'कानून-व्यवस्था बनाए रखने से लेकर अपराधों से लड़ने और...', PM मोदी समेत इन नेताओं ने पुलिस स्मृति दिवस पर शहीद जवानों को दी श्रद्धांजलि

पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर पीएम मोदी, अमित शाह समेत अन्य नेताओं ने कर्तव्य निभाते हुए अपने प्राण न्योछावर करने वाले बहादुर पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि दी है।

  • Facebook Share Icon
  • Twitter Share Icon
  • WhatsApp Share Icon
 
Follow : Google News Icon
PM Modi, Amit Shah, CM Yogi
PM Modi, Amit Shah, CM Yogi | Image: ANI

PM Modi on Police Commemoration Day: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज, 21 अक्तूबर को पुलिस स्मृति दिवस के मौके पर ड्यूटी के दौरान अपने प्राणों की आहुति देने वाले वीर पुलिसकर्मियों को श्रद्धांजलि अर्पित की।

पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर ट्वीट कर लिखा, 'पुलिस स्मृति दिवस हमारे पुलिस कर्मियों के प्रति गहरा आभार व्यक्त करने का अवसर है, जो अत्यंत कठिन परिस्थितियों में भी पूरी निष्ठा के साथ अपनी सेवाएं देते हैं। कानून-व्यवस्था बनाए रखने से लेकर अपराधों से लड़ने, आपातकालीन स्थितियों में मदद करने और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तक, उनका योगदान अमूल्य है।'

सर्वोच्च बलिदान देश की स्मृतियों में सदैव अंकित- PM

उन्होंने आगे लिखा, 'हम उन बहादुर पुलिसकर्मियों को सादर श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं, जिन्होंने कर्तव्य निभाते हुए अपने प्राण न्योछावर कर दिए। उनका साहस, अटूट समर्पण और सर्वोच्च बलिदान हमारे देश की स्मृतियों में सदैव अंकित रहेगा।'

अमर शहीदों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि- अमित शाह

वहीं गृहमंत्री अमित शाह ने भी X पर पोस्ट कर शहीद पुलिसकर्मियों को अपनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने लिखा, 'मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले पुलिस के शूरवीरों की स्मृति में मनाए जाने वाले पुलिस स्मृति दिवस पर सभी अमर शहीदों को भावपूर्ण श्रद्धांजलि।'

Advertisement

अमर बलिदानियों का शौर्य प्रेरणा का स्रोत- CM योगी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एक्स पर ट्वीट किया, 'कर्तव्य की वेदी पर अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीर पुलिस कार्मिकों को 'पुलिस स्मृति दिवस' पर विनम्र श्रद्धांजलि। मातृभूमि की रक्षा व नागरिकों की सुरक्षा के लिए प्राणों का उत्सर्ग करने वाले इन अमर बलिदानियों का शौर्य पुलिस बल की गौरवशाली परंपरा और आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का अक्षय स्रोत है। कर्तव्य के प्रति उनकी अटूट निष्ठा सदैव राष्ट्रसेवा का पथ आलोकित करती रहेगी। जय हिंद।'

देश वीरों का सदैव ऋणी रहेगा- सीएम रेखा

दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता ने एक्स पर लिखा, 'राष्ट्रसेवा और कर्तव्यनिष्ठा की सर्वोच्च मिसाल प्रस्तुत करने वाले सभी वीर पुलिसकर्मियों को पुलिस स्मृति दिवस पर विनम्र श्रद्धांजलि। राष्ट्र और समाज की सुरक्षा के लिए उनका सर्वोच्च बलिदान सदैव हमारी स्मृतियों में जीवित रहेगा। इन वीरों के परिवारों का धैर्य, साहस और त्याग भी पूरे राष्ट्र के लिए वंदनीय है। देश सदैव उनका ऋणी रहेगा। जय हिंद!'

Advertisement

क्यों मनाया जाता है पुलिस स्मृति दिवस?

आज से ठीक 67 साल पहले 21 अक्टूबर 1959 को हॉट स्प्रिंग इलाके में गश्त कर रही भारतीय सुरक्षाबलों की एक टुकड़ी पर चीनी सैनिकों ने घात लगाकर अचानक हमला कर दिया था। ऊंचाई पर मौजूद चीनी सेना मोर्टार और अत्याधुनिक ऑटोमैटिक हथियारों से लैस थी, जबकि खुले बर्फीले मैदान में बिना किसी कवर के खड़े भारतीय जवानों के पास सिर्फ बुनियादी 303 राइफलें थीं। ऐसे हालात में भी उन जवानों ने घुटने टेकने के बजाय आखिरी सांस और आखिरी गोली तक चीनी सेना का डटकर मुकाबला किया, जिसमें 10 जांबाज जवान शहीद हो गए थे और 9 जवानों को चीनी सैनिकों ने बंदी बना लिया था। उन्हीं की याद में हर साल 21 अक्टूबर को 'पुलिस स्मृति दिवस' मनाया जाता है। 

यह भी पढ़ें: कभी थप्पड़ तो कभी जूते... दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के दौरान दरोगा पर श्रद्धालुओं को पीटने का आरोप, VIDEO वायरल होते ही जांच के आदेश

 

Published By:
 Priyanka Yadav
पब्लिश्ड