'आओ मैदान में, दम दिखाओ...', बलिया में सपा कार्यकर्ताओं के काले झंडे दिखाए जाने पर भड़के ओपी राजभर, अखिलेश यादव को दी खुली चुनौती

सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने बलिया में सपा कार्यकर्ताओं द्वारा काले झंडे दिखाए जाने पर अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। राजभर ने इसे सपा की पिछड़ों के प्रति संकीर्ण मानसिकता बताते हुए चेतावनी दी कि वे सपाई गुंडों से डरने वाले नहीं हैं।

  • Facebook Share Icon
  • Twitter Share Icon
  • WhatsApp Share Icon
 
Follow : Google News Icon
OP Rajbhar on Akhilesh Yadav
ओपी राजभर का अखिलेश यादव पर हमला | Image: ANI

OP Rajbhar news: यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुभासपा अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर के सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर जुबानी हमले जारी हैं। अब बलिया में सपा कार्यकर्ता के द्वारा उन्हें काले झंडे दिखाए जाने पर वह भड़क गए हैं। राजभर ने इसके लिए अखिलेश को आड़े हाथों लिया और कहा कि महाराज आप अपने गुंडों को संभाल लीजिए, नहीं तो ये योगी सरकार है।

शनिवार (11 जुलाई) को ओपी राजभर बलिया पहुंचे थे। उनके आगमन से पहले रतसड़ में समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने विरोध में प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने काले झंडे दिखाकर नारेबाजी की।

सपा पर भड़के ओपी राजभर

सपा कार्यकर्ताओं के इसी प्रदर्शन पर राजभर भड़क गए हैं। रविवार (12 जुलाई) उन्होंने X पर एक पोस्ट के जरिए समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव को निशाने पर लिया। उन्होंने कहा, "मित्र अखिलेश यादव जी, देख रहे हैं न अपने गुंडों की करतूत। बलिया में सैकड़ों की तादाद में आपके गुंडे मेरे खिलाफ सड़क पर उतर आए। क्यों? क्योंकि मैं सच लिख रहा हूं और सच आपको पच नहीं रहा। यही तो आप लोगों की पुरानी मानसिकता रही है। हमेशा से आप लोग गैर-यादव ओबीसी समाज के प्रति हेय दृष्टि रखते आए हैं।"

राजभर ने कहा कि हम मुर्दाबाद के नारों और काले कपड़ों से विचलित होने वालों में से नहीं हैं। हम तो उस समाज से हैं जिसके मुर्दाबाद के नारे आपके स्वजातीय हमेशा से लगाते आए हैं। रही बात काले कपड़ों की तो हमें काला रंग बहुत पसंद है, दिखाइये जितना दिखा सकते हैं।

Advertisement

अखिलेश यादव को दी चुनौती

उन्होंने अखिलेश यादव को चुनौती देते हुए कहा कि अगर उनमें और उनके कार्यकर्ताओं में दम है, तो वे लोकतांत्रिक ढंग से चुनावी मैदान में आकर लड़ें। ओपी राजभर ने कहा कि आओ मैदान में, चुनाव में दम दिखाओ। काला लाल हरा जो दिखाना है, दिखा लेना आप लोग। भगवा फिर भी लहरा के रहेगा। और हां...आपके गुंडों के जवाब में अगर जनता सड़क पर उतर आई तो कहीं के नहीं रहोगे।

'गुंडों का इलाज बेहतर ढंग से करना खूब आता है'

मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने खुद को संघर्ष से उपजा नेता बताया। उन्होंने कहा कि ओम प्रकाश राजभर सपाई गुंडों से डरने वाला नहीं है। हम तो जमीन से आए और जमीन पर ही रहते हैं। हमें ऐसे लम्पटों का सामना करना अच्छे से जानता है। संघर्ष से उपजा हूं। समाज की लड़ाई लड़ता आया हूं।

Advertisement

राजभर ने कहा कि अपने गुंडों को संभाल लीजिए महाराज, नहीं तो ये योगी सरकार है, गुंडों का इलाज बेहतर ढंग से करना खूब आता है। असली ओबीसी समाज अब जाग चुका है। नक्काल परेशान हैं।

यह भी पढ़ें: '20-30 करोड़ रुपये और मंत्री पद का लालच...', CM उमर अब्दुल्ला ने 'खरीद-फरोख्त' के लगाए आरोप तो भड़की BJP, बोली- नाकामी छिपाने की हताश कोशिश

Published By:
 Ruchi Mehra
पब्लिश्ड