UP Blackout MockDrill: आज शाम 6 बजे पूरे यूपी में छाएगा अंधेरा...सभी 75 जिलों में ब्लैकआउट मॉकड्रिल, आपातकालीन हालात से निपटने की बड़ी तैयारी
उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों में आज शाम 6 बजे एक राज्यव्यापी ब्लैकआउट मॉक ड्रिल का आयोजन किया जाएगा। नागरिक सुरक्षा और आपातकालीन तैयारियों को परखने के उद्देश्य से यह अभ्यास किया जा रहा है।
- भारत
- 2 min read

उत्तर प्रदेश में युद्ध और किसी भी गंभीर आपातकालीन परिस्थिति से निपटने की तैयारियों को परखने के लिए राज्य सरकार पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। इसी कड़ी में आज शाम 6 बजे प्रदेश के सभी 75 जिलों में नागरिक सुरक्षा विभाग द्वारा एक व्यापक 'एयर रेड ब्लैकआउट' मॉक ड्रिल का आयोजन किया जा रहा है।
लखनऊ पुलिस लाइन में मौजूद रहेंगे सीएम योगी
लखनऊ की रिजर्व पुलिस लाइन में इस मॉक ड्रिल का मुख्य आयोजन होगा। प्रदेश के सीएम योगी स्वयं शाम 6 बजे पुलिस लाइन पहुंचकर इस पूरे अभ्यास का जायजा लेंगे और सुरक्षा एजेंसियों की मुस्तैदी को परखेंगे। इस संयुक्त अभ्यास में पुलिस बल, फायर ब्रिगेड, स्वास्थ्य विभाग और आपदा राहत की टीमें एक साथ मिलकर अपनी कार्यक्षमता का प्रदर्शन करेंगी।
शाम 6 बजे बजेगा सायरन और बंद होगी बिजली
अभ्यास की रूपरेखा के अनुसार, आज शाम ठीक 6 बजे प्रदेश के सभी जिलों में हवाई हमले की चेतावनी देने वाला सायरन करीब दो मिनट तक बजाया जाएगा। सायरन की आवाज गूंजते ही सुरक्षा प्रोटोकॉल के तहत कई इलाकों की बिजली आपूर्ति को अस्थायी रूप से कुछ समय के लिए बंद (ब्लैकआउट) कर दिया जाएगा। यह प्रक्रिया यह जांचने के लिए की जा रही है कि वास्तविक आपातकाल की स्थिति में दुश्मन की नजरों से बचने के लिए कितनी तेजी से ब्लैकआउट लागू किया जा सकता है।
एक लाख सिविल डिफेंस स्वयंसेवकों की अग्निपरीक्षा
इस राज्यव्यापी मॉक ड्रिल में केवल सरकारी विभाग ही नहीं, बल्कि नागरिक सुरक्षा संगठन से जुड़े लगभग एक लाख स्वयंसेवकों की तैयारियों का भी परीक्षण किया जाएगा। यह देखा जाएगा कि आपात स्थिति में ये स्वयंसेवक कितनी तत्परता से आम जनता की मदद और बचाव कार्यों में प्रशासन का हाथ बंटा सकते हैं।
Advertisement
आम जनता से न घबराने की अपील
प्रशासन ने प्रदेशवासियों से स्पष्ट रूप से अपील की है कि इस सायरन और बिजली कटौती को देखकर किसी को भी घबराने या अफवाहों पर ध्यान देने की आवश्यकता नहीं है। यह केवल एक नियमित सुरक्षा अभ्यास है। मॉक ड्रिल सफलतापूर्वक समाप्त होने के बाद 'ऑल क्लियर' सायरन बजाया जाएगा, जिसके तुरंत बाद सभी प्रभावित इलाकों में बिजली आपूर्ति सामान्य कर दी जाएगी।
ये भी पढ़ें - Gujarat: कच्छ में ट्रक से टकराकर दो टुकड़ों में बंटी कार, आर्मी परिवार के 7 लोगों की मौत; PM मोदी ने किया मुआवजे का ऐलान