अब सिर्फ एक सेल्फी से बनेगा लाइफ सर्टिफिकेट... पेंशनर्स के लिए आया सबसे आसान नियम, जानें स्टेप-बाय-स्टेप
देश के करोड़ों पेंशनभोगियों के लिए अब जीवन प्रमाण पत्र बनवाना बेहद सरल और सुविधाजनक हो गया है। अब आप अपने स्मार्टफोन की मदद से आधार-आधारित फेस ऑथेंटिकेशन तकनीक के जरिए घर बैठे केवल एक सेल्फी लेकर आसानी से डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट प्राप्त कर सकते हैं।
- भारत
- 2 min read

पेंशन जारी रखने के लिए हर साल जीवित होने का प्रमाण देना अब बुजुर्गों के लिए बैंक या दफ्तर जाने की मजबूरी नहीं रहा। सरकार की 'जीवन प्रमाण' व्यवस्था के तहत आधार फेस ऑथेंटिकेशन से घर बैठे डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट (DLC) बन सकता है। उम्र बढ़ने के साथ फिंगरप्रिंट घिसने की समस्या भी इससे दूर होती है। केंद्र सरकार के 1 से 30 नवंबर 2026 के पांचवें अभियान में 2.30 करोड़ सर्टिफिकेट बनाने का लक्ष्य है, जिनमें 1.50 करोड़ फेस ऑथेंटिकेशन से बनने हैं।
स्टेप-बाय-स्टेप ऐसे बनाएं डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट
जरूरी ऐप डाउनलोड करें- फोन के प्ले स्टोर या ऐप स्टोर से Jeevan Pramaan और UIDAI का AadhaarFaceRD ऐप इंस्टॉल करें। किसी अलग स्कैनर की जरूरत नहीं है।
विवरण भरें- ऐप में आधार नंबर, नाम, मोबाइल नंबर, पीपीओ (PPO) नंबर, बैंक खाता और पेंशन वितरण एजेंसी (PDA) की सही जानकारी दर्ज करें।
लाइव फोटो लें- सहमति देकर फ्रंट कैमरे से लाइव फोटो लें। यह सामान्य सेल्फी नहीं है, बल्कि UIDAI डेटाबेस में मौजूद आधार फोटो से इसका 1:1 मिलान होता है।
Advertisement
प्रमाण आईडी प्राप्त करें- मिलान सफल होते ही सर्टिफिकेट बन जाता है, मोबाइल पर यूनिक 'प्रमाण आईडी' आती है और रिकॉर्ड पेंशन संस्था तक पहुंच जाता है।
पात्रता, समयसीमा और जरूरी सावधानियां
केंद्र व राज्य सरकार और ईपीएस-95 पेंशनर्स इसका लाभ ले सकते हैं। केंद्र सरकार के पेंशनर्स के लिए समयसीमा नवंबर है, जबकि 80 वर्ष या अधिक आयु वालों के लिए यह 1 अक्टूबर से खुलती है। ईपीएस-95 पेंशनर्स साल में कभी भी जमा कर सकते हैं, जिसकी वैधता एक साल होती है।दोबारा नौकरी या दूसरी शादी करने वाले पेंशनर्स इसके पात्र नहीं हैं।
Advertisement
मार्च 2026 की समीक्षा में गलत जानकारी से सर्टिफिकेट अटकने के मामले सामने आए थे। रक्षा या टेलीकॉम पेंशनर्स जो SPARSH या SAMPANN पर जा चुके हैं, वे पुरानी बैंक न चुनें। पीपीओ और खाता नंबर जांचें, फिजिकल व डिजिटल दोनों एक साथ न दें और पोर्टल पर स्वीकृति का स्टेटस जरूर देखें।
वैकल्पिक तरीके और सुरक्षा
कम रोशनी, खराब इंटरनेट या लॉक बायोमेट्रिक से फेस स्कैन फेल हो या स्मार्टफोन न हो, तो बैंक, डाकघर या CSC जाएं। IPPB की घर बैठे डाकिया सेवा भी उपलब्ध है (70 रुपये शुल्क; ईपीएस-95 के लिए निःशुल्क)। कागजी प्रक्रिया भी जारी है। यह व्यवस्था सहमति पर आधारित और सुरक्षित है। केवल आधिकारिक स्टोर से ऐप डाउनलोड करें और आधार या ओटीपी किसी अनजान से साझा न करें।