टाइगर श्रॉफ का गनपाउडर से झुलसा हाथ, सीने पर लगी पट्टी... फायरिंग के बाद एक्टर से मिले डिप्टी CM एकनाथ शिंदे, सख्त कार्रवाई का दिया भरोसा

महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने टाइगर श्रॉफ से मुलाका की। उन्होंने गहरी चिंता जताते हुए इस हमले की कड़ी निंदा की है। रविवार शाम को हुई इस गोलीबारी में टाइगर श्रॉफ बाल-बाल बच गए, हालांकि कांच के टुकड़ों और गनपाउडर की वजह से उनके दाएं हाथ और सीने पर चोटें आई हैं, जबकि उनके ड्राइवर और एक ऑटो चालक घायल हुए हैं।

  • Facebook Share Icon
  • Twitter Share Icon
  • WhatsApp Share Icon
 
Follow : Google News Icon
'No Threat Will Be Tolerated': Deputy CM Shinde Meets Tiger Shroff
'No Threat Will Be Tolerated': Deputy CM Shinde Meets Tiger Shroff | Image: ANI

Eknath Shinde meets Tiger Shroff: मुंबई के जुहू इलाके में बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई 5 राउंड फायरिंग की घटना के बाद महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने उनसे मुलाकात की। वे देर रात एक्टर के घर पहुंचे। इस मुलाकात की तस्वीरें सामने आई हैं जिसमें टाइगर श्रॉफ के सीने और हाथ पर मरहम-पट्टी बंधी दिखाई दी।

टाइगर श्रॉफ से मुलाकात के दौरान उपमु्ख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने फायरिंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का आश्वासन दिया। इसके बाद मीडिया से बात करते हुए शिंदे ने हमलावरों को सख्त चेतावनी दी कि मुंबई में किसी भी तरह का गैंगवॉर या दहशतगर्दी बर्दाश्त नहीं की जाएगी और पुलिस अपराधियों को उन्हीं की भाषा में करारा जवाब देगी।

टाइगर श्रॉफ बाल-बाल बचे- शिंदे

एकनाथ शिंदे ने समाचार एजेंसी एएनआई से बात करते हुए कहा, 'यह एक गंभीर घटना है। टाइगर श्रॉफ बाल-बाल बचे हैं। पांच राउंड फायरिंग हुई, लेकिन गनीमत रही कि वे सुरक्षित बच गए। उनके ड्राइवर को चोटें आई हैं और यह घटना निंदनीय है। मैंने एक्टर से मुलाकात की; उनके बाएं हाथ पर बारूद (गनपाउडर) और कांच के टुकड़ों से चोटें आई हैं। वे और उनकी मां दोनों ही काफी सदमे में हैं। उनका कहना है कि परिवार का किसी से भी विवाद या दुश्मनी नहीं है, फिर क्यों हमला किया गया।'

किसी भी तरह की धमकी बर्दाश्त नहीं- शिंदे

उन्होंने कहा, 'मैंने उन्हें आश्वासन दिया है कि महाराष्ट्र सरकार और मुंबई पुलिस उनके साथ है। मैंने उन्हें भरोसा दिलाया है कि सार्वजनिक हस्तियों को मिल रही खुली धमकियों के मामले में राज्य सरकार उनके साथ खड़ी है। किसी भी तरह की धमकी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। 90 के दशक में इस तरह की गैंगवार काफी आम थीं, लेकिन मुंबई पुलिस ने 1995 में इनका खात्मा कर दिया था। लोगों को डराने-धमकाने की ऐसी कोशिशें बर्दाश्त नहीं की जाएंगी और हम इस गुंडागर्दी को पूरी तरह खत्म कर देंगे।'

Advertisement

दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा- शिंदे

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि मुंबई में जो फिर से गैंगवार चलाने की कोशिश की जा रही है। अब सरकार और मुंबई पुलिस उनकी कोई दादागिरी नहीं चलने देगी। इस मामले को मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस समेत सभी ने पूरी गंभीरता से लिया है। उन्होंने आगे कलाकारों से अपील करते हुए कहा कि किसी भी तरह से धमकी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित किया जाए। ताकि आपकी सुरक्षा का इंतजाम किया जाए। नागरिकों की सुरक्षा ही सरकार की प्राथमिकता है। दोषियों को कतई बख्शा नहीं जाएगा। 

टाइगर श्रॉफ पर रविवार शाम हुआ हमला

डीसीपी मोहित गर्ग ने एक्टर पर हुए हमले की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह घटना करीब 7 बजे की है। कुछ अज्ञात लोग मौके पर आए और टाइगर श्रॉफ पर तब गोली चलाई, जब वे एक निजी कार्यक्रम से निकल रहे थे। टाइगर श्रॉफ को गोली नहीं लगी है। वे पूरी तरह सुरक्षित हैं। इस घटना में दो लोग घायल हुए हैं, जिसमें उनका एक ड्राइवर फिरदौस भी शामिल है। उनके बाएं हाथ में चोट आई है।

Advertisement

लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली जिम्मेदारी

इस हमले की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई ग्रुप ने ली है। लॉरेंस बिश्नोई ग्रुप की तरफ से गैंगस्टर अनिल पंडित ने सोशल मीडिया पर घटना की जिम्मेदारी लेते हुए पोस्ट किया है। अनिल पंडित ने फेसबुक पर लिखा, 'जो आज ये टाइगर श्रॉफ का काम हुआ है इसकी जिम्मेदारी मैं अनिल पांडे और हरमन संधु लेते हैं, इसको हमने कॉल करके समझाया था पर इसको समझ नहीं आया, इसलिए आज इसको बढ़िया तरह ही समझा दिया। जो भी मुंबई फिल्म इंडस्ट्री में हमारी बात नहीं सुनेगा या सलमान खान के साथ काम करेगा अगला नंबर उसका होगा। वेट एंड वॉच। कुछ दूसरे ग्रुप के कुते जो हमारे नाम से फेम लेने की सोचते है, इनको जल्दी ही मार के फेमस करेंगे।' हालांकि, इस पोस्ट की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

यह भी पढ़ें: टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामला: एक संदिग्ध शख्स हिरासत में, लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली जिम्मेदारी, अब तक क्या-क्या हुआ?

 

Published By:
 Priyanka Yadav
पब्लिश्ड