'मुंबई में कोई कानून-व्यवस्था बची है?', टाइगर श्रॉफ पर हमले के बाद विपक्ष का फडणवीस सरकार पर तीखा हमला, कहा- बिश्नोई गैंग का बाल भी बाका नहीं...

मुंबई में बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग की घटना के बाद विपक्ष ने महाराष्ट्र सरकार को घेरते हुए कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने पूछा कि बिश्नोई गैंग का यह खेल कब तक चलता रहेगा?

  • Facebook Share Icon
  • Twitter Share Icon
  • WhatsApp Share Icon
 
Follow : Google News Icon
Opposition targets Fadnavis government following attack on Tiger Shroff
टाइगर श्रॉफ पर हमले के बाद विपक्ष ने फडणवीस सरकार को घेरा | Image: Republic

Opposition on Tiger Shroff Firing: मुंबई में बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ पर हुई गोलीबारी की घटना के बाद महाराष्ट्र में सियासी माहौल गर्मा गया है। इस मुद्दे को लेकर विपक्ष फडणवीस सरकार पर पूरी तरह हमलावर हो गया है। विपक्षी पार्टियों ने राज्य की काननून व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।

इस घटना को लेकर कांग्रेस और शरद पवार की एनसीपी का कहना है कि राज्य के मुख्यमंत्री आम लोगों को सुरक्षा देने में नाकाम रहे हैं। वहीं एआईएमआईएम के नेता वारिस पठान ने इसे 'कानून व्यवस्था की पूरी विफलता' बताया है।

रोहित पवार ने सरकार को घेरा

NCP-SP विधायक रोहित पवार ने कहा, ' एक्टर टाइगर श्रॉफ से जुड़ी गोलीबारी की एक घटना हुई है। गनीमत रही कि उन्हें कोई नुकसान नहीं पहुंचा। इससे पहले मुंबई में कुछ दिनों पहले शिवसेना के नगर सेवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। अगर कलाकारों और हाई-प्रोफाइल राजनेताओं को गोलीबारी की घटनाओं में निशाना बनाया जा रहा है, तो आम आदमी का क्या होगा? मैं अभी जिस इलाके में मौजूद हूं, बारामती, वहां अभी-अभी गोलीबारी की एक घटना हुई है। इससे साफ पता चलता है कि महाराष्ट्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति काफी खराब हो गई है। गृह विभाग मुख्यमंत्री के अधिकार क्षेत्र में आता है। शायद वे राजनीति में इतने व्यस्त हैं कि उनके पास गृह विभाग पर ध्यान देने का समय ही नहीं है। मेरी उनसे अपील है कि वे यह जिम्मेदारी किसी और विधायक को सौंप दें, ताकि महाराष्ट्र की जनता खुद को सुरक्षित महसूस कर सकें।'

गुंडों को ये सरकार अपनी सी लगती है- रोहित पवार

उन्होंने आगे कहा, 'गुंडों को लगता है कि राज्य में उनकी सरकार है। इसलिए गुंडे और अमीरजादों को यह सरकार अपनी सी लगती है। लेकिन आम आदमी को डर लगने लगा है। उन्हें मालूम है कि सरकार जिस तरह से पुलिस प्रशासन का उपयोग सिर्फ राजनीतिक तौर पर करती है। इसी कारण से पुलिस का ध्यान लोगों पर न होने के कारण गुंडागर्दी बड़े स्तर पर बढ़ती जा रही है। मुंबई में गोलीबारी होती है। पुणे में कई गैंग की आपराधिक गतिविधियां बढ़ती जा रही है। इसलिए महाराष्ट्र की परिस्थिति बिहार और उत्तर प्रदेश से भी बदतर हो गई है।'

Advertisement

रोहित पवार ने मुख्यमंत्री से मांग करते हुए कहा, 'आप पर बहुत राजनीतिक जिम्मेदारी है। आप उसी काम में ज्यादा व्यस्त रहते हैं इसलिए गृह विभाग जो आपके पास है उसे कृपया करते किसी विधायक को दे दें ताकि राज्य के लोग जो खुद को असुरक्षित महसूस करते हैं, सुरक्षित महसूस करने लगे।'

ये सब मुंबई में हो रहा है- भड़कीं प्रियंका चतुर्वेदी

वहीं उद्धव ठाकरे गुट की नेता प्रियंका चतुर्वेदी ने अपने एक्स हैंडल पर ट्वीट कर लिखा, 'बिश्नोई गैंग ने सलमान खान को निशाना बनाने की कोशिश की, फिर रोहित शेट्टी का नंबर आया, इसी तरह पहले हमने बाबा सिद्दीकी को खो दिया और अब टाइगर श्रॉफ का मामला सामने आया है। ये सब मुंबई में हो रहा है, जिसे सबसे सुरक्षित शहर माना जाता है। हे सरकार, आप कहां हैं?'

