आतंक के खिलाफ लड़ाई में भारत के साथ खड़ा रूस, पाकिस्तान के साथ तनाव के बीच राष्ट्रपति पुतिन ने पीएम मोदी से फोन पर की बात
आतंक के खिलाफ लड़ाई में भारत के साथ उसका पुराना दोस्ता रूस खड़ा है। राष्ट्रपति पुतिन ने पीएम मोदी से फोन पर बात की।
- भारत
- 2 min read

भारत के निर्दोष लोगों की हत्या करने वाले पहलगाम के आतंकियों के खिलाफ लड़ाई में भारत के साथ उसका दोस्त रूस खड़ा है। आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में रूस ने भारत का साथ देने का आश्वासन दिया है। रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से फोन पर बात की। रूसी राष्ट्रपति ने भारत के पहलगाम में हुए आतंकी हमले की कड़ी निंदा की है।
MEA के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने जानकारी देते हुए कहा, “राष्ट्रपति पुतिन ने प्रधानमंत्री मोदी को फोन किया और भारत के पहलगाम में हुए आतंकी हमले की कड़ी निंदा की। उन्होंने निर्दोष लोगों की मौत पर गहरी संवेदना व्यक्त की और आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में भारत को पूरा समर्थन देने की बात कही। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि इस जघन्य हमले के दोषियों और उनके समर्थकों को न्याय के कटघरे में लाया जाना चाहिए।”
पीएम मोदी ने राष्ट्रपति पुतिन को भारत आने का दिया न्योता
उन्होंने आगे कहा कि दोनों नेताओं ने भारत-रूस के विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। प्रधानमंत्री ने राष्ट्रपति पुतिन को विजय दिवस की 80वीं वर्षगांठ के अवसर पर बधाई दी और उन्हें इस साल के अंत में भारत में आयोजित होने वाले वार्षिक शिखर सम्मेलन के लिए आमंत्रित किया।
जापान भी भारत के साथ खड़ा
आतंकवाद के खिलाफ इस लड़ाई में जापान भी भारत के साथ खड़ा है। भारत और जापान के रक्षामंत्री ने आज बैठक की। बैठक में पहलगाम आतंकी हमले को लेकर भी चर्चा हुई और जापान ने भारत के साथ एकजुटता दिखाई। बैठक में आतंकी हमले की जापान ने कड़ी निंदा की। बैठक के बाद रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, "नई दिल्ली में जापान के रक्षा मंत्री जनरल नाकातानी सैन से मिलकर खुशी हुई। भारत और जापान के बीच विशेष, रणनीतिक और वैश्विक साझेदारी है। बैठक के दौरान हमने रक्षा सहयोग और क्षेत्रीय सुरक्षा पर चर्चा की। दोनों पक्षों ने सभी रूपों में आतंकवाद की निंदा की और सीमा पार खतरों का मुकाबला करने के लिए सहयोग और प्रयास को बढ़ाने की आवश्यकता पर जोर दिया।"