Rajasthan: जयपुर की एक फैक्ट्री में सिलेंडर ब्लास्ट से गिरी दीवार, मैनेजर समेत मजदूर की मौत; कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी धमाके की आवाज
जयपुर के विश्वकर्मा औद्योगिक क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक ऑक्सीजन सिलेंडर भरने वाली फैक्ट्री में जोरदार धमाका हो गया। धमाका सिलेंडर में ब्लास्ट की वजह से हुआ। इस दर्दनाक घटना में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई।
- भारत
- 2 min read

राजस्थान के जयपुर में दर्दनाक हादसा हुआ है। विश्वकर्मा औद्योगिक क्षेत्र में एक फैक्ट्री में सिलेंडर ब्लास्ट हुआ है। धमाके में दो लोगों की मौत हो गई है, जबकि दो घायल बताए जा रहे। मरने वालों में फैक्ट्री मैनेजर भी शामिल है। धमाका इतना जोरदार था कि फैक्ट्री की टीनशेड उड़ गया और दीवार भरभराकर गिर गई। धमाके की आवाज काफी दूर तक सुनाई दी।
जयपुर के विश्वकर्मा औद्योगिक क्षेत्र में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब एक ऑक्सीजन सिलेंडर भरने वाली फैक्ट्री में जोरदार धमाका हो गया। धमाका सिलेंडर में ब्लास्ट की वजह से हुआ। इस दर्दनाक घटना में एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि फैक्ट्री मैनेजर ने इलाज के दौरान दम दौड़ दिया। दो मजदूर गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।
ऑक्सीजन सिलेंडर भरने के दौरान धमाका
पुलिस और फायर ब्रिगेड ने बताया कि हादसा रोड नंबर-17 स्थित करणी विहार कॉलोनी के निकट संतोष गुप्ता के स्वामित्व वाली फैक्ट्री में शाम करीब 7:45 बजे हुआ। उस समय फैक्ट्री में ऑक्सीजन सिलेंडर भरने का काम चल रहा था, तभी अचानक एक सिलेंडर में भीषण विस्फोट हो गया।विस्फोट की तीव्रता इतनी अधिक थी कि फैक्ट्री का पूरा टिन शेड उखड़ गया और एक दीवार पूरी तरह ढह गई।
आसपास के घरों की दीवारों में आई दरारें
धमाके की वजह से आसपास के घरों की दीवारों में दरारें पड़ गईं, कई दुकानों के शटर टूट गए और फैक्ट्री की सीमेंट शीटें उड़कर लगभग 30 मीटर दूर कॉलोनी में जा गिरीं। सड़क पर कांच के टुकड़े बिखर गए, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
Advertisement
हादसे में झारखंड के मजदूर की मौत
मृतक की पहचान झारखंड निवासी मजदूर मुन्ना राय के रूप में हुई है। इस दर्दनाक हादसे में मैनेजर विनोद गुप्ता की भी मौत हो गई। घायल मजदूरों का इलाज अस्पताल में चल रहा है। स्थानीय लोगों की मदद से मलबे में फंसे लोगों को निकाला गया। दमकल की कई गाड़ियां भी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचीं और आग पर काबू पाया। विस्फोट के सटीक कारणों की जांच की जा रही है।
पुलिस ने प्रारंभिक जांच में सुरक्षा मानकों की अनदेखी की आशंका जताई है। फैक्ट्री मालिक और संबंधित कर्मचारियों से पूछताछ शुरू कर दी है। हादसे के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और लोग फैक्ट्री के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहे हैं। साथ ही फैक्ट्री की जगह बदलने की भी मांग कर रहे हैं।