Advertisement

'सलमान खान, रोहित शेट्टी और अब टाइगर…'

शिवसेना (UBT) नेता सुषमा अंधारे ने कहा, 'टाइगर श्रॉफ पर हुआ हमला बेहद चौंकाने वाली और बहुत गंभीर घटना है। लेकिन ये घटना कोई पहली घटना नहीं है। पूरे भारत में सबसे बड़ी फिल्म इंडस्ट्री मुंबई, महाराष्ट्र में है। इसका मतलब यहां उनका आना-जाना स्वाभाविक है। किंतु उनकी सुरक्षा के लिए कोई पुख्ता कदम आज तक नहीं उठाए जा रहे हैं। इसके पहले रोहित शेट्टी का घर हो या सलमान खान का, हमले होते आए हैं लेकिन सरकार इस पर कुछ नहीं कर पा रही है।'

'बाबा सिद्दीकी की हत्या भी ऐसे ही हुई थी'

सुषमा अंधारे ने आगे कहा, 'एक साल पहले दशहरे के दिन बाबा सिद्दीकी की हत्या इसी तरह से बहुत भीड़भाड़ वाले इलाके में हुई थी। लेकिन बिश्नोई गैंग का कोई कुछ नहीं कर पाया। बिश्नोई गैंग खुलकर कहता है कि यह हमने किया है और आगे भी करते रहेंगे। किसी को लग रहा हो गा कि यह इशारा वे किसी फिल्म स्टार या इंडस्ट्री के लोगों को दे रहे हैं, लेकिन नहीं बल्कि यह इशारा राज्य के मुख्यमंत्री और गृह मंत्री देवेंद्र फडणवीस को है। देवेंद्र फडणवीस आपका मजाक उड़ाया जा रहा है। आप केवल आश्वासन दे रहे हैं। बिश्नोई गैंग का यह खेल कब तक चलता रहेगा? इसका जवाब आपको देना होगा।'

फिर 90 के दशक में ले जाना है?- वारिस पठान

एआईएमआईएम के नेता वारिस पठान ने कहा, 'मुंबई जैसी जगह में रविवार के दिन जुहू इलाके में गोलीबारी की घटना होना बहुत ही गंभीर मुद्दा है। ऐसी भीड़भाड़ वाली जगह पर आकर कुछ गुंडों ने बॉलीवुड स्टार टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग कर दी। मुझे सोशल मीडिया के जरिये जानकारी मिली कि इस गोलीबारी में उनके ड्राइवर भी घायल हुए हैं। क्या हो गया है मुंबई को? क्या लोग फिर से 90 के दशक में लेकर जाना चाहते हैं क्या? जब अंडरवर्ल्ड का दबदबा था, फिल्म स्टारों को धमकाया जाता था, गोलियां चलती थीं। पहले सलमान खान और फिर रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग हुई। अब इस तरह से रविवार की शाम को गोलाबारी कर दी गई।'

वारिस पठान ने उठाए सवाल

वारिस पठान ने आगे घेरते हुए कहा, 'मुंबई पुलिस जो सिंघम मानी जाती है, क्या कर रही है? ऐसे मामलों पर फौरन एक्शन लेना चाहिए। फिर क्या सेफ्टी रह गई? बाबा सिद्दीकी को भी इसी तरह मार दिया गया था। सोशल मीडिया पर सामने आ रही खबरों से पता चला है कि इसमें भी लॉरेंस बिश्नोई गैंग का हाथ है। हम चाहते हैं कि मुंबई पुलिस थोड़ी सतर्क हो जाए और लगातार हो रही ऐसी घटनाओं को रोके। वरना एक आम नागरिक की क्या सुरक्षा रह जाएगी? इस मामले में पुलिस को तत्काल कार्रवाई करनी चाहिए और जो भी है उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। हम नहीं चाहते हैं कि मुंबई फिर से 90 के दशक में चला जाए। सरकार क्या कर रही है? जब सरकार अपनी प्राथमिकता से भटक जाती है तो इस तरह की घटनाएं होनी शुरू हो जाती है। कानून-व्यवस्था पूरी तरह से विफल हो गई है।'

किसी को बख्शा नहीं जाएगा- एकनाथ शिंदे 

रविवार (18 अक्टूबर) शाम की शाम को टाइगर श्रॉफ पर पांच राउंड फायरिंग की गई, जिसमें वे बाल-बाल बच गए, हालांकि कांच के टुकड़ों और गनपाउडर की वजह से उनके दाएं हाथ और सीने पर हल्की चोटें आई हैं, जबकि उनके ड्राइवर और एक ऑटो चालक घायल हुए हैं। घटना के बाद देर रात महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे खुद अभिनेता के घर पहुंचे, जहां उन्होंने टाइगर और उनके परिवार से मुलाकात कर सुरक्षा का पूरा भरोसा दिया। शिंदे ने हमलावरों को सख्त चेतावनी देते हुए कहा कि मुंबई में किसी भी तरह का गैंगवॉर या दहशतगर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और पुलिस अपराधियों को उन्हीं की भाषा में करारा जवाब देगी।

यह भी पढ़ें: टाइगर श्रॉफ का गनपाउडर से झुलसा हाथ, सीने पर लगी पट्टी... फायरिंग के बाद एक्टर से मिले डिप्टी CM एकनाथ शिंदे, सख्त कार्रवाई का दिया भरोसा

 

Published By:
 Priyanka Yadav
पब्लिश्ड