपाल जाने के लिए वीजा की जरूरत नहीं है।
Advertisement
इस ट्रेन सर्विस से जनकपुर और अयोध्या के बीच धार्मिक यात्राएं आसान होंगी, रामायण से जुड़े टूरिज्म सर्किट को बढ़ावा मिलेगा और पढ़ाई, बिजनेस और परिवार से जुड़े कामों के लिए यात्रा करने वाले लोगों को ज़्यादा मोबिलिटी मिलेगी। बिहार और नेपाल के बॉर्डर इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए, यह रेल सेवा एक एक्स्ट्रा पैसेंजर ट्रांसपोर्ट ऑप्शन देगी और इकोनॉमिक और सोशल लिंकेज को मजबूत करेगी।
सरयू-कमला एक्सप्रेस में कितने एसी और स्लीपर कोच?
सरयू-कमला एक्सप्रेस का संचालन आधुनिक 17 कोच वाले एलएचबी रैक से किया जाएगा। इसमें आठ वातानुकूलित कोच (AC कोच), सात स्लीपर श्रेणी के कोच, एक एलएसएलआरडी और एक एलडब्ल्यूएलआरआरएम कोच शामिल हैं। एसी द्वितीय श्रेणी के दो कोच में प्रत्येक में 52 बर्थ, एसी तृतीय श्रेणी के तीन कोच में 72-72 बर्थ और एसी तृतीय श्रेणी इकोनॉमी के तीन कोच में 80-80 बर्थ की व्यवस्था होगी। सात स्लीपर कोच में प्रत्येक में 80 बर्थ तथा एलएसएलआरडी कोच में 38 सीटें उपलब्ध होंगी। एलडब्ल्यूएलआरआरएम कोच विद्युत उत्पादन के लिए लगाया गया है